Wednesday, 10 October 2018

ऋषिकेश : धर्म एवं योग की वैश्विक राजधानी

   ऋषिकेश को हिमालय का प्रवेश द्वार कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। उत्तराखण्ड का शहर ऋषिकेश विलक्षण एवं अद्भुत है। यूं कहें कि ऋषिकेश धर्म, आध्यात्म, संस्कृति एवं योग की राजधानी है तो भी कुछ गलत न होगा।

  ऋषिकेश को योग की वैश्विक राजधानी भी कहा जाता है। वस्तुत: ऋषिकेश हिन्दुओं का सर्वमान्य तीर्थ स्थल है। ऋषिकेश से हिमालय की पर्वत मालाओं की श्रंखला प्रारम्भ हो जाती है। शायद इसीलिए ऋषिकेश को हिमालय का प्रवेश द्वार कहा जाता है।

  समुद्र तल से करीब 1360 फुट ऊंचाई पर स्थित ऋषिकेश सुरम्य एवं शांत वातावरण के लिए खास प्रसिद्ध है। खास यह कि हिन्दुओं के चार धाम की यात्रा का भी प्रवेश द्वार ऋषिकेश है।
  गोमुख से प्रवाहित गंगा भी ऋषिकेश को अतुल्य बना देती हैं। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री के दर्शन का भी मार्ग ऋषिकेश ही प्रशस्त करता है। 

   मान्यता है कि यहां ध्यान लगाने से साधक को मोक्ष की प्राप्ति होती है। मंदिर एवं आश्रम की यहां एक लम्बी श्रंखला है। योग एवं ध्यान साधना से मन को अतुल्य शांति मिलती है।
   विदेशी पर्यटक ऋषिकेश आध्यात्मिक शांति की तलाश में आते हैं। इस प्रकार देखें तो ऋषिकेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन क्षेत्र का दर्जा हासिल है। 

   विशेषज्ञों की मानें तो ऋषिकेश हिमालय की तलहटी का सबसे सुन्दर एवं सुरम्य क्षेत्र है। लिहाजा देश-विदेश के पर्यटकों का सबसे पसंदीदा इलाका है। ऋषिकेश में निचली पहाडियों की सुन्दरता बेहद दर्शनीय है।
   शिवालिक पर्वत श्रंखला का यह क्षेत्र बौद्धिक संवर्धन के लिए भी विशेष है। मान्यता है कि ऋषिकेश में भगवान शिव की विशेष कृपा है।

    विशेषज्ञों की मानें तो समुद्र मंथन से निकले विष को शिव ने इसी स्थान पर धारण किया था। विष धारण करने के कारण ही शिव को नीलकण्ठ कहा जाता है। अनुश्रुति यह भी है कि भगवान श्री राम ने वनवास अवधि में ऋषिकेश में भी प्रवास किया था। ऋषिकेश का लक्ष्मण झूला इसका साक्षात प्रमाण है। 
   कहावत यह भी है कि ऋषि रैभ्य ने ईश्वर दर्शन के लिए भगवान की आराधना एवं कठोर तप यहां किया था। प्रसन्न होकर प्रभु ने ऋषिकेश के रूप में ऋषि रैभ्य को दर्शन दिये थे। लिहाजा इस स्थान का नाम ऋषिकेश हो गया।
   ऋषिकेश में सुन्दर, रमणीक, धार्मिक स्थान एवं दर्शनीय स्थलों की एक लम्बी श्रंखला है। इनमें खास तौर से लक्ष्मण झूला, त्रिवेणी घाट, स्वर्ग आश्रम, नीलकण्ठ महादेव मंदिर, भरत मंदिर, कैलाश निकेतन मंदिर, वशिष्ठ गुफा एवं गीता भवन सहित बहुत कुछ दर्शनीय है।

   लक्ष्मण झूला: लक्ष्मण झूला वस्तुत गंगा के एक किनारा को दूसरे किनारा से जोड़ता है। इस झूला का निर्माण वर्ष 1939 में किया गया था। हालांकि इस स्थान पर पूर्व में जूट के रस्सा का पुल बना था। करीब 450 फुट लम्बे इस झूला के निकट ही लक्ष्मण एवं रघुनाथ जी का मंदिर है।
    लक्ष्मण झूला से गंगा एवं आसपास का सुन्दर एवं विहंगम दृश्य देखा जा सकता है। निकट ही रामझूला भी है। यह झूला शिवानन्द आश्रम एवं स्वर्ग आश्रम के मध्य है।

    त्रिवेणी घाट: त्रिवेणी घाट गंगा स्नान का मुख्य घाट है। श्रद्धालु या पर्यटक त्रिवेणी घाट पर श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास के साथ डुबकी लगाते हैं। मान्यता है कि त्रिवेणी घाट गंगा, यमुना एवं सरस्वती का संगम स्थल है। त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती का अद्भुत दर्शन होता है।
   स्वर्ग आश्रम: स्वर्ग आश्रम ऋषिकेश का सर्ब प्राचीन आश्रम है। इस आश्रम की स्थापना स्वामी विशुद्धानन्द जी ने की थी। स्वामी जी को काली कमली वाले के नाम से भी जाना जाता है। यहां सुन्दर एवं दर्शनीय मंदिरों की एक शानदार श्रंखला है। आश्रम के बाहर हस्तशिल्प उत्पादों की दुकानें भी हैं। 

   नीलकण्ठ महादेव मंदिर: नीलकण्ठ महादेव मंदिर समुद्र तल से करीब 5500 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। मान्यता है कि इसी स्थान पर भगवान शिव ने गले में विष धारण किया था।
   लिहाजा इस स्थान को भगवान शिव के नीलकण्ठ के नाम से जाना जाता है। यहां एक सुन्दर झरना भी है। नीलकण्ठ के दर्शन से पहले श्रद्धालु झरना में स्नान करते हैं। 
  भरत मंदिर: भरत मंदिर ऋषिकेश के प्राचीन मंदिरों में से एक है। भरत मंदिर का निर्माण आदि शंकराचार्य ने कराया था। मान्यता है कि इस मंदिर का निर्माण 12 वीं शताब्दी में किया गया था।
   भगवान श्री राम के छोटे भाई भरत को समर्पित यह मंदिर ओल्ड टाउन में स्थित है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान विष्णु की शालिग्राम प्रतिमा स्थापित है। आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित श्रीयंत्र भी यहां दर्शनीय है।
    कैलाश निकेतन मंदिर: कैलाश निकेतन मंदिर लक्ष्मण झूला के निकट स्थित है। करीब 12 खण्ड में विभक्त यह मंदिर विलक्षण है। ऋषिकेश के अन्य मंदिरों से कैलाश निकेतन मंदिर भिन्न है। इस मंदिर में सभी देवी-देवताओं की प्रतिमायें प्राण प्रतिष्ठित हैं।
   वशिष्ठ गुफा: वशिष्ठ गुफा ऋषिकेश से करीब 22 किलोमीटर दूर केदारनाथ-बद्रीनाथ मार्ग पर स्थित है। मान्यता है कि वशिष्ठ गुफा करीब 3000 वर्ष प्राचीन है। यह साधुओं के साधना का स्थल माना जाता है। साधुओं को विश्राम एवं साधना करते देखा जा सकता है। यह महर्षि वशिष्ठ का निवास स्थान था। गुफा में एक भव्य-दिव्य शिवलिंग स्थापित है। यह एक सुन्दर स्थान है। लिहाजा पर्यटकों का पसंदीदा स्थान है।
    गीता भवन: गीता भवन राम झूला के निकट है। गीता भवन का निर्माण जयदयाल गोयंदकाजी ने वर्ष 1950 में कराया था। गीता भवन खास तौर से चित्र अलंकरण के लिए प्रसिद्ध है। रामायण एवं महाभारत काल के कथानक को चित्रों के माध्यम से दीवारों पर सुसज्जित किया गया है।
   यहां एक आर्युवैदिक डिस्पेंसरी भी संचालित है। गीता भवन में निरंतर भजन-कीर्तन एवं प्रवचन की स्वर लहरियां अनुगूंजित होती रहती हैं। पर्यटक या श्रद्धालु गीता भवन में भक्ति संगीत का भी आनन्द ले सकते हैं। तीर्थ यात्रियों के ठहरने की भी यहां व्यवस्था है।
   ऋषिकेश की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जॉली ग्रांट है। ऋषिकेश से जॉली ग्रांट एयरपोर्ट की दूरी करीब 18 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश जंक्शन है। पर्यटक या श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी ऋषिकेश की यात्रा कर सकते हैं।
30.107700,78.287804

Monday, 8 October 2018

बृहदेश्वर मंदिर: सुन्दर स्थापत्य कला

    बृहदेश्वर मंदिर को वास्तुशिल्प की श्रेष्ठतम धार्मिक कृति कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जी हां, तमिलनाडु के तंजौर स्थित बृहदेश्वर मंदिर स्थापत्य कला, वास्तुशिल्प, भव्यता-दिव्यता एवं केन्द्रीय गुम्बद के लिए खास तौर से प्रसिद्ध है।

    विशेषज्ञों की मानें तो तंजौर का यह शिव मंदिर 11वीं शताब्दी में बना था। तमिल भाषा में इस शिव मंदिर को बृहदीश्वर कहते हैं। बृहदेश्वर मंदिर पूर्ण रूप से ग्रेनाइट पत्थरों से संरचित है। लिहाजा इसकी भव्यता-दिव्यता देखते ही बनती है।

    विश्व में अपनी तरह का यह इकलौता मंदिर है। इसकी खूबसूरती से यूनेस्को भी अचम्भित रह गया। लिहाजा यूनेस्को ने बृहदेश्वर मंदिर को विश्व धरोहर घोषित किया है। विशेषज्ञों की मानें तो बृहदेश्वर मंदिर का निर्माण चोल शासक राजराज चोल ने कराया था।

   निर्माणकाल में इसे राजराजेश्वर मंदिर का नाम दिया गया था। खास यह रहा कि बृहदेश्वर मंदिर विश्व की विशालतम संरचनाओं में गिना जाता था। करीब 13 मंजिला इस धार्मिक स्थल की ऊंचाई करीब 66 मीटर है। मंदिर मुख्य तौर भगवान शिव को समर्पित है।

   वस्तुत: देखें तो बृहदेश्वर मंदिर वास्तुकला, पाषाण एवं ताम्र शिल्पांकन, प्रतिमा विज्ञान, चित्रकला, गीत-संगीत एवं नृत्य, आभूषण एवं उत्कीर्णकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। 
   खास तौर से मंदिर में संस्कृत एवं तमिल में लेख भी उत्कीर्ण हैं। निर्माण कला की विशिष्टता भी यहां दिखती है। गुम्बद की परछाई कहीं भी धरती पर नहीं दिखती है। गुम्बद का आकार अष्टभुजा है।

    शिखर पर स्वर्ण कलश स्थापित है। स्वर्ण कलश की भी अपनी एक अलग विशेषता है। विशेषज्ञों की मानें तो कलश करीब 80 टन का है। यथा नाम तथा स्थिति भी देखने को मिलती है। मंदिर में स्थापित शिवलिंग की दिव्यता-भव्यता एवं विशालता देख कर प्रतीत होता है कि बृहदेश्वर नाम सर्वथा उपयुक्त है। 

    गर्भगृह में स्थापित शिवलिंग की विहंगमता देखते ही बनती है। शिवलिंग की ऊंचाई करीब 8.7 मीटर ऊंचा है। दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, भिक्षाटन, वीरभद्र कालांतर, नटेश, अर्धनारीश्वर एवं अलिंगाना को शिव स्वरूप में दर्शित किया गया है।
   एक विशाल चबूतरा पर नन्दी विराजमान हैं। नन्दी की विशालतम प्रतिमा भी आकर्षण का केन्द्र है। नन्दी की प्रतिमा 6 मीटर लम्बी, 2.6 मीटर चौड़ी एवं 3.7 मीटर ऊंची है।

    मंदिर में प्रवेश करते ही एक विशाल गोपुरम है। इसके आंतरिक भाग में चौकोर मण्डप है। मंदिर के गर्भगृह से लेकर परिसर तक असंख्य भित्ति चित्र हैं। यह भित्ति चित्र बेहद दर्शनीय हैं। इन भित्ति चित्रों में भगवान शिव का तांडव दिखता है। भित्ति चित्रों में भगवान शिव के विविध स्वरूप दिखते हैं। 

    बृहदेश्वर मंदिर वस्तुत: चोल कला का एक शानदार उदाहरण है। खास यह कि निर्माण भी पांच वर्ष की अवधि में हो गया था। खास यह कि यहां बौद्ध प्रतिमाओं का भी निर्माण है। विशेषज्ञों की मानें तो बृहदेश्वर मंदिर चोल वंश शासकों की वास्तुकला की सर्वोत्तम धार्मिक भेंट है। विशिष्ट वास्तुकला के लिए बृहदेश्वर मंदिर देश दुनिया में विशेष ख्याति रखता है।

   इसके निर्माण में 130000 टन ग्रेनाइट का उपयोग किया गया था। गौरतलब है कि इस इलाके में कहीं भी ग्रेनाइट की उपलब्धता नहीं है। अब आश्चर्य यह कि आखिर ग्रेनाइट इतनी बड़ी तादाद में आया कहां से था। बताते हैं कि इस दुर्ग की ऊंचाई विश्व में सबसे अधिक है। 

   ग्रेनाइट की उपलब्धता के बाद नक्काशी का कार्य बेहद कठिन होता है। इन स्थितियों के बावजूद मंदिर की नक्काशी भी बेहद दर्शनीय है। बृहदेश्वर मंदिर का कृत्तिका उत्सव खास तौर से प्रसिद्ध है। इस दौरान राजा राजेश्वर के जीवन पर आधारित नाटक का मंचन किया जाता है।
   बृहदेश्वर मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट तंजौर है। रेलवे स्टेशन भी तंजौर में है। पर्यटक या श्रद्धालु बृहदेश्वर मंदिर तंजौर की यात्रा सड़क मार्ग से भी कर सकते हैं।
9.918460,78.118170

Friday, 5 October 2018

मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर: विलक्षण द्रविड़ वास्तुकला

   मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर को द्रविड़ वास्तुकला का अद्भुत आयाम कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का श्रेष्ठतम केन्द्र है। 

   दक्षिण भारत का यह मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर अति धनाढ्य भी है। सुन्दर एवं अति विशिष्ट मंदिरों से चौतरफा घिरा होने के बावजूद मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर की अपनी एक अलग ख्याति है। तमिलनाडु के मदुरै नगर का यह विशिष्ट मंदिर देश विदेश में विशेष ख्याति रखता है। 

   खास यह कि तमिलनाडु के इस शीर्ष मंदिर में सौन्दर्य शास्त्र एवं धर्म साथ-साथ दिखता है। विशेषज्ञों की मानें तो सुन्दरेश्वर स्वयं में ईश्वर का सुन्दर स्वरूप है। दक्षिण भारत के इस ऐतिहासिक मंदिर में मछली की आंख वाली देवी का स्वरूप विद्यमान है। 
  विशेषज्ञों की मानें तो पौराणिक कथानक के अनुसार भगवान शिव यहां सुन्दरेश्वर के रूप में राजा मलयध्वज की पुत्री राजकुमारी मीनाक्षी से विवाह रचाने आये थे।

    मीनाक्षी को देवी पार्वती का अवतार माना जाता है। शिव पार्वती के इस स्थान को अति पवित्र माना जाता है। लिहाजा यह स्थान मीनाक्षी एवं सुन्दरेश्वर को समर्पित है। इस लिहाज से इसे शिव-पार्वती का भी स्थान कहा जाता है। कहावत है कि भगवान सुन्दरेश्वर एवं राजकुमारी मीनाक्षी के इस विवाह समारोह में सभी देवी-देवता मदुरै में एकत्र हुये थे।

   भगवान विष्णु स्वयं बैकुण्ठ निवास से इस विवाह का संचालन करने आये थे। करीब 45 एकड़ भूमि क्षेत्रफल में फैला दक्षिण भारत का पुरातन एवं प्रसिद्ध मंदिर भव्यता-दिव्यता को रेखांकित करता है। इसमें प्रवेश के लिए 12 द्वार हैं। मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर खास तौर से अपनी स्थापत्य कला एवं वास्तुशिल्प के लिए विश्व प्रसिद्ध है। 

   मंदिर के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर नक्काशी युक्त करीब 50 फुट ऊंचाई वाला शिखर है। इसमें देवी-देवताओं का सुन्दर एवं विलक्षण अंकन है। नक्काशी से अंकित देवी-देवताओं की आकृतियां अति दर्शनीय हैं। इस मंदिर में 985 से अधिक सुन्दर एवं नक्काशी वाले स्तम्भ हैं।

   खास यह कि इस दिव्य-भव्य मंदिर की स्थापत्य कला एवं वास्तुकला आश्चर्यचकित कर देने वाली है। इस इमारत समूह में 12 गोपुरम हैं। कुशल चित्रकारी एवं रंग संयोजन आकर्षित करता है। कहावत है कि इन्द्र को भगवान शिव की मूर्ति शिवलिंग के रूप में मिली थी।
   लिहाजा इन्द्र ने ही मूल मंदिर का निर्माण कराया था। इस प्रथा को मंदिर में आज भी देखा जा सकता है। यहां खास त्योहार चितिरई तिरुविझा है। विशेषज्ञों की मानें तो मीनाक्षी सुन्देश्वर मंदिर का गर्भगृह 3500 वर्ष से भी अधिक पुराना है।

   इस दिव्य-भव्य मंदिर में शिव की नटराज मुद्रा भी स्थापित है। शिव की यह मुद्रा सामान्यत: नृत्य करते हुये है। कहावत है कि राजा राजशेखर पांड्य की प्रार्थना पर भगवान शिव ने यहां अपनी नटराज मुद्रा बदल ली थी। मीनाक्षी मंदिर में एक पवित्र सरोवर भी है। करीब 165 फुट लम्बा एवं 120 फुट चौड़ा सरोवर आस्था एवं विश्वास का स्थल है। 

    इसे स्वर्ण कमल वाला सरोवर कहा जाता है। इसमें होने वाले कमलों का वर्ण सुवर्ण है। मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर में सहस्त्र स्तंभ मण्डप भी है। इस मण्डप का शिल्प दर्शनीय है।
   यह मण्डप भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अनुरक्षण में है। इसमें 985 स्तंभ सुशोभित हैं। ऐसी अवधारणा है कि इस मण्डप का निर्माण आर्य नाथ मुदलियार ने कराया था। 

   मुदलियार की अश्वारोही मूर्ति मण्डप की सीढ़ियों के निकट ही स्थापित है। मण्डप को द्रविड़ शिल्पकारी का बेहतरीन नमूना कहेंगे। इस भव्य-दिव्य मण्डप में मंदिर कला संग्रहालय भी है। इसमें मूर्तियां, छायाचित्र, पेंटिंग्स आदि-इत्यादि का 1200 वर्ष पुराना इतिहास देख सकते हैं। 

   पश्चिम में संगीतमय स्तंभ भी है। मण्डप के स्तंभ से विभिन्न स्वरलहरियां प्रस्फुटित होती हैं।
    मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट मदुरै है। निकटतम रेलवे स्टेशन भी मदुरै है। श्रद्धालु या पर्यटक सड़क मार्ग से भी मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
9.918460,78.118170

Thursday, 4 October 2018

सबरीमाला मंदिर: श्रेष्ठतम तीर्थाटन

   सबरीमाला मंदिर को श्रेष्ठतम तीर्थाटन की संज्ञा दें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जी हां, दक्षिण भारत का सबरीमाला मंदिर देश के अति धनाढ्य धार्मिक स्थलों में भी एक है।

   केरल के पेरियार टाइगर रिजर्व में स्थित सबरीमाला मंदिर हिन्दुओं का एक बड़ा तीर्थ माना जाता है। समुद्र तल से करीब 1000 मीटर की ऊंचाई पर यह मंदिर स्थित है। श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का यह केन्द्र केरल के पथनाथिटा जिला में स्थित है।

  विशेषज्ञों की मानें तो सबरीमाला मंदिर शैव एवं वैष्णव की एक अति समृद्ध कड़ी है। मलयालम में शबरीमाला का शाब्दिक अर्थ पर्वत से होता है। शबरीमाला मंदिर वस्तुत: प्रभु अयप्पा को समर्पित है।
   विशेषज्ञों की मानें तो अष्टम स्कंध एवं स्कंदपुराण के असुर काण्ड में शिशु शास्ता का उल्लेख है। प्रभु अयप्पा शिशु शास्ता के अवतार मानें जाते हैं। प्रभु अयप्पा को प्रभु अयप्पन भी कहा जाता है। कहावत है कि शिशु शास्ता का जन्म मोहिनी वेशधारी विष्णु एवं शिव के समागम से हुआ था। 

  अयप्पन का यह मंदिर सबरीमाला पूणकवन के नाम से भी विख्यात है। खास यह कि यह सबरीमाला मंदिर सहयाद्री पर्वत श्रंखला के शिखर पर विद्यमान है। हालांकि हिन्दुओं का यह तीर्थधाम 18 पहाड़ियों के मध्य स्थित है। इस तीर्थधाम को श्रीधर्मषष्ठ मंदिर भी कहा जाता है। 

   मान्यता है कि भगवान परशुराम ने अयप्पन पूजा के लिए सबरीमाला की यह मूर्ति स्थापित की थी। हालांकि इस स्थान को रामायण काल की सबरी से भी जोड़ कर देखते हैं।
   सबरीमाला मंदिर को समन्वय एवं सद्भाव का प्रतीक भी माना जाता है। सबरीमाला मंदिर में अयप्पन के अलावा मालिकापुरत अम्मा, गणेश, नागराजा सहित कई अन्य देवी-देवता विराजमान हैं।

   विशेषज्ञों की मानें तो सबरीमाला के दर्शन करने प्रति वर्ष 100 मिलियन से अधिक श्रद्धालु आते हैं। सुन्दर एवं सुरम्य पर्वत श्रंखला के मध्य स्थित सबरीमाला मंदिर धार्मिक स्थान होने के साथ ही बेहतरीन पर्यटन स्थल भी है। सबरीमाला मंदिर की स्थापत्य कला भी अति सुन्दर एवं लुभावनी है। 

   खास यह कि यहां एक अजीब सी शांति का एहसास होता है। उत्सव की अवधि में प्रभु अयप्पन का घी से अभिषेक किया जाता है। मंत्रोचारण से पर्वत श्रंखला अनुगूंजित हो उठती है। सुसज्जित हाथियों की एक लम्बी श्रंखला यहां शोभायमान दिखती है। इस अवसर पर अरावणा प्रसाद का वितरण किया जाता है। 

   खास यह कि मलयालम महीनों के प्रथम पांच दिन मंदिर के कपाट दर्शन हेतु खुलते हैं। प्रभु अयप्पन के दर्शन का विधि विधान है। इस विधि विधान के अनुसार ही कोई श्रद्धालु अयप्पन के दर्शन कर सकता है। दर्शन में धर्म जाति का कोई बंधन नहीं है। सबरीमाला मंदिर को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा तीर्थधाम माना जाता है। प्रभु अयप्पन ब्राह्मचारी थे। 

   मान्यता है कि कोई श्रद्धालु तुलसी या रुद्राक्ष की माला धारण कर व्रत रखे। साथ ही नैवेद्य की पोटली लेकर दर्शन करने आये तो उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
  सबरीमाला मंदिर की व्यवस्थाएं त्रावणकोर देवास्वम बोर्ड संचालित करता है। राजधानी तिरुअनन्तपुरम से करीब 175 किलोमीटर दूर पम्पा है। पम्पा से करीब पांच किलोमीटर दूर पश्चिम घाट से सहयाद्री पर्वत श्रंखला प्रारम्भ हो जाती है। 

   इस पर्वत श्रंखला पर ही सबरीमाला मंदिर स्थित है। सबरीमाला मंदिर क्षेत्र में देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के विश्राम की भी व्यवस्था है। श्रद्धालु यदि कुछ दिन सबरीमाला में कुछ दिन ठहरना चाहते हैं तो पम्पा एवं सन्निधानम में व्यवस्था है। इसके लिए बोर्ड से परामर्श करना चाहिए।

   सबरीमाला मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट तिरुअनन्तपुरम में है। तिरुअनन्तपुरम से सबरीमाला मंदिर की दूरी करीब 92 किलोमीटर है। तिरुअनन्तपुरम रेलवे जंक्शन भी है। हालांकि निकटतम रेलवे स्टेशन कोच्चि एवं कोट्टायम है। पर्यटक एवं श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी सबरीमाला मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
10.035710,76.272590

Monday, 1 October 2018

ज्वाला देवी : दिव्य ज्योति के दर्शन

   कालीधार पर्वत श्रंखला के मध्य विराजमान ज्वाला देवी की महिमा को अद्भुत कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी।
    ज्वाला देवी का यह स्थान देश के 51 शक्तिपीठ में से एक है। ज्वाला देवी के इस विलक्षण मंदिर में देवी भगवती की ज्वाला अनवरत जलती रहती है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित भगवती ज्वाला देवी का मंदिर देश दुनिया में विशेष ख्याति रखता है। विशेषज्ञों की मानें तो कांगड़ा के इस स्थान पर सती की जीभ गिरी थी। 

    मान्यता है कि देवी भगवती भगवान शिव के साथ सभी शक्तिपीठ में हमेशा निवास करती हैं। खास यह कि सदियों से मंदिर में बिना तेल-घी एवं बिना बाती के प्राकृतिक रूप से नौ ज्वालाएं प्रज्जवलित हैं। इसमें प्रमुख ज्वाला माता चांदी के दीपक में अवस्थित हैं। इसे महाकाली भी कहते हैं। 

   शेष अन्य आठ ज्वालाओं के रूप में मां अन्नपूर्णा, मां चण्डी, मां हिंगलाज, मां विंध्यवासिनी, मां महालक्ष्मी, मां सरस्वती, मां अम्बिका एवं मां अंजी देवी यहां निवास करती हैं। 

    मान्यता है कि प्राचीनकाल में गोरखनाथ मां भगवती के अनन्य भक्त थे। मां की दिल से सेवा करते थे। एक बार गोरखनाथ का भूख लगी तो माता से कहा कि आप आग जला कर पानी गर्म करें, मैं भिक्षा मांग कर लाता हूं। माता ने आग प्रज्जवलित कर पानी गर्म किया लेकिन गोरखनाथ नहीं लौटे। माता भगवती आज भी भक्त गोरखनाथ का इंतजार कर रही हैं।

    मान्यता है कि कलियुग खत्म होने के बाद फिर से सतयुग आयेगा। सतयुग में गोरखनाथ लौट कर माता भगवती के पास आयेंगे। बिना तेल बिना बाती के सदियों से आज भी ज्वाला प्रज्जवलित है। ज्वाला देवी के इस भव्य-दिव्य मंदिर में चमत्कार भी देखने को मिलते हैं।

    ज्वाला देवी मंदिर परिसर में एक स्थान पर गोरख डिब्बी है। इस कुण्ड का जल खौलता प्रतीत होता है लेकिन जल का स्पर्श करने पर शीतल प्रतीत होता है। किवदंती है कि माता भगवती ज्वाला देवी का प्रादुर्भाव देवताओं के अस्तित्व से हुआ था।
    कहावत है कि भगवान शिव के ससुर राजा दक्ष ने यज्ञ का आयोजन किया लेकिन दामाद शिव को आमंत्रित नहीं किया। इस पर कुपित होकर सती ने उसी यज्ञ में कूद कर प्राणों की आहुति दे दी थी। भगवान शिव को यह जानकारी हुयी तो शिव क्रोधित हो उठे। सती का शव लेकर शिव तांडव करने लगे। यह देख ब्राह्माण्ड में हाहाकार मच गया। 

    इस संकट से बचाने के लिए भगवान विष्णु ने सती के शव को 51 हिस्सों में विभक्त कर दिया। यह 51 अंग जिन स्थानों पर गिरे, वह शक्तिपीठ बन गये। मान्यता है कि इस स्थान पर सती की जीभ गिरी थी। उसी स्थान पर ज्योति जल रही है। ज्वाला देवी को नगर कोट भी कहा जाता है। 

    विशेषज्ञों की मानें तो ज्वाला देवी के इस स्थान को खोजने का श्रेय पाण्डवों को जाता है। इस मंदिर का दिव्य-भव्य प्राथमिक निर्माण राजा भूमि चन्द ने कराया था।
    हालांकि राजा संसार चन्द ने वर्ष 1835 में निर्माण कार्य पूर्ण कराया था। ज्वाला देवी मंदिर की दिव्यता-भव्यता देखते ही बनती है। मंदिर में प्रवेश करते ही बायें हाथ पर अकबर नहर है। इस नहर का निर्माण अकबर ने कराया था। 

    मंदिर के गर्भगृह में माता की ज्योति प्रज्जवलित है। मंदिर की आरती का नजारा अद्भुत दिखता है। मंदिर में आरती पांच पहर होती है। आरती का समय सुबह 5 बजे, पंजूउपहार आरती सुबह की आरती के बाद, दोपहर की आरती 12 बजे, संध्या आरती सांय 7 बजे एवं शयन आरती रात्रि 10 बजे होती है। शायन आरती में शयन शैया तैयार की जाती है। शयन शैया को फूलों एवं सुगंधित सामग्रियों से सजाया जाता है।

    ज्वाला देवी मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गगल है। गगल एयरपोर्ट से कांगड़ा की दूरी करीब 46 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन पठानकोट है। पठानकोट से ज्वाला देवी मंदिर की दूूरी करीब 125 किलोमीटर है। पर्यटक या श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते है।
31.982880,76.473350

तारापीठ मंदिर: धार्मिक पर्यटन    शक्ति उपासना स्थल तारापीठ को अद्भुत एवं विलक्षण धार्मिक स्थल कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। ज...