Monday, 6 August 2018

अक्षरधाम मंदिर : अद्भुत सुन्दरता

     श्री स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर को अनोखा धार्मिक एवं सांस्कृतिक महातीर्थ कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। 

  जी हां, नई दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर धर्म, आध्यात्म, सौन्दर्य शास्त्र, वास्तुकला एवं भारतीय संस्कृति से परिपूर्ण है। लिहाजा इसे सांस्कृतिक महातीर्थ कहना कोई बड़ी बात न होगी। शायद इन प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष विशेषताओं के कारण ही अक्षरधाम को गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकाड्र्स में शामिल किया गया है।

    खास यह कि अक्षरधाम शिल्पकला का सुन्दर एवं अद्भुत आयाम है। अक्षरधाम देश के शीर्ष आराधना स्थलों में से एक है। अक्षरधाम मंदिर की दिव्यता एवं भव्यता देखते ही बनती है। करीब 100 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस दिव्य-भव्य मंदिर परिसर में धर्म एवं संस्कृति के विविध आयाम दिखते हैं। खास यह कि अक्षरधाम मंदिर में प्रवेश के दस द्वार है। यह सभी द्वार दसों दिशाओं के प्रतीक हैं। 

   इस भव्यतम मंदिर का निर्माण ज्योतिर्धर भगवान स्वामिनारायण की स्मृति में कराया गया है। करीब 356 फुट लम्बा, 316 फुट चौड़ा एवं 141 फुट ऊंचा यह धार्मिक स्थल देश दुनिया का आकर्षण है। विशेषज्ञों की मानें तो अक्षरधाम मंदिर 10000 वर्ष प्राचीन भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। यह संस्कृति का अत्यंत विस्मयकारी, सुन्दर एवं बुद्धिमता पूर्ण प्रस्तुत करता है। यूं कहें कि अक्षरधाम मंदिर भारत की प्राचीन कला, संस्कृति एवं शिल्पकला को सुन्दर एवं आध्यात्मिक तौर तरीके से प्रस्तुत करता है।

     खास यह कि यहां नियमित शांति प्रार्थनाएं होती हैं। शांति प्रार्थना में देश की 151 पवित्र नदियों, झीलों एवं जलाशयों का जल उपयोग में लाया जाता है। अक्षरधाम मंदिर परिसर में भारतीय रीति रिवाज, संस्कृति, आध्यात्मिकता के माध्यम से जीवन दर्शन को रेखांकित किया जाता है। फिल्मों के जरिये भारत की शानदार विरासत का सफर भी अवलोकित होता है।
   इसमें ऋषियों-मुनियों, वैज्ञानिकों की खोज, अविष्कार आदि इत्यादि बहुत कुछ है। जीवन चक्र एक संगीतमय फव्वारा है। यह एक दर्शनीय संगीतमय फव्वारा है। इसमें भारतीय दर्शन के अनुरूप जन्म, जीवन काल, मृत्यु चक्र का उल्लेख किया जाता है। इसे सर्किल ऑफ लाइफ भी कहा जाता है।
   खास यह कि 11000 कारीगरों एवं हजारों कारसेवकों की सहायता से पांच वर्ष की अवधि में यह दिव्य-भव्य मंदिर तैयार हो सका। विशेषज्ञों की मानें तो अक्षरधाम मंदिर की संरचना एवं डिजाइन ऐसी है कि मंदिर का जीवन 1000 साल तक रह सकता है। अक्षरधाम मंदिर में हिन्दुओं के सभी देवगण सहित दिव्य अवतारों की 200 से अधिक मूर्तियां विद्यमान हैं। मंदिर में 234 नक्काशीदार स्तम्भ, 9 अलंकृत गुम्बद, गजेन्द्र पीठ एवं देश के दिव्य महापुरुषों की 20000 से अधिक प्रतिमायें प्रतिष्ठापित हैं। 

   खास यह कि अक्षरधाम मंदिर नारायण सरोवर से घिरा है। यह सरोवर एक झील की तरह है। इस झील में देश की 151 पवित्र नदियों, झीलों एवं जलाशयों का जल है। झील के निकट 108 गोमुख बने हैं। यह गोमुख 108 देवी देवताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। राजस्थान के लाल बलुआ पत्थरों से संरचित करीब 3000 फुट लम्बा परिक्रमा क्षेत्र है। यह परिक्रमा क्षेत्र मंदिर के चारों ओर एक सुन्दर माला की भांति दिखता है। मंदिर की परिक्रमा करते समय 108 गोमुख से प्रवाहित जलधारा सुखद एहसास कराती है। 
 
   अक्षरधाम मंदिर में विशेषताओं एवं आकर्षण की एक लम्बी श्रंखला है। अक्षरधाम मंदिर में यज्ञपुरुष कुण्ड है। यह दुनिया के सबसे बड़ा यज्ञ कुण्ड माना जाता है। इसमें 108 छोटे-छोटे तीर्थ हैं। मुख्य अर्थात केन्द्रीय गुम्बद के नीचे 11 फुट ऊंची स्वामी नारायण की भव्य-दिव्य प्रतिमा है। इसके चारों ओर हिन्दू गुरुओं की प्रतिमायें स्थापित हैं। यह प्रतिमायें पंच धातुओं से निर्मित हैं। लक्ष्मी नारायण, शिव पार्वती, राधा कृष्ण, सीता राम सहित अन्य देवी देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। 
  परिसर में एक विशाल थियेटर भी है। थियेटर में नीलकण्ठ के माध्यम से स्वामी नारायण के जीवन को रेखांकित करने वाली घटनाओं को प्रदर्शित किया जाता है। अक्षरधाम मंदिर रात में अति सुन्दर प्रतीत होता है। लाइटिंग सिस्टम से रात होते ही अक्षरधाम मंदिर जगमगा उठता है। खास तौर से अकल्पनीय दृश्य अवलोकित होता है। यह एक अद्भुत नजारा होता है।
   लोटस गार्डेन : लोटस गार्डेन अक्षरधाम मंदिर के मुख्य आकर्षण में है। कमल के आकार प्रकार का यह बगीचा एक खास आध्यात्मिकता का आभास कराता है। यह एक जल उद्यान है। इस उद्यान में शेक्सपीयर, मार्टिन लूथर, स्वामी विवेकानन्द एवं स्वामी नारायण व्यक्तित्व एवं कृतित्व को रेखांकित किया गया है।
   सांस्कृतिक विहार : सांस्कृतिक विहार मुख्यत: नौकायन का आनन्द देने वाला क्षेत्र है। पर्यटक या श्रद्धालु यहां नौकायन कर प्राचीन भारत का दिग्दर्शन कर सकते हैं। खास तौर से भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता का विहंगमता संग अवलोकन होता है।
    अक्षरधाम मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट इन्दिरा गांधी इण्टरनेशनल एयरपोर्ट नई दिल्ली है। निकटतम रेलवे स्टेशन नई दिल्ली है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी अक्षरधाम मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
28.612673,77.277262

Sunday, 22 July 2018

वैष्णों देवी मंदिर : शक्ति स्थल

   जम्मू-कश्मीर स्थित वैष्णों देवी मंदिर को शक्ति स्थल कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। हिन्दुओं की अगाध आस्था का यह केन्द्र जम्मू-कश्मीर के त्रिकुट पर्वत शिखर पर विद्यमान है।

    समुद्र तल से करीब 1700 मीटर ऊंचाई पर स्थित वैष्णों देवी मंदिर देश के शीर्ष देव स्थलों में से एक है। वस्तुत: वैष्णों देवी का यह मंदिर एक गुफा है। करीब 30 मीटर लम्बी एवं 1.50 मीटर ऊंचाई वाली यह गुफा ही देवी स्थान है।
  कहावत है कि माता वैष्णों देवी ने इस गुफा में प्रवास किया था। मंदिर की इस दिव्य-भव्य गुफा में वैष्णों देवी के तीन पिण्ड स्थापित हैं। इन पिण्डियों के दर्शन-पूजन एवं अर्चन होते हैं। 

    शक्ति को समर्पित अगाध आस्था का यह केन्द्र माता रानी वैष्णवी देवी के रूप में जाना-पहचाना जाता है। लाखों दर्शनार्थी देवी के दर्शन के लिए आते हैं। 
   मान्यता है कि पहाड़ों वाली माता रानी भक्तों की मनोकामनाओं का पूरा करती हैं। मान्यता है कि भक्त की रक्षा के लिए भैंरोनाथ का वध किया था। प्राचीन मान्यता है कि ब्रााह्मण श्रीधर ने माता रानी का भण्डारा रखा था। इस भण्डारा में भैंरोनाथ को शिष्यों सहित आमंत्रित किया गया था।

    भण्डारा में भैंरोनाथ ने मांस मदिरा का सेवन करने की इच्छा व्यक्त की। जिस पर ब्रााह्मण ने असहमति व्यक्त की। भण्डारा में मांस मदिरा सेवन पर भैंरोनाथ अड़ गये।
    जिस पर माता रानी ने बालिका के रूप में भैंरोनाथ को समझाने की कोशिश की लेकिन भैंरोनाथ उलझ गया। भैंरोनाथ ने बालिका को पकड़ना चाहा लेकिन वह त्रिकूट पर्वत की ओर भागीं। इस अवधि में माता रानी ने अर्धक्वांरी में नौ माह तक विश्राम किया। माता रानी ने यहां मुड़कर देखा तो भैंरोनाथ दौड़ता इसी ओर आ रहा था। 

    माता रानी की रक्षा के लिए भक्त हनुमान साथ थे। हनुमान जी ने माता रानी से पानी पीने की इच्छा व्यक्त की। जिस पर माता रानी ने बाण से पहाड़ पर जलधारा निकाल दी। इस स्थान को बाणगंगा कहा जाता है। 
     कहावत है कि बाणगंगा के जल का सेवन करने एवं स्नान करने से भक्तों की सभी व्याधियां दूर होती हैं। अनन्य प्रसंगों के बाद माता रानी वैष्णों देवी ने भैंरोनाथ का संहार किया था। 

    माता रानी वैष्णों देवी की इस गुफा में पिण्डी के रूप में मां काली (दायें), मां सरस्वती (बायें) एवं मां लक्ष्मी (मध्य) में विद्यमान हैं। संहार में भैंरोनाथ का शीश करीब तीन किलोमीटर दूर जा कर गिरा था। 
    इस स्थान को भैंरोनाथ मंदिर कहा जाता है। मान्यता है कि माता वैष्णों देवी के दर्शन के बाद भैंरोनाथ के दर्शन आवश्यक है। कारण भैंरोनाथ के दर्शन के बिना माता रानी के दर्शन अपूर्ण माने जाते हैं।
    बताते हैं कि मृत्यु पूर्व भैंरोेनाथ को अपने कृत्य का पश्चाताप हुआ था। जिस पर भैंरोनाथ ने देवी से क्षमा याचना की थी। जिस पर माता वैष्णों देवी ने वरदान दिया था कि मेरे दर्शन तभी पूर्ण माने जायेंगे, जब भक्त भैंरोनाथ के भी दर्शन करेंगे।

     खास यह कि कटरा से भवन अर्थात माता रानी की गुफा तक त्रिकुट पर्वत की करीब 14 किलोमीटर ऊंची खड़ी चढ़ाई करनी होती है। यात्रा प्रारम्भ करने से पहले कटरा में दर्शन पर्ची (टोकन) लेना होता है।   
    वैष्णों देवी मंदिर की व्यवस्थायें मां वैष्णों देवी श्राइन बोर्ड के अधीन हैं। कटरा एवं दर्शन स्थल पर श्राइन बोर्ड की कई धर्मशालायें एवं होटल भी हैं।
    वैष्णों देवी मंदिर की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जम्मू है। हालांकि जम्मू एयरपोर्ट को सतवारी एयरपोर्ट के नाम से जाना-पहचाना जाता है। जम्मू से कटरा की दूरी करीब 50 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन जम्मू तवी है। जम्मू तवी से पर्यटक बस या टैक्सी से भी कटरा पहंुच सकते हैं। पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
33.030830,74.949042

Tuesday, 10 July 2018

लक्ष्मी नारायण मंदिर: विलक्षण सुन्दरता

     लक्ष्मी नारायण मंदिर की सुन्दरता का कोई जोड़ नहीं। जी हां, नई दिल्ली स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर का वास्तु शास्त्र एवं शिल्प शास्त्र निश्चित तौर पर विलक्षण है।

   उड़ियन एवं मुगल शैली की मिश्रित यह संरचना निश्चय ही अति लुभावनी है। इसके निर्माण में नागारा शैली का भी उपयोग किया गया है। आचार्य विश्वनाथ शास्त्री की अध्यक्षता में काशी के सौ से अधिक शिल्पियों ने मंदिर एवं मूर्तियों को सुन्दर ढ़ंग से गढ़ा था।
    लक्ष्मी नारायण के इस मंदिर को बिड़ला मंदिर भी कहा जाता है। खास तो यह है कि लक्ष्मी नारायण के इस मंदिर को बिड़ला मंदिर के नाम से ही जाना पहचाना जाता है। मंदिर मुख्यत: देवी लक्ष्मी एवं भगवान विष्णु को समर्पित है। 

    बिड़ला मंदिर की जन्माष्टमी खास तौर से देश दुनिया में प्रसिद्ध है। इस भव्य दिव्य मंदिर का निर्माण 1939 में किया गया था। इस मंदिर का विधिवत उद्घाटन महात्मा गांधी ने किया था। 
    उद्घाटन भी सशर्त था कि मंदिर में सभी जातियों को प्रवेश दिया जायेगा। प्रवेश में जातिगत आधार पर कोई रोक नहीं होगी। मूलत: इस मंदिर का निर्माण 1622 में वीर सिंह देव ने कराया था। इसके बाद पृथ्वी सिंह ने 1793 में जीर्णोद्धार कराया था। वर्ष 1939 में देश के बड़े आैद्योगिक परिवार बिड़ला समूह ने विस्तार एवं पुर्नरुद्धार कराया था। 

   देश दुनिया में ख्याति रखने वाले इस भव्य दिव्य मंदिर का निर्माण खास तौर से संगमरमर एवं लाल बलुआ पत्थरों से किया गया। मंदिर का विहंगम दृश्य श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। 
     इस मंदिर में दो मंजिला एवं तीन मंजिला बरामदे हैं। बाग बगीचा एवं फव्वारा श्रंखला से सुसज्जित यह स्थान धर्म-आध्यात्म के साथ ही शीतलता एवं शांति प्रदान करता है। मंदिर में मुख्य देव दर्शन भगवान विष्णु, देवी लक्ष्मी, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, देवी दुर्गा जी, हनुमान जी व अन्य देवी देवताओं की प्रतिमायें हैं। 

    नई दिल्ली के कनॉट प्लेस के निकट स्थित यह मंदिर देश भर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। मंदिर एक प्रमुख पर्यटन स्थल भी है। मंदिर का भाव यह है कि सरंक्षण एवं समृद्धि हो। देवी लक्ष्मी का स्थान समृद्धि की देवी के तौर पर है। भगवान विष्णु जी का स्थान सरंक्षक के रूप में है।
    विशेषज्ञों की मानें तो बिड़ला मंदिर का निर्माण उद्योगपति बलदेव दास बिड़ला ने कराया था। वर्ष 1933 में निर्माण प्रारम्भ होकर 1939 में पूर्ण हो सका था। करीब 7.50 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस मंदिर परिसर में कई अन्य मंदिरों के साथ ही गीता भवन भी है। मंदिर के निर्माण में मकराना, आगरा, कोटा, जैसलमेर आदि का पत्थर इस्तेमाल किया गया।
    खास यह है कि लक्ष्मी नारायण के इस मंदिर में हिन्दू धर्म की सभी शाखाओं के दर्शन किये जा सकते है। इस परिसर में भगवान गौतम बुद्ध भी प्रतिष्ठापित हैं। भगवान गौतम बुद्ध के जीवन दर्शन की यात्रा भी दर्शनीय है। मंदिर के पिछले भाग में वृहद यज्ञशाला भी विद्यमान है। परिसर में कृतिम पर्वत श्रंखला, गुफायें एवं झरना आदि हैं। दीवारों में महाभारत का सचित्र उल्लेख किया गया है। खास यह कि लक्ष्मी नारायण का यह मंदिर देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक है।
       लक्ष्मी नारायण मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट नई दिल्ली है। निकटतम रेलवे स्टेशन नई दिल्ली एवं दिल्ली है। सड़क मार्ग से भी यात्रा की जा सकती है।
28.632667,77.198996

Thursday, 5 July 2018

पद्मनाभ स्वामी मंदिर : अतुलनीय श्रद्धा

    पद्मनाभ स्वामी मंदिर के वास्तुशिल्प का कहीं कोई जोड़ नहीं। भगवान विष्णु के इस मंदिर को श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का केन्द्र माना जाता है। द्रविड़ शैली पर अाधारित इस मंदिर में अपार सम्पदा नीहित है। 

   केरल के तिरुवअनन्तपुरम स्थित इस भव्य-दिव्य मंदिर में मुख्य आसन भगवान विष्णु जी का है। भगवान विष्णु शेषनाग पर शयन मुद्रा में विराजमान हैं।
      मान्यता है कि शहर का तिरुवनंतपुरम नाम भगवान के अनंत नाम के नाग पर रखा गया है। भगवान विष्णु की विश्राम अवस्था को पद्मनाभ कहा गया है। इस स्वरूप में विराजित विष्णु जी यहां पद्मनाभ स्वामी के नाम से प्रसिद्ध हैं।

   पद्मनाभ स्वामी का यह मंदिर दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है। मंदिर केरल की संस्कृति एवं साहित्य का अनूठा संगम है। मंदिर की एक ओर खूबसूरत समुद्र तट है तो वहीं पश्चिम दिशा में पहाड़ियों का अद्भुत सौन्दर्य विद्यमान है।
     खास यह कि प्रकृति की अमूल्य निधियों के मध्य यह भव्य-दिव्य मंदिर विद्यमान है। कालांतर में निर्मित इस मंदिर का पुर्ननिर्माण 1733 में त्रावणकोर के महाराजा मार्तंड वर्मा ने कराया था। त्रावणकोर के शाही परिवार के हाथों में अभी भी मंदिर का रखरखाव नीहित है। 

   मंदिर की स्थापत्य कला देखते ही बनती है। मंदिर के दर-ओ-दीवार से लेकर शिखर तक सुन्दर नक्काशी मुग्ध कर देती है। वैष्णव मंदिर श्रंखला का यह मंदिर श्रद्धा एवं आस्था के साथ ही पर्यटन स्थल भी है।
     विशेषज्ञों की मानें तो इस स्थान पर भगवान विष्णु जी की प्रतिमा प्राप्त हुयी थी, इसके बाद इसी स्थान पर मंदिर का निर्माण कराया गया था। खास यह है कि इस भव्य-दिव्य मंदिर के निर्माण में द्रविड़ एवं केरल शैली का मिश्रित स्वरूप विद्यमान है।
     मंदिर का गोपुरम द्रविड़ शैली में निर्मित है। यंू कहेें कि पद्मनाभ स्वामी मंदिर दक्षिण भारतीय वास्तुकला एवं स्थापत्यकला का अद्भुत उदाहरण है तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। भव्यता पूर्ण मंदिर परिसर में कलाकृतियों का आकर्षण परिवेश को आैर भी अधिक सुन्दर बना देता है। 

    खास तौर से गोपुरम को सुन्दरतम कलाकृतियों से सुसज्जित किया गया है। शिल्प सौन्दर्य का यह निराला आयाम है। मंदिर के पास ही सुन्दर सरोवर भी है। इस सरोवर को पद्मतीर्थ कुलम के नाम से जाना जाता है।
    इस सरोवर में श्रद्धालु स्नान करते हैं। इस मंदिर को देश का सबसे धनाढ़्य मंदिर भी कहा जाता है। इस मंदिर को विष्णु भगवान के भक्तों की आराधना स्थली भी कहा जाता है। श्रद्धालु प्रभु से सुख समृद्धि की कामना करते हैं।
     पद्मनाभ स्वामी मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट तिरुवनंतपुरम में है। निकटतम रेलवे स्टेशन भी तिरुवनंतपुरम में ही है। इसके अलावा पर्यटक या श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
8.482778,76.943591

Friday, 29 June 2018

जगन्नाथ मंदिर : आस्था का केन्द्र

     हिन्दुओं की आस्था, विश्वास एवं श्रद्धा का केन्द्र जगन्नाथ मंदिर भगवान श्री कृष्ण को समर्पित है। ओडिशा के पुरी में स्थित जगन्नाथ मंदिर की ख्याति विश्व में है।

    वैष्णव सम्प्रदाय का यह मंदिर भगवान विष्णु के अवतार श्री कृष्ण का स्थान माना जाता है। इस मंदिर की रथयात्रा विश्व प्रसिद्ध है। मंदिर में मुख्यत: भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं भगिनी सुभद्रा की सुन्दर प्रतिमायें हैं। रथयात्रा में देव त्रय भव्य दिव्य रथ में निकलते हैं। मध्य काल से ही यह उत्सव भव्यता के साथ मनाया जाता है। 

    वैष्णव पंथ के संस्थापक चैतन्य प्रभु कई वर्षों तक पुरी में रहे। यह भव्य दिव्य मंदिर वैष्णव सम्प्रदाय एवं संत रामानन्द से ताल्लुक रखता है। मंदिर के शिखर पर चक्र एवं ध्वज विद्यमान है। चक्र सुदर्शन चक्र का प्रतीक है जबकि ध्वज जगन्नाथ जी का प्रतीक है।
    विशेषज्ञों की मानें तो कलिंग राजा अनन्त वर्मन चोडगंग देव ने मंदिर का निर्माण प्रारम्भ कराया था। ओडिशा के शासक अनंग भीम देव ने इस मंदिर को 1197 में अंतिम रूप दिया।

   किवदंती है कि भगवान जगन्नाथ की इन्द्रनील या नीलमणि निर्मित मूल मूर्ति एक वृक्ष के नीचे मिली थी। मालवा नरेश इन्द्रद्युम्न को स्वप्न में यह मूर्ति दिखायी दी थी। नरेश के घोर तपस्या के उपरांत यह हासिल हो सकी।
     भगवान विष्णु की इच्छानुसार मूर्ति को लकड़ी से गढ़ा गया। राजा को विष्णु एवं विश्वकर्मा बढ़ई एवं मूर्तिकार के रूप में मिले। मूर्तिकार के रूप में भगवान विष्णु ने राजा को बताया कि एक माह की अवधि में मूर्ति तैयार होंगी लेकिन शर्त यह कि बंद कमरे में मूर्ति तैयार करने का कार्य होगा। इस अवधि में कोई भी कक्ष में नहीं आयेगा। अन्यथा कार्य अपूर्ण ही रह जायेगा।

     एक माह की अवधि होने पर राजा ने उत्सुकतावश कक्ष में प्रवेश किया तो वृद्ध कारीगर द्वार खोल कर बाहर आ गया। मूर्तियां उस समय अपूर्ण थीं। यह सब दैववश हुआ। लिहाजा मूर्तियां यथावत स्थापित होकर पूजित हैं। यह मूर्तियां भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की हैं। 
     इतिहासकारों का मत है कि इस स्थान पर बौद्ध स्तूप था। इस स्तूप पर गौतम बुद्ध का एक दांत था। इसे बाद में कैंडी लंका पहंुचा दिया गया था। इस काल में बौद्ध धर्म को वैष्णव सम्प्रदाय ने आत्मसात कर लिया था। इसके बाद से ही जगन्नाथ जी की पूजा अर्चना लोकप्रिय हो गयी। यह काल 10 वीं शताब्दी का था।
      ओडिशा में उस समय सोमवंशी राज चल रहा था। महाराजा रणजीत सिंह ने इस मंदिर को भारी तादाद में स्वर्ण दान किया था। करीब 400000 वर्ग फुट में फैला जगन्नाथ मंदिर परिसर सुन्दरता एवं वास्तुशिल्प का विलक्षण आयाम है। कलिंग शैली के मंदिर स्थापत्यकला एवं वास्तुशिल्प का सुन्दरतम आयाम है। इस मंदिर को देश के भव्य दिव्य स्मारकों में गिना जाता है। 
    खास यह है कि भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की मूर्तियां रत्न जड़ित हैं। विशेषज्ञों की मानें तो जगन्नाथ मंदिर की रसोई भारत की सबसे बड़ी रसोई है। प्रभु का प्रसाद बनाने में 500 रसोइये एवं 300 सहयोगियों की सहायता ली जाती है।
        श्री जगन्नाथ मंदिर पुरी की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट भुवनेश्वर है। भुवनेश्वर एयरपोर्ट से पुरी की दूरी करीब 55 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन पुरी है। यह रेल मार्ग कोलकाता, नई दिल्ली, गुवाहाटी आदि सभी बड़े शहरों से जुड़ा है। श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी पुरी की यात्रा कर सकते हैं।
19.804814,85.817650

Monday, 18 June 2018

सिद्धिविनायक : कल्याणकारी दर्शन

     आराध्य सिद्धिविनायक श्री गणेश जी का भव्य-दिव्य मंदिर महाराष्ट्र के मुम्बई में स्थित है। श्री गणेश जी के इस स्थान की मान्यता सिद्धपीठ की है।

   विशेषज्ञों की मानें तो दार्इं ओर मुड़ी सूंड वाली प्रतिमा होने से स्थान को सिद्धपीठ की मान्यता है। लिहाजा मुम्बई के सिद्धिविनायक को सिद्धपीठ का दर्जा हासिल है।
    मुम्बई के प्रभादेवी इलाके में स्थित सिद्धिविनायक का यह स्थान देश-दुनिया में खास तौर से प्रसिद्ध है। सिद्धिविनायक की विशेषता यह है कि यह विग्रह चतुर्भुजी है। उपरी दायें हाथ में कमल, उपरी बायें हाथ में अंकुश है। नीचे दाहिने हाथ में मोतियों की माला है तो बायें हाथ में मोदक भरा कटोरा है। 
   गणपति के दोनों पत्नियां रिद्धि एवं सिद्धि भी विराजमान हैं। गणेश जी का यह स्वरुप दर्शनार्थियों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करने वाला है। सिद्धिविनायक का यह विग्रह काले शिलाखण्ड पर विद्यमान है।
     महाराष्ट्र में इस मंदिर की गणना अष्टविनायकों में होती है। विशेषज्ञों की मानें तो सिद्धिविनायक के इस मंदिर का निर्माण 1801 में हुआ था। वर्तमान में यह मंदिर 20000 वर्ग फुट में है। मंदिर की पांच मंजिला इमारत में प्रवचन सभाकक्ष, गणेश संग्रहालय, गणेश विद्यापीठ एवं अस्पताल है। इस अस्पताल में चिकित्सा निशुल्क होती है। उपर रसोई है। भोग के लिए प्रसाद इसी रसोई से आता है। 
   अष्टभुजी गर्भगृह करीब 10 फुट चौड़ा एवं 13 ऊंचा है। गर्भगृह के चबूतरा पर स्वर्ण शिखर वाला चांदी का सुन्दर मण्डप है। यहां अष्टविनायक, अष्टलक्ष्मी एवं दशावतार की आकृतियां अंकित हैं। मंदिर की वास्तुकला एवं सुन्दरता विशिष्टता को दर्शाती हैै। मंदिर का माहौल अनन्त शांति एवं विश्वास का अनुभव प्रदान करता है। 
   खास यह है कि नवनिर्मित मंदिर का गर्भगृह इस प्रकार बनाया गया है कि जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु सभामण्डपम से सीधे गणपति के दर्शन कर सकें। इमारत के प्रथम खण्ड में गैलरियों का निर्माण इस प्रकार है कि श्रद्धालु सीधे गणपति के दर्शन कर सकते हैं। 
   विशेषज्ञों की मानें तो नित्य हजारों श्रद्धालु गणपति के दर्शन कर पुण्य के भागीदार बनते हैं। यहां की खास फूल वाली गली है। इस फूल वाली गली में पूजा की थाली एवं पूजा का प्रसाद मिलता है।
     बुधवार को खास तौर से सिद्धिविनायक मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है। कारण बुधवार का दिन सिद्धिविनायक को समर्पित है। विशेष रूप से गणपति आरती एवं प्रार्थनाओं का आयोजन होता है।   
    गणपति विग्रह को ढ़कने के लिए अष्टकोणीय आश्रय बनाया गया। यह आश्रय अति सुन्दर है। खूबसूरत डिजाइन वाला यह आश्रय स्वर्ण आवरण से आच्छादित है। मंदिर के अंदर का भाग अर्थात मण्डप भव्य-दिव्य है। लकड़ी के प्रवेश द्वार अति सुन्दर नक्काशी वाले है। ऐसी मान्यता है कि श्रद्धा एवं आस्था पूर्वक कोई भी याचना यहां अवश्य पूर्ण होती है। श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का यह केन्द्र देश भर में खास ख्याति रखता है। देश की ख्याति प्राप्त हस्तियां गणपति के दर्शन के लिए निरन्तर आती रहती हैं।
    सिद्धिविनायक गणपति के दर्शन यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट मुम्बई है। निकटतम रेलवे स्टेशन छत्रपति शिवाजी टर्मिनल है। इसके अलावा श्रद्धालु या पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
19.016705,72.830183

Wednesday, 6 June 2018

रणकपुर : मंदिरों एवं पर्वत श्रंखला का सौन्दर्य

     अरावली पर्वत की शिखर श्रंखला पर स्थित रणकपुर का सौन्दर्य भी लाजवाब है। रणकपुर श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास के स्थल के साथ ही देश का एक सुन्दर हिल स्टेशन भी है।

    राजस्थान का रणकपुर वस्तुत: जैन मंदिर के लिए खास तौर से जाना पहचाना जाता है लेकिन यहां की रमणीयता का कहीं कोई जोड़ नहीं। 
   समुद्र तल से करीब 1100 मीटर ऊंचाई पर स्थित रणकपुर की सुन्दरता देखते ही बनती है। पर्वत श्रंखलाओं के आच्छादन के बीच रणकपुर जैन मंदिर स्थित है। पर्वत श्रंखलाओं के शिखर एवं वादियों-घाटियों में घना सुन्दर वन क्षेत्र पर्यावरण की सुन्दरता का बखान खुद-ब-खुद करता है। प्राकृतिक परिवेश की सुन्दरता मानों पर्यटकों के ह्मदय में जीवंतता के पंख लगा देती हो।
    राजस्थान वैसे तो मंदिरों एवं स्मारकों के लिए खास तौर से जाना ही जाता है लेकिन रणकपुर की सुन्दरता की बात ही निराली है। देश के शीर्ष जैन मंदिरों की दिव्यता-भव्यता को देखें तो रणकपुर जैन मंदिर की दिव्यता-भव्यता विशाल है। रणकपुर जैन मंदिर करीब 40000 वर्ग फुट में फैला है। करीब 600 वर्ष प्राचीन इस मंदिर के निर्माण में 50 वर्ष से भी अधिक का समय लगा। 
     अरावली हिल स्टेशन के मध्य में स्थित रणकपुर जैन मंदिर में चार कलात्मक प्रवेश द्वार हैं। मंदिर के मुख्य गर्भ गृह में तीर्थंकर आदिनाथ की संगमरमर की चार विशाल प्रतिमायें स्थापित हैं। लिहाजा इसे चौमुख मंदिर के तौर पर भी जाना जाता है। इसके अलावा मंदिर क्षेत्र में 76 छोटे-छोटे गुम्बदनुमा पवित्र स्थान हैं। 
    मान्यता है कि यह स्थान मनुष्य को जीवन मृत्यु की 84 योनियों से मुक्ति प्राप्त करने एवं मोक्ष प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। रणकपुर जैन मंदिर की विशेषता खम्भों की श्रंखला है। मंदिर में करीब 1444 खम्भों की लम्बी श्रंखला है।
   खास यह है कि छोटे-बड़े खम्भों की यह श्रंखला इस प्रकार है कि कहीं से भी देखने पर मुख्य पवित्र स्थल के दर्शन में कहीं कोई बाधा नहीं होती। इन खम्भों पर सुन्दर नक्काशी अंकित है। भगवान ऋषभदेव के पदचिह्न भी यहां अंकित हैं। मंदिर के मुख्य गलियारा में सभी जैन तीर्थंकरों की तस्वीरें अति सुन्दरता से अंकित है। 
    रणकपुर जैन मंदिर परिसर में नेमीनाथ एवं पारसनाथ को समर्पित दो अन्य मंदिर हैं। इन मंदिरों की नक्काशी खजुराहों को याद कराती है। रणकपुर जैन मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर अम्बा माता का मंदिर है। खास यह कि मंदिरों के शिखर पर घंटियां बंधी हैं।हवा के झोंकों से घंटियां बजती रहती हैं। लिहाजा इलाका घंटियों की टंकार से रणकपुर अनवरत अनुगूंजित होता रहता है।
     अरावली हिल स्टेशन के शिखर से रेगिस्तानी इलाका दिखता है। यह सुन्दर दृश्य अति मोहक होता है। खास यह है कि रणकपुर एरिया में बारिश कम होने के बावजूद तापमान कम ही रहता है। जिससे मौसम बेहद खुशनुमा महसूस किया जाता है।
     रणकपुर हिल स्टेशन एरिया एवं उसके आसपास अन्य रमणीक एवं दर्शनीय स्थलों की एक लम्बी श्रंखला है। सूर्य मंदिर, देसुरी, मुच्छल महावीर आदि स्थान हैं।
      रणकपुर सूर्य मंदिर: रणकपुर सूर्य मंदिर करीब 8 किलोमीटर दूर है। इलाके का यह एक अति खूबसूरत मंदिर माना जाता है। यह स्थान खुदाबक्स बाबा की पुरानी दरगाह के लिए जाना जाता है। यहां बाराहअवतार मंदिर भी है।
    देसुरी: देसुरी रणकपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर है। यह स्थान तीन मंदिरों की श्रंखला को समर्पित है। यहां भगवान शिव, हनुमान जी एवं नवी माता का मंदिर है। निकट ही परसुराम महादेव का मंदिर है।
     मुच्छल महावीर: मुच्छल महावीर मंदिर मुख्य तौर से कुंभलगढ़ अभ्यारण में स्थित है। इस मंदिर की विशेषता है कि भगवान महावीर की प्रतिमा मूंछों वाली है। यह स्थान वास्तुशिल्प का शानदार उदाहरण है। यह क्षेत्र गरासिया जनजाति का है। जनजाति की परिधान शैली बेहद आकर्षक है। यह परिधान शैली पर्यटकों को बेहद आकर्षित करती है।
      रणकपुर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। रणकपुर का निकटतम एयरपोर्ट महाराणा प्रताप एयरपोर्ट उदयपुर है। उदयपुर से रणकपुर की दूरी करीब 98 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन फालना है। फालना से रणकपुर की दूरी करीब 35 किलोमीटर है। इसके अलावा पर्यटक सड़क मार्ग से भी रणकपुर की यात्रा कर सकते हैं।
25.115658,73.472873

तारापीठ मंदिर: धार्मिक पर्यटन    शक्ति उपासना स्थल तारापीठ को अद्भुत एवं विलक्षण धार्मिक स्थल कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। ज...