Thursday, 2 January 2020

जयंती शक्तिपीठ: धार्मिक पर्यटन

   जयंती शक्तिपीठ को धार्मिक स्थान के साथ ही बेहतरीन पर्यटन कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। देवी सती का यह स्थान मुख्य रूप से माता दुर्गा को समर्पित है। 

   भारत के मेघालय की जयंतिया हिल्स पर स्थित जयंती शक्तिपीठ श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का केन्द्र है। विशेषज्ञों की मानें तो जयंती शक्तिपीठ 51 शक्तिपीठ में से एक है। हिन्दू धर्म पुराणों की मानें तो देवी सती के शव के अंग जिन स्थानों पर गिरे, उन स्थानों को शक्तिपीठ माना गया।

   सती के अंग के हिस्से, आभूषण एवं वस्त्र आदि इत्यादि गिरने वाले स्थान ही शक्तिपीठ के रूप में पूजित हैं। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक यह शक्तिपीठ अत्यंत पवित्र महातीर्थ कहलाते हैं। खास यह है कि शक्तिपीठ के रूप में यह महातीर्थ भारतीय उपमहाद्वीप में चहुंओर फैले हुए हैं।

   मान्यता है कि इन शक्तिपीठ की संख्या 51 है। देवी पुराण में भी 51 शक्तिपीठ माने गये हैं। इन 51 शक्तिपीठ में जयंती शक्तिपीठ भी एक है। शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा को समर्पित जयंती शक्तिपीठ मेघालय के शीर्ष धार्मिक स्थलों में से एक है।

    शारदीय एवं चैत्र नवरात्र में जयंती शक्तिपीठ में मां भगवती के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है। मान्यता है कि मां भगवती के दर्शन मात्र से ही श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। भारत के पूर्वोत्तर का मेघालय वस्तुत: पर्वतीय राज्य है।

   लिहाजा मेघालय अधिसंख्य पहाड़ों पर रचा बसा है। जाहिर सी बात है कि ऐसे में पर्वतीय सौन्दर्य से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का मन प्रफुल्लित होगा।
   वस्तुत: मेघालय का यह इलाका जनजातीय बाहुल्य इलाका है। जयंतिया, गारी एवं खासी मेघालय की मुख्य पहाड़ियां हैं। इनमें जयंतिया पहाड़ी बेहद प्रसिद्ध है।

   खास तौर से जयंतिया अपने प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए प्रसिद्ध है। इस जयंतिया पहाड़ी के गांव नारतियांग में जयंती शक्तिपीठ स्थित है। नारतियांग खास तौर से जयंती शक्तिपीठ के लिए जाना एवं पहचाना जाता है।

   यह भी कहा जा सकता है कि जयंती शक्तिपीठ जयंतिया हिल्स का मुख्य आकर्षण है तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जयंतिया पहाड़ी पर स्थित जयंती शक्तिपीठ के चौतरफा एक खास सुरम्यता दिखती है।

 यह शांत सुरम्यता श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के दिल एवं दिमाग को एक ताजगी एवं प्रफुल्लता प्रदान करती है। मान्यता है कि जयंतिया पहाड़ी के इस स्थान पर सती शव के वाम जंघ का निपात हुआ था। लिहाजा इस स्थान को शक्तिपीठ की मान्यता मिली।

   शिलांग से करीब 53 किलोमीटर दूर स्थित जयंती शक्तिपीठ पवित्र धाम के साथ ही महातीर्थ भी कहा जाता है।

   विशेषज्ञों की मानें तो जयंती शक्तिपीठ में भगवान शिव एवं देवी सती मुख्य रूप से पूजित हैं। खास यह है कि शक्तिपीठ में सती को जयंती एवं भगवान शिव को क्रमदीश्वर महादेव के रूप में पूजित हैं।

   जयंती शक्तिपीठ की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गुवाहाटी एयरपोर्ट है। गुवाहाटी एयरपोर्ट से जयंती शक्तिपीठ की दूरी करीब 181 किलोमीटर है।

   श्रद्धालु शिलांग एयरपोर्ट से भी जयंती शक्तिपीठ की यात्रा कर सकते हैं। निकटतम रेलवे स्टेशन गोलपारा टाउन जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी जयंती शक्तिपीठ की यात्रा कर सकते हैं।
25.443501,92.196701

Monday, 30 December 2019

सूर्य मंदिर: विलक्षण एवं अद्भुत वास्तुशिल्प

   सूर्य मंदिर रांची का वास्तुशिल्प विलक्षण एवं अद्भुत कहा जाना चाहिए। जी हां, सूर्य मंदिर का सौन्दर्य अतुलनीय है। शायद इसी लिए इस मंदिर को अद्भुत माना जाता है। 

   खास यह कि 18 शानदार पहियों पर विद्यमान मंदिर का वास्तुशिल्प अनूठा है। इस मंदिर को रथ पर विद्यमान किया गया है। जिससे इसकी दर्शनीयता अति सुन्दर हो जाती है। भारत के झारखण्ड की राजधानी रांची में स्थित यह सूर्य मंदिर अपनी विशिष्टता के कारण खास ख्याति रखता है। 

   उल्लेखनीय है कि भारत में सूर्य मंदिरों की एक लम्बी श्रंखला विद्यमान है लेकिन रांची का सूर्य मंदिर काफी कुछ विशिष्ट है। जिससे इसकी विलक्षणता का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
   इस मंदिर को 18 पहियों एवं सात घोड़ों के रथ पर विद्यमान किया गया है। दौड़ते घोड़ों के इस रथ को देखना बेहद सुन्दर प्रतीत होता है।

   ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे स्वर्ग से धरातल की ओर रथ दौड़ता चला आ रहा हो। दौड़ते रथ पर सूर्य मंदिर का विद्यमान होना काफी कुछ विलक्षण प्रतीत होता है। इस सूर्य मंदिर को रांची का मुख्य आकर्षण माना जाता है। खास यह है कि रांची का यह सूर्य मंदिर अपनी अनूठी वास्तुकला के लिए बेहद प्रसिद्ध है। 

   रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित यह सूर्य मंदिर धार्मिक स्थान होने के साथ ही एक शानदार पर्यटन क्षेत्र भी है। इसे एक सुन्दर पिकनिक स्पॉट भी कहा जा सकता है। मंदिर परिसर में एक विशाल जलाशय भी है। इस जलाशय की अपनी एक विशिष्ट पवित्रता है। 

    मान्यता है कि इस जलाशय में स्नान करने से पापों का नाश होता है। लिहाजा श्रद्धालु इस जलाशय में स्नान करने के उपरांत मंदिर में सूर्य देव के दर्शन करतेे हैं। यहां का मुख्य पर्व छठ पूजा है। छठ पूजा का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है।
   इस अवसर पर श्रद्धालु इस पवित्र जलाशय में डुबकी लगाते हैं। तत्पश्चात सूर्य उपासना एवं दर्शन करते हैं। इसे हिन्दुओं का तीर्थधाम कहा जाना चाहिए। 

   रांची के इस महातीर्थ के साथ ही रांची का देवरी मंंदिर भी खास प्रसिद्ध है। देवरी मंदिर रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित है। देवरी मंदिर मुख्य रूप से मां दुर्गा को समर्पित है। मंदिर अति प्राचीन माना जाता है। खास यह कि मंदिर समृद्ध धार्मिक विरासत के गर्व का अनुभव कराता है। 

   विशेषज्ञों की मानें तो मंदिर 10वीं से 11वीं शताब्दी के काल का है। मंदिर की दिव्यता-भव्यता श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। मंदिर की वास्तुकला अद्भुत एवं अति सुन्दर है। लिहाजा श्रद्धालुओं का मन मस्तिष्क प्रफुल्लित हो उठता है। बलुआ पत्थरों से संरचित मंदिर का वास्तुशिल्प अनूठा है। 

   मंदिर की दीवारों पर देवी देवताओं का अंकन श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास को रेखांकित करता है। इसे सोलहभुजी मंदिर भी कहा जाता है। कारण यह कि मंदिर में प्रतिष्ठापित माता दुर्गा की भव्य दिव्य प्रतिमा सोलह अस्त्र-शस्त्र धारण किये है। लिहाजा इसे सोलहभुजी मंदिर कहा जाता है। 

   मान्यता है कि प्रतिमा 700 वर्ष प्राचीन है। रांची का टैगोर हिल भी काफी कुछ खास है। रांची में अल्बर्ट एक्का चौक से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित टैगोर हिल वस्तुत: एक आध्यात्मिक क्षेत्र है। समुद्र तल से करीब 300 फुट की ऊंचाई पर स्थित टैगोर हिल रांची का मुख्य आकर्षण है।

   खास यह कि इसे मोहराबादी हिल के नाम से भी जाना एवं पहचाना जाता है। इस हिल पर वस्तुत: एक शानदार परिसर है। मान्यता है कि इस परिसर का ताल्लुक रविन्द्र नाथ टैगोर से है। ऐसा माना जाता है कि इस स्थान पर बैठ कर रविन्द्र नाथ टैगोर पुस्तकें लिखा करते थे। यहां से चौतरफा नैसर्गिक सौन्दर्य के शानदार दर्शन होते थे।

    टैगोर हिल सेे सूर्योदय एवं सूर्यास्त के अद्भुत दर्शन होते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो रविन्द्र नाथ टैगोर के बड़े भाई ज्योतिन्द्र नाथ टैगोर इस पर्वत के प्राकृतिक सौन्दर्य पर मुग्ध थे।
   लिहाजा उन्होंने इस पर्वत को अपना शिविर बनाया था। जिसे बाद में टैगोर हिल के नाम से जाना एवं पहचाना जाने लगा। इस पर्वत की यात्रा करने के लिए पर्यटकों को 200 सीढ़ियां चढ़नी होती हैं। इसे एक शानदार पर्यटन माना जाता है।

   सूर्य मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट बिरसा मुंडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट रांची है। निकटतम रेलवे स्टेशन रांची जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी सूर्य मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
23.369900,85.325279

Monday, 2 December 2019

चौसठ योगिनी मंदिर: अतुलनीय स्थापत्य कला

   चौसठ योगिनी मंदिर को स्थापत्य कला का अतुलनीय आयाम कहा जाना चाहिए। जी हां, चौसठ योगिनी मंदिर की स्थापत्य कला अद्भुत एवं विलक्षण है। 

   मंदिर की संरचना बेहद दर्शनीय है। शायद यही कारण है कि यह शानदार मंदिर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को लुभाता है। भारत के मध्य प्रदेश के शहर जबलपुर स्थित चौसठ योगिनी मंदिर की नक्काशी अति लुभावनी है।
  खास यह है कि चौसठ योगिनी मंदिर मध्य प्रदेश का प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र है। यह दिव्य-भव्य मंदिर जबलपुर की ऐतिहासिक सम्पन्नता एक शानदार अध्याय है।
   संगमरमर की प्रसिद्ध चट्टानों के मध्य स्थित चौसठ योगिनी मंदिर मुख्य रूप से देवी दुर्गा को समर्पित है। खास यह कि इस मंदिर में देवी दुर्गा की 64 अनुषांगिक प्रतिमाएं प्राण प्रतिष्ठापित हैं। 
   इस मंदिर की विशिष्टता है कि मंदिर के गर्भगृह में मध्य में भगवान शिव की प्रतिमा प्रतिष्ठापित है। भगवान शिव की प्रतिमा के चारो दिशाओं में देवियों की प्रतिमाएं विद्यमान हैं। 

   भगवान शिव एवं मां पार्वती वैवाहिक वेशभूषा में विराजमान हैं। निकट ही नंदी की दिव्य भव्य प्रतिमा स्थापित है। इस दिव्य भव्य मंदिर का निर्माण कलचुरी राजवंश के शासकों ने वर्ष 1000 के आसपास कराया था।
    दशवीं शताब्दी के इस मंदिर की विशेष ख्याति है। तत्पश्चात त्रिपुरी राजवंश के महाराजा कर्णदेव की महारानी अरुणा देवी ने इसको दिव्य-भव्य स्वरूप प्रदान किया था। मंदिर का निर्माण देवी दुर्गा को समर्पित चौसठ योगिनी मंदिर मध्य प्रदेश सहित देश दुनिया में विशेष ख्याति रखता है।
   जबलपुर का यह दिव्य भव्य मंदिर सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट-धुआंधार के निकट एक शीर्ष पर्वत चोटी पर विद्यमान है। मंदिर एवं मंदिर मार्ग से चौतरफा अति दर्शनीय दृश्य पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को प्रकृति के दर्शन कराता है। यहां से बलखाती नर्मदा नदी के अति सुन्दर दर्शन होते हैं।

    मान्यता है कि यह स्थान ऋषि भृगु की जन्म स्थली है। ऋषि भृगु के प्रताप से प्रभावित होकर कलचुरी साम्राज्य के शासकों ने इस दिव्य-भव्य संरचना को अस्तित्व दिया था। मंदिर की स्थापत्य कला अति सुन्दर एवं दर्शनीय है।
   मंदिर के चौतरफा चहारदीवारी है। यह चहारदीवारी पत्थर से संरचित है। ब्राह्माण्ड की जननी दुर्गा को समर्पित यह मंदिर कलात्मकता का एक सुन्दर प्रतिमान है। पत्थरों की देवी मूर्तियां सौन्दर्य शास्त्र की गाथा को खुद ब खुद बयां करती हैं। 
   विशेषज्ञों की मानें तो इस प्राचीन मंदिर का गुप्त मार्ग गोंड़ रानी दुर्गावती के महल से जाकर मिलता है। मान्यता है कि मंदिर में आज भी 64 योगिनियां पहरा देती हैं। विशेषज्ञों की मानें तो प्राचीन काल में इस मंदिर को गोलकी मठ के नाम से ख्याति हासिल थी। 

   जबलपुर शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित चौसठ योगिनी मंदिर एक आदर्श पर्यटन क्षेत्र माना जाता है। पर्यटक चौसठ योगिनी मंदिर एवं उसके आसपास भी प्राकृतिक सौन्दर्य एवं आश्चर्यजनक संरचनाओं के दर्शन कर सकते हैं। जबलपुर से कुछ ही दूर पर बैलेंसिंग रॉक है। पर्यटक बैलेेंसिंग रॉक की भी यात्रा कर सकते हैं।

   जबलपुर से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित बैलेंसिंग रॉक अति दर्शनीय प्राचीन क्षेत्र है। दीर्घगोलाकार शिलाखण्ड अति आश्चर्यजनक ढ़ंग से एक विशाल शिलाखण्ड पर स्थित है। इसे गुरुत्वाकर्षण का अद्भुत केेन्द्र माना जाता है। 
  यह संरचना प्राकृतिक है। आश्चर्यजनक किन्तु सत्य दिखने वाला बैलेंसिंग रॉक बेहद दर्शनीय है। शिला की खासियत इसकी विशालता, भार, कठोरता एवं सटीक गुरुत्वाकर्षण है। प्रकृति प्रेेमियों के लिए यह एक सुन्दर स्थान है।

   चौसठ योगिनी मंदिर की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट डुमना एयरपोर्ट जबलपुर है। डुमना एयरपोर्ट से चौसठ योगिनी मंदिर की दूरी करीब 34.1 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन जबलपुर रेलवे जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी चौसठ योगिनी मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
23.132799,79.801697

Friday, 1 November 2019

मंदार पर्वत: पवित्र धार्मिक पर्यटन

   मंदार पर्वत को धार्मिक पर्यटन की शान एवं शोभा कहा जाना चाहिए। जी हां, मंदार पर्वत का पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व इसे विशिष्ट बना देता है।

   हिन्दुओं के इस अति पवित्र एवं धार्मिक स्थान की ख्याति वैश्विक स्तर पर है। भारत के बिहार प्रांत के जिला बांका स्थित मंदार पर्वत को समुद्र मंथन की मथनी माना जाता है। लिहाजा सदियों प्राचीन मंदार पर्वत को आस्था का स्थान माना जाता है। इसे मदरांचल भी कहा जाता है।

   वस्तुत: मंदार पर्वत बांका जिला के बौंसी में स्थित है। लोक मान्यता है कि भगवान विष्णु सदैव मंदार पर्वत पर निवास करते हैं। लिहाजा आस्था एवं विश्वास के इस स्थान के प्रति श्रद्धालुओं में अगाध श्रद्धा है।

  मान्यता है कि मंदार पर्वत का उपयोग देव-दानवों के बीच समुद्र मंथन की मथानी के तौर पर किया गया था। लिहाजा हिन्दुओं के लिए मंदार पर्वत भगवान विष्णु का यह पवित्र स्थल है। 

   मंदार पर्वत को जैन धर्म को मानने वाले प्रसिद्ध तीर्थंकर भगवान वासुपूज्य से ताल्लुक रखने वाला स्थान मानते हैं। आदिवासियों के लिए मंदार पर्वत एक अति सिद्ध स्थान है। प्रत्येक वर्ष जनवरी में रात्रि में एक विशेष साधना पर्व मनाया जाता है। इसमें भगवान श्री राम एवं लक्ष्मण की साधना की जाती है। 

   समुद्र मंथन की पौराणिक गाथा से जुड़ा होने के कारण मंदार पर्वत का विशेष धार्मिक महत्व है। काले ग्रेनाइट पत्थर का करीब 700 फुट ऊंचा यह पर्वत अति दर्शनीय है। 

   खास यह कि मंदार पर्वत की शानदार एवं सुन्दर चट्टानों पर उत्कीर्ण सैकड़ों प्राचीन मूर्तियां, गुफाएं, मंदिर आदि इत्यादि धार्मिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक गौरव को व्यक्त करते हैं। मंदार पर्वत की मूर्तियां उत्तर गुप्त काल की मानी जाती हैं। 

   मंदार पर्वत के सर्वोच्च शिखर पर भगवान विष्णु का दिव्य भव्य मंदिर है। इस मंदिर में पद चिह्न अंकित हैं। मान्यता है कि यह पद चिह्न भगवान विष्णु के पद चिह्न हैं। हालांकि जैन धर्म को मानने वाले इसे तीर्थंकर भगवान वासुपूज्य के पद चिह्न मानते हैं। 

   मंदार पर्वत के शिलाखण्ड पर अनेक सुन्दर मूर्तियों के दर्शन होते हैं। इनमें खास तौर से भगवान शिव, माता पार्वती, सिंह वाहिनी दुर्गा, महाकाली एवं नरसिंह आदि की प्रतिमाएं हैं। विशेषज्ञों की मानें तो मंदार पर्वत वैष्णव सम्प्रदाय का मुख्य केन्द्र माना जाता है।

   प्रसिद्ध वैष्णव संत चैतन्य महाप्रभु ने मंदार पर्वत को अपनी जीवन यात्रा में विशेष महत्व दिया है। मंदार पर्वत की तलहटी में स्थित पापहरणी तालाब का विशेष महत्व है।

   लोक मान्यता है कि इस तालाब में स्नान करने से कुष्ठ रोग से मुक्ति मिलती है। मकर संक्रांति के अवसर पर यहां भव्य मेला का आयोजन किया जाता है। 

   मंदार पर्वत की तलहटी में स्थित इस तालाब में स्नान करने के उपरांत श्रद्धालु भगवान मधुसूदन की पूजा अर्चना करते हैं। श्रद्धालु दही चूड़ा एवं तिल के लड्डू विशेष प्रसाद के तौर पर ग्रहण करते हैं।

   मंदार पर्वत की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट लोकनायक जय प्रकाश नारायण एयरपोर्ट पटना है। निकटतम रेलवे स्टेशन बांका जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी मंदार पर्वत की यात्रा कर सकते हैं।
24.885000,86.924301

Thursday, 31 October 2019

त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर: धार्मिक वैभव

   त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर का धार्मिक वैभव अति दर्शनीय है। इस दिव्य-भव्य मंदिर का वास्तुशिल्प भी विलक्षण एवं अद्भुत है। 

   त्रिपुरा सुन्दरी के इस शानदार दरबार में देश विदेश के श्रद्धालु नतमस्तक होते हैं। भारत के त्रिपुरा के उदयपुर में स्थित त्रिपुरा सुन्दरी का यह मंदिर 51 शक्तिपीठ में एक है। 
  त्रिपुरा के अगरतला से करीब 55 किलोमीटर दूर स्थित त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर अपनी पौराणिकता एवं ऐतिहासिकता के लिए भी जाना एवं पहचाना जाता है। 

  मान्यता है कि सती के दाहिने पैर का अंगूठा इस स्थान पर गिरा था। लिहाजा त्रिपुरा सुन्दरी का यह स्थान शक्तिपीठ के तौर पर मान्य है। स्थापत्य कला के इस अनुपम सौन्दर्य की विशिष्टता की दर्शनीयता बेहद लुभावन है।

   मान्यता है कि भगवान शिव की गोद में सती के शव को भगवान विष्णु ने चक्र से 51 भागों में विभक्त कर दिया था। सती शव के भाग भारत के विभिन्न हिस्सों में गिरे थेे। विशेषज्ञों की मानें तो माता सती के पैर की अंगुलियों के निशान अभी भी मौजूद हैं।

   सती शव के हिस्से गिरने वाले स्थान को शक्तिपीठ एवं महापीठ की मान्यता दी गयी। इस गौरवशाली मंंदिर का आकार-प्रकार कछुआ जैसा है। लिहाजा इसे कुरमा पीठ के नाम से भी जाना पहचाना जाता है।

   वस्तुत: त्रिपुरा सुन्दरी का यह स्थान काली माता को समर्पित है। इस तीर्थ धाम का निर्माण 1501 में किया गया था। निर्माण महाराजा धन्य माणिक्य के शासन काल में किया गया था। खास यह कि इस दिव्य भव्य मंदिर के परिसर में एक कुण्ड भी है। इस कुण्ड का विशेष महत्व है।

   मान्यता है कि इस कुण्ड में स्नान करने से शारीरिक कष्टों से निजात मिलती है। लिहाजा श्रद्धालु काली जी के दर्शन पूजन से पूर्व इस कुण्ड में स्नान अवश्य करते हैं। 

  त्रिपुरा सुन्दरी धाम का दीपावली उत्सव खास है। इस मौके पर भव्य मेला का आयोजन होता है। देश के पवित्र हिन्दू मंदिरों में से एक त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर को मातबरी के नाम से भी जाना पहचाना जाता है। 

   मान्यता है कि महाराजा धन्य माणिक्य को स्वप्न में महामाया ने दर्शन दिये थे। इसके बाद महाराजा ने त्रिपुरा सुन्दरी के इस दिव्य-भव्य मंदिर का निर्माण कराया था। 

   मंदिर में त्रिपुरा सुन्दरी की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठापित होने के साथ ही मंदिर में भगवान विष्णु की भी दिव्य भव्य प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठापित है।

  इच्छित वरदान के लिए देश विदेश के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए यहां उमड़ती है। खास यह कि त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर धार्मिक स्थान के साथ ही त्रिपुरा के खास पर्यटन क्षेत्र के तौर पर भी देखा जाता है।

   त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट महाराजा बीर विक्रम एयरपोर्ट अगरतला है। 

   निकटतम रेलवे स्टेशन अगरतला जंक्शन है। अगरतला रेलवे स्टेशन से त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर की दूरी करीब 5.50 किलोमीटर है। श्रद्धालु या पर्यटक सड़क मार्ग से भी त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
23.833820,91.282420

तारापीठ मंदिर: धार्मिक पर्यटन    शक्ति उपासना स्थल तारापीठ को अद्भुत एवं विलक्षण धार्मिक स्थल कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। ज...