Friday, 21 December 2018

पुष्कर मंदिर: ब्रह्मा जी के दिव्य दर्शन

   पुष्कर मंदिर की विशिष्टता का कोई जोड़ नहीं। जी हां, पुुष्कर मंदिर श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का केन्द्र होेने के साथ ही भव्यता-दिव्यता को भी रेखांकित करता है। 

   भारत के राजस्थान प्रांत के अजमेर स्थित पुष्कर मंदिर वस्तुत: देवराज ब्रह्मा जी को समर्पित है। पुष्कर मंदिर को ब्रह्मा मंदिर भी कहा जाता है। अजमेर से उत्तर-पश्चिम में करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित पुष्कर मंदिर नाग पहाड़ के मध्य रचा-बसा है। वस्तुत: यह स्थान ब्राह्मा जी की यज्ञ स्थली है। 

  साथ ही ऋषियों मुनियों की तपस्या स्थल के तौर पर भी इसे जाना पहचाना जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो विश्व का एक मात्र ब्रह्मा जी का मंदिर यहां स्थित है। खास यह कि ब्रह्मा जी भी श्राप से नहीं बच सके थे। ब्रह्मा जी को श्राप उनकी पत्नी सावित्री ने दिया था। 

   श्राप देने का कारण ब्रह्मा जी ने यज्ञ में पत्नी को आमंत्रित नहीं किया था। जिससे कुपित होकर पत्नी सावित्री ने ब्रह्मा जी को श्रापित किया था कि ब्रह्मा जी की पूजा अर्चना केवल इसी स्थान पर ही होगी। लिहाजा विशेषज्ञों की दृष्टि में पुष्कर मंदिर ही विश्व का एकमात्र ब्रह्मा जी का मंदिर है।

 चर्तुमुख ब्रह्मा जी की दाहिनी ओर सावित्री जी का मंदिर है। बार्इं ओर गायत्री जी का मंदिर है। यहां नारद जी का भी मंदिर है। कुबेर एवं नारद जी की हाथी पर बैठे हुए मूर्तियां हैं।
  विशेषज्ञों की मानें तो इस दिव्य-भव्य मंदिर का निर्माण ग्वालियर के महाजन गोकुल ने अजमेर में ब्रह्मा जी के इस मंदिर का निर्माण कराया था। 

  पुष्कर मंदिर भारत का विख्यात तीर्थ स्थल है। यहां वर्ष में कार्तिक पूर्णिमा पर भव्य दिव्य पुष्कर मेला भी लगता है।
  यह इलाका अरावली की घाटी के तौर पर भी जाना पहचाना जाता है। पुष्कर मेला में कला पूर्ण कुटीर उद्योग की झलक देखने को मिलती है। 

  खास तौर से वस्त्र उद्योग, काष्ठ कला, चित्रकला, पशुओं का व्यापार आदि विशेषता होती है। इस मेला का धार्मिक एवं व्यापारिक महत्व होता है।
   समुद्र तल से करीब 2389 फुट ऊंचाई पर स्थित पुष्कर मंदिर की अनेक विशिष्टताएं हैं। खास यह कि पुष्कर मंदिर ब्रह्मा जी को समर्पित है। 

  मंदिर के गर्भगृह में मुख्य प्रतिमा ब्रह्मा जी की स्थापित है। मंदिर में उनकी पत्नी सावित्री जी की भी प्रतिमा है। साथ ही बदरी नारायण, वाराह, शिव आत्मेश्वर मंदिर भी हैं। 
  पुष्कर का विशेष आकर्षण पुष्कर झील है। पुष्कर झील के चौतरफा पक्के स्नान के घाट हैं। जिससे श्रद्धालुओं को स्नान आदि में कोई असुविधा नहीं होती है। 
   खास इस क्षेत्र में राजपूताना संस्कृति झलकती है। विशेषज्ञों की मानें तो पुष्कर का उल्लेेख रामायण में भी मिलता है। 
  महर्षि विश्वामित्र ने भी पुष्कर में साधना की थी। किवदंती है कि अप्सरा मेनका इसी झील-सरोवर में स्नान करने आयी थी। 

  किवदंती है कि पुष्कर में बौद्ध भी निवास करते थे। कारण बौद्ध दान का उल्लेख भी मिलता है। खास यह कि पुष्कर मंदिर एवं पुष्कर मेला भारत के साथ साथ विदेशों में विशेष ख्याति रखता है। पुष्कर मेला ने विशिष्टताओं से वैश्विक ख्याति अर्जित की है। 

   इस मेला में विदेशी भी बड़ी संख्या में आते हैं। मेला की व्यवस्था राजस्थान का कला, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग करता है।
   इस मेला में विशेष नस्ल के पशुओं को पुरस्कृत भी किया जाता है। खास यह कि पुष्कर मेला में विभिन्न संस्कृतियों का संगमन भी देखने को मिलता है।

   खास यह कि पुष्कर मेला ने ऊंटों को विशेष पहचान दी है। विविधिताओं के कारण इसे पुष्करराज भी कहा जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो पुष्कर को तीर्थों का मुख माना जाता है।
  जिस प्रकार प्रयाग को तीर्थराज कहा जाता है, उसी तरह पुष्कर को पुष्करराज कहा जाता है। पुष्कर की गणना पंचतीर्थ एवं पंच सरोवर में होती है। विशेषज्ञों की मानें तो सरोवर की भी विविधिता है।

  खास यह कि पुष्कर मंदिर, पुष्कर झील एवं पुष्कर मेला की अपनी एक अलग विशिष्टता, पवित्रता एवं सौन्दर्य है। यह इन्द्रधनुषी छवि पर्यटकों के दिलों दिमाग में हमेशा रहती है।
   पुष्कर मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट सांगानेर है। सांगानेर एयरपोर्ट जयपुर से पुष्कर की दूरी करीब 146 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन पुष्कर में है। पुष्कर रेलवे स्टेशन से पुष्कर मंदिर की दूरी करीब 11 किलोमीटर है। पर्यटक या श्रद्धालु पुष्कर मंदिर की यात्रा सड़क मार्ग से भी कर सकते हैं।
26.492001,74.557297

Wednesday, 12 December 2018

हाटकोटी मंदिर: शिव एवं शक्ति तीर्थ

  हाटकोटी मंदिर को वास्तुकला एवं शिल्पकला का सुन्दर आयाम कहा जाना चाहिए। हिमाचल प्रदेश में शिमला के निकट जुबबल में स्थित हाटकोटी मंदिर वस्तुत: अति प्राचीन मंदिर है। 

   शिमला-रोहडू मार्ग पर पब्बर नदी के किनारे स्थित यह मंदिर धार्मिक स्थान होने के साथ ही पौराणिक एवं ऐतिहासिक भी है। खेत-खलिहानों के मध्य स्थित हाटकोटी मंदिर अपनी दिव्यता-भव्यता के लिए खास तौर से जाना पहचाना जाता है।

  समुद्र तल से करीब 1370 मीटर ऊंचाई पर स्थित हाटकोटी माता मंदिर वस्तुत: महिषासुर मर्दिनी का पुरातन मंदिर है। मंदिर में देवी दर्शन के साथ ही वास्तुकला एवं शिल्पकला के दिव्य-भव्य साक्षात दर्शन होते हैं। 

   विशेषज्ञों की मानें तो 10 वीं शताब्दी का यह मंदिर काफी कुछ विशिष्ट है। मंदिर में महिषासुर मर्दिनी को 1.20 मीटर ऊंची कांस्य प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठित है। प्रतिमा कीमती अष्ट धातुओं से निर्मित है।

  प्रतिमा हथियारों से सुसज्जित है। शेर पर सवार मां भगवती के दर्शन अद्भुत प्रतीत होते हैं। राक्षस महिषासुर का मर्दन करती देवी के दर्शन हैं। इसके साथ ही दिव्य शिव मंदिर भी है। मंदिर में प्राचीन शिवलिंग स्थापित है। 

   खास यह कि द्वार को कलात्मक पत्थरों से सुसज्जित किया गया है। लकड़ी की छत बेहद आकर्षक है। इसमें देवी-देवताओं की अनुकृतियां हैं। मंदिर के गर्भगृह में लक्ष्मी-विष्णु, दुर्गा, गणेश एवं अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाएं प्राण प्रतिष्ठित हैं। 

   मंदिर को माता हतेश्वरी के नाम से भी जाना पहचाना जाता है। मान्यता है कि इस स्थान पर कभी देवताओं एवं राक्षसों का युद्ध हुआ था। विशेषज्ञों की मानें तो इस भव्य दिव्य मंदिर का निर्माण पाण्डव बंधुओं ने किया था। 

  शिमला से करीब 84 किलोमीटर दूर माता हाटकोटी मंदिर हिन्दुओं का एक तीर्थ है। कुफरी से इस स्थान की दूरी करीब 84 किलोमीटर है। नदी के तट पर मंदिरों की एक लम्बी श्रंखला है।

  वस्तुत: इस स्थान अर्थात गांव को हाटकोटी के नाम से जाना पहचाना जाता है। किवदंती यह भी है कि हाटकोटी मंदिर 6 शताब्दी से लेकर 9 वीं शताब्दी के मध्य बना था। 
  मंदिर में उस युगीन वास्तुकला एवं शिल्पकला के साक्षात दर्शन होते हैं। किवदंती यह भी है कि इस मंदिर का निर्माण आदि शंकराचार्य ने कराया था।

   मंदिर की वास्तुकला एवं शिल्पकला मूल रूप से शास्त्रीय शिखर या टॉवर शैली में निर्मित हैं। शिखर शैली प्राचीन संरचनाओं का दर्शन कराती है। खास यह कि इसमें नीचे विस्तृत आधार एवं उपर शीर्ष संकीर्ण हैं। 

   मंदिर की दीवारें मूर्तियों एवं नक्काशी से अलंकृत हैं। यह युगीन स्थापत्य कला एवं सौन्दर्य को रेखांकित करता है। दो भव्य पर्वत शिखर के मध्य स्थापित यह मंदिर एवंं नदी का संगम वस्तुत: विशिष्ट तीर्थ स्थान है। 

  खास यह कि अप्रैल में यहां एक भव्य मेला आयोजित किया जाता है। मेले के दौरान श्रद्धालु एवं इलाकाई बाशिंदे माता दुर्गा को चावल एवं अखरोट भेंट करते हैं। चूंकि यह अवधि चावल एवं अखरोट की फसल की होेती है। 
  मान्यता है कि भेंट माता दुर्गा को प्रसाद अर्पित किया जाता है। खास यह कि हाटकोटी माता का मंदिर धार्मिक स्थल है तो वहीं आसपास का इलाका पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। मंदिर परिसर में एक कीर्तन घर भी है। विश्रामालय भी है। जिससे दूरस्थ पर्यटकों को असुविधा नहीं होती है।


    विशेषज्ञों की मानें तो यह विलक्षण स्थान है। कारण शिव एवं शक्ति एक ही स्थान पर विराजमान हैं। मंदिर एवं उसके आसपास घूमने या सैर सपाटा का बेहतरीन समय अक्टूबर से मार्च की अवधि होता है।
   हालांकि बर्फबारी का आनन्द लेना हो तो नवम्बर से फरवरी का समय बेहतरीन रहता है।
   हाटकोटी मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। मंदिर शिमला से करीब 84 किलोेमीटर दूर है। निकटतम एयरपोर्ट शिमला है। शिमला एयरपोर्ट जुब्बरहट्टी में स्थित है। निकटतम रेलवे स्टेशन शिमला जंक्शन है। पर्यटक या श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी हाटकोटी मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
31.106900,77.667500

Friday, 7 December 2018

अमरनाथ गुफा: शिवलिंग के अद्भुत दर्शन

    अमरनाथ धाम को हिन्दुओं का श्रेष्ठतम तीर्थ कहना चाहिए। जी हां, अमरनाथ धाम की यात्रा के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। 

   इसलिए अमरनाथ धाम को हिन्दुओं का श्रेष्ठतम तीर्थ कहना गलत न होगा। अमरनाथ धाम की यात्रा भारत ही नहीं, विदेशों में खासी ख्याति रखता है। अमरनाथ धाम को अमरनाथ गुफा एवं अमरनाथ गुफा मंदिर भी कहते हैं।
   खास यह कि इस पवित्र गुफा में बर्फ से प्राकृतिक शिवलिंग निर्मित होता है। इसे स्वयंभू हिमानी शिवलिंग भी कहते हैं।

   अमरनाथ गुफा की परिधि करीब 150 फुट होती है। हिम बूंदों से लगभग 10 फुट लम्बा शिवलिंग निर्मित होता है। विशेषज्ञों की मानें तो चन्द्रमा के घटने-बढ़ने से शिवलिंग का आकार भी घटता-बढ़ता है। यहां गणेेश, पार्वती एवं भैरव के अलग हिमखण्ड हैं।
   अमरनाथ की यह पवित्र गुफा भारत के जम्मू-कश्मीर प्रांत के श्रीनगर शहर से उत्तर-पूर्व दिशा में है। समुद्र तल से करीब 3888 मीटर ऊंचाई पर स्थित यह अमरनाथ गुफा बेहद बर्फीला इलाका है। 

   शीर्ष ऊंचाई पर होने के कारण अमरनाथ गुफा अधिसंख्य समय बर्फ से आच्छादित रहती है। 
   गर्मियों की अवधि खास तौर से जून से अगस्त की दौरान ही श्रद्धालुओं को गुफा में अमरनाथ के दर्शन हो पाते हैं। अमरनाथ गुफा या अमरनाथ धाम इसी अवधि में तीर्थयात्रियों के लिए खुलती है। 


   अमरनाथ गुफा में शिवलिंग के दर्शन होते हैं। यह शिवलिंग बर्फ से आकार लेता है। इसीलिए श्रद्धालु बाबा बर्फानी भी कहते हैं। मान्यता है कि अमरनाथ गुफा करीब 5000 वर्ष प्राचीन है।
   किवदंती है कि एक पवित्र व्यक्ति ने स्थानीय चरवाहा को कोयले से भरा थैला दिया था। चरवाहा ने घर जाकर देखा कि कोयला स्वत: स्वर्ण में परिवर्तित हो गया था। 

    चरवाहा ने पवित्र व्यक्ति की तलाश की तो इस पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन हुये थे। अमरनाथ गुफा की लम्बाई करीब 19 मीटर, चौड़ाई करीब 16 मीटर है। ऊंचाई करीब 11 मीटर है। 
  खास यह कि अमरनाथ गुफा भगवान शिव के मुख्य धार्मिक स्थलों में से एक है।

    विशेषज्ञों की मानें तो प्राचीनकाल में अमरनाथ गुफा को अमरेश्वर महादेव कहा जाता था। खास यह कि अमरनाथ गुफा से विदेशी भी प्रभावित हुये बिना न रह सके।
  अंग्रेज लेखक लॉरेंस अपनी पुस्तक 'वैली ऑफ कश्मीर" में लिखते है कि कभी कश्मीरी ब्रााह्मण तीर्थयात्रियों को अमरनाथ गुफा की यात्रा कराते थे।

    विशेषज्ञों की मानें तो इस हिल स्टेशन पर कभी हिन्दुओं एवं बौद्धों के कई प्रसिद्ध मठ थे। विशेषज्ञों की मानें तो ईसा एवं मूसा ने पहलगांव में अपने जीवन के कुछ दिन व्यतीत किये थे। पहलगाम का अर्थ होता है कि गड़रिये का गांव।

   पौराणिक मान्यता है कि एक बार कश्मीर घाटी जलमग्न हो गयी थी। घाटी ने एक बड़ी झील का स्वरूप धारण कर लिया था।
   प्राणियों की रक्षा के लिए ऋषि कश्यप ने इस जल को अनेक नदियों एवं अन्य सोतों से बहा दिया था। इसी दौरान ऋषि भृगु पवित्र हिमालय के दर्शन के लिए निकले थे। 

   ऋषि भृगु ने हिमालय दर्शन के दौरान अमरनाथ गुफा के दर्शन किये थे। यहां ऋषि को बर्फानी शिवलिंग के दर्शन हुए थे।
   विशेषज्ञों की मानें तो तभी से यह स्थान शिव आराधना का मुख्य स्थल बन गया। हालात यह कि शिव के अद्भुत दर्शन के लिए श्रद्धालु अनेक संकट एवं कठिनाई को पार कर अमरनाथ गुफा आते हैं। 

   श्रीनगर से अमरनाथ गुफा की दूरी करीब 141 किलोमीटर है। विशेषज्ञों की मानें तो अमरनाथ गुफा का कोई प्राचीन इतिहास नहीं है। गुफा शायद हिमयुग को रेखांकित करती है।
   विशेषज्ञों की मानें तो अमरनाथ गुफा में ही केवल बर्फ का शिवलिंग है। बर्फ का शिवलिंग कश्मीर को छोड़कर विश्व में कहीं भी नहीं है।

  विशेषज्ञों की मानें तो पहले साधु-संत या घर परिवार छोड़ कर तीर्थयात्रा पर निकलने वाले ही अमरनाथ गुफा की यात्रा पर जाते थे। कारण यह यात्रा अति दुर्गम होती है। 
  बदलते हालात में अब बड़ी तादाद में श्रद्धालु दर्शन के लिए जाते हैं। हालांकि अमरनाथ गुफा की यात्रा बेहद कठिन है। फिर भी ऐसा नहीं कि दर्शन के लिए श्रद्धालु न जा सकें। 


   अमरनाथ गुफा की यात्रा के लिए श्रीनगर तक संसाधन उपलब्ध हैं। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर तक पर्यटक या श्रद्धालु हवाई जहाज या रेल की यात्रा कर पहंुच सकते हैं। निकटतम एयरपोर्ट श्रीनगर है।
   श्रीनगर से पहलगाम की यात्रा बस या सड़क माध्यम से की जा सकती है। पहलगाम का निकटतम रेलवे स्टेशन उधमपुर जंक्शन है। जम्मू रेलवे स्टेशन से भी पर्यटक यहां पहुंच सकते हैं।  
   पहलगाम से अमरनाथ गुफा की दूरी करीब 48 किलोमीटर है। बालटाल से गुफा की दूरी करीब 14 किलोमीटर है। पहलगाम से यात्रा करने पर कई पड़ाव पर विश्राम लेना होता है। पहलगाम से पहला पड़ाव 16 किलोमीटर दूर चंदनवाड़ी में होता है। दूसरा पड़ाव करीब 3 किलोमीटर दूूर पिस्सू टॉप है। तीसरा पड़ाव करीब 9 किलोमीटर दूर शेषनाग है। आखिरी पड़ाव करीब 14 किलोमीटर दूर पंचतरणी है। पंचतरणी से पवित्र अमरनाथ गुफा की दूरी करीब 6 किलोमीटर है।
34.038891,75.322863

Monday, 5 November 2018

हेमकुण्ड साहिब: सिखों का तीर्थ

    हेमकुण्ड को सिख समुदाय का श्रेष्ठतम तीर्थ कहा जाना चाहिए। जी हां, हिमालय की गोद में स्थित हेमकुण्ड की यात्रा किसी तप से कम नहीं। 

   उत्तराखण्ड के चमोली में स्थित हेमकुण्ड वस्तुत: प्राकृतिक सुन्दरता के बीच एक धार्मिक स्थान है। समुद्र तल से करीब 4632 मीटर ऊंचाई पर स्थित हेमकुण्ड की अपनी एक विशिष्ट यशोगाथा है। हेमकुण्ड वस्तुत: संस्कृत शब्दार्थ है। हेम का आशय बर्फ एवं कुण्ड का आशय कटोरा से है।

   बर्फीली झील किनारे स्थित हेमकुण्ड चौतरफा सात पर्वत श्रंखलाओं से घिरा है। इन सात पर्वत शिखर पर निशान साहिब की शोभा दिखती है। हेमकुण्ड की यात्रा गोविन्द घाट से पैदल चढ़ाई से करनी होती है। सुरम्य घाटियों-वादियों के मध्य यह यात्रा बेहद रोमांचक एवं सुखद होती है। 

   हिमालय की गोद में रचा-बसा गुरुद्वारा हेमकुण्ड साहिब सिख समुदाय का सबसे पवित्र स्थान माना जाता है। यहां गुरुद्वारा में हेमकुण्ड साहिब सुशोभित हैं। विशेषज्ञों की मानें तो हेमकुण्ड का उल्लेख गुरु गोविन्द सिंह द्वारा रचित दशम ग्रंथ में है। 

   विशेषज्ञों की मानें तो सिख समुदाय के दसवें एवं अंतिम गुरु श्री गोविन्द सिंह ने जीवन में ध्यान साधना की थी। 
   स्थानीय निवासी हेमकुण्ड साहिब को असामान्य, पवित्र, विस्मय एवं श्रद्धा का स्थान मानते हैं। हेमकुण्ड की झील एवं उसके आसपास के क्षेत्र को लोकपाल कहा जाता है। लोकपाल से आशय संरक्षक होता है। 

   झील के किनारे मंदिर भी है। इस मंदिर का निर्माण लक्ष्मण ने कराया था। सिख गुरु गोविन्द सिंह जी ने इस मंदिर में पूजा अर्चना की थी। अब इस स्थान को गुरुद्वारा माना जाने लगा। 
   इस दर्शनीय तीर्थ में चारों ओर बर्फ के ऊंचे पर्वत शिखर दिखते हैं। विशाल झील का जल अति शीतल अर्थात बर्फीला होता है। फिर भी श्रद्धालु स्नान ध्यान कर गुरुद्वारा में मत्था टेकते हैं।

    विशेषज्ञों की मानें तो इस बर्फीली झील में हाथी पर्वत एवं सप्त ऋषि पर्वत श्रंखलाओं से पानी आता है। एक छोटी जलधारा इस सुन्दर झील से प्रवाहमान होती है। इसे हिमगंगा कहते हैं। झील के किनारे लक्ष्मण मंदिर भी स्थित है।

   अत्यधिक ऊंचाई पर होने के कारण हेमकुण्ड साहिब के दर्शन सर्दियों में दुलर्भ होते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो सर्दियों में बर्फ जमी रहती है। जिससे यात्रा मुश्किल हो जाती है। सर्दियों के बाद मई में हेमकुण्ड के पट दर्शन के लिए खुलते हैं। हेमकुण्ड की यात्रा साहस एवं धैर्य से करनी होती है।

    कारण कई बार मुश्किलें भी पेश आती हैं। हालांकि यह मुश्किलें रोमांचक एहसास के पीछे छूट जाती हैं। हेमकुण्ड की मुख्य यात्रा गोविन्दघाट से प्रारम्भ होती है। गोविन्दघाट से घांघरिया तक करीब 13 किलोमीटर दुलर्भ चढ़ाई करनी होती है।

   इसके बाद करीब 6 किलोमीटर पर्वतीय खड़ी चढ़ाई करनी होती है। पर्यटक या श्रद्धालु यहां ट्रैकिंग का भरपूर आनन्द ले सकते हैं। 

   हेमकुण्ड की यात्रा बेहद रोमांचक एवं प्रफुल्लित करने वाली होती है। कारण कहीं पर्वत श्रंखला तो कहीं घाटियां-वादियां होती हैं। प्राकृतिक सौन्दर्य से आच्छादित इलाका बेहद दर्शनीय होता है।

  जिससे पर्यटक थकान का एहसास नहीं करते। प्राकृतिक खूबसूरती के इस सफर में सुन्दर झरनों की श्रंखला भी देखने को मिलती है। इसी के निकट ही फूलों की घाटी भी है।

   हेमकुण्ड साहिब की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जॉली ग्रांट देहरादून है। गोविन्दघाट से जॉली ग्रांट एयरपोर्ट देहरादून की दूरी करीब 292 किलोमीटर है।
   गोविन्दघाट से हेमकुण्ड की यात्रा पैदल तय करनी होती है। निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश है। ऋषिकेश से गोविन्दघाट की दूरी करीब 273 किलोमीटर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी हेमकुण्ड साहिब की यात्रा कर सकते हैं।
30.403601,79.330902

Thursday, 1 November 2018

गौमुख: भागीरथी गंगा का उद्गम स्थल

   गौमुख वस्तुत: भागीरथी गंगा का उद्गम स्थल है। मान्यता है कि गौमुख के बर्फीले जल से स्नान करने से समस्त पाप स्वत: धुल जाते हैं। 

   उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी स्थित गौमुख पौराणिक विशेष महत्व है। उत्तरकाशी के इसी स्थान पर भागीरथी गंगा का धरती पर अवतरण हुआ है।
   समुद्र तल से करीब 3892 मीटर ऊंचाई पर स्थित गौमुख भागीरथी गंगा का अवतरण स्थल होने से धार्मिक एवं आध्यात्मिक मान्यता है। गौमुख का जल शीतल होने के बजाय बर्फीला होता है। 

    गंगोत्री मंदिर से करीब 19 किलोमीटर दूर शीर्ष पर विद्यमान गौमुख की यात्रा भी कम रोमांचक नहीं होती। गंगोत्री से गौमुख की यात्रा पैदल या टट्टुओं के जरिये की जा सकती है। विशेषज्ञों की मानें तो गौमुख का क्षेत्र अति व्यापक है। गौमुख क्षेत्र करीब 25 किलोमीटर लम्बा, करीब 4 किलोमीटर चौड़ा एवं करीब 40 मीटर ऊंचा है। 

   गौमुख वस्तुत: एक सुरम्य शानदार ग्लेशियर है। गौमुख ग्लेशियर की एक छोटी सी गुफा से भागीरथी गंगा का धरती पर अवतरण होता है। इस बड़ी बर्फानी नदी का पवित्र जल करीब 5000 मीटर की ऊंचाई से घाटी तक प्रवाहमान होता है। विशेषज्ञों की मानें तो भागीरथी गंगा का मूल पश्चिम ढ़लान संतोपथ समूह की चोटियों से है। 

   गौमुख से करीब 19 किलोमीटर नीचे गंगोत्री धाम मंदिर स्थित है। गंगोत्री धाम मंदिर समुद्र तल से करीब 3042 मीटर की ऊंंचाई पर स्थित है। 
   पौराणिक कथानक की मानें तो रघुकुल के चक्रवर्ती राजा भगीरथ ने यहां एक पवित्र शिलाखण्ड पर बैठ कर भगवान शंकर की प्रसन्नता के लिए प्रचंड तपस्या की थी। इस पवित्र शिलाखण्ड के निकट ही गंगोत्री धाम मंदिर का निर्माण 19 शताब्दी में किया गया है।

    मान्यता है कि इसी स्थान पर देवी भागीरथी ने धरती का स्पर्श किया है। विशेषज्ञों की मानें तो शिवलिंग के रूप में एक नैसर्गिक चट्टान भागीरथी नदी में जलमग्न है। यहां दैवीय शक्ति की प्रत्यक्ष अनुभूति होती है। 

    पौराणिक आख्यान की मानें तो इसी स्थान भगवान शंकर ने अपनी जटाओं को फैला कर गंगा के वेग को नियंत्रण में लिया था। गंगा का जल स्तर काफी नीचे होने पर पवित्र शिवलिंग के दर्शन होते हैं। गौमुख एवं गंगोत्री धाम सदियों से हिन्दुओं की आस्था एवं आध्यात्मिक प्रेरणा का स्थल रहा है।
   गौमुख से गंगोत्री धाम का क्षेत्र धर्म एवं आध्यात्म के साथ ही एक सुन्दर एवं शानदार पर्यटन स्थल के तौर पर भी विकसित हुआ है। भोज वृक्ष श्रंखला से घिरा यह इलाका अति सुन्दर प्रतीत होता है। 

   देवदार की वन श्रंखला एवं संतोपथ की चोटियों के बीच यह सुन्दर घाटी सुरम्यता एवं विहंगमता का रोमांच पैदा करती है। गौमुख से बाहर निकल कर केदारगंगा तथा भागीरथी का कोलाहल छोड़ कर गंगा का अस्तित्व ग्रहण करती हैं।
  खास यह कि गौैमुख से गंगोत्री धाम का विहंगम क्षेत्र वनस्पतियों की प्रचुरता से आच्छादित है। वनस्पतियों की विशाल एवं असंख्य प्रजातियां इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुन्दरता में चार चांद लगा देती हैं। वन क्षेत्र भी अति सम्पदावान है। वन्य जीवन का कोलाहल भी दर्शनीय होता है। 

   वन्य जीवन: वन्य जीवन का कोलाहल अति दर्शनीय होता है। यहां लंगूर, लाल बंदर, भूरे भालू, सामान्य लोमड़ी, चीता, बर्फीले चीता, भौकते हिरण, सांभर, कस्तूरी मृग एवं साही आदि बड़ी तादाद में पाये जाते हैं।
  मुखबा गांव: मुखबा गांव का मुख्य आकर्षण मुखीमठ मंदिर है। मुखबा गांव के पुजारी ही गंगोत्री धाम मंदिर की पूजा व्यवस्था संचालित करते हैं। गंगोत्री धाम मंदिर के पट बंद होने पर गंगा देवी को इसी गांव धूमधाम से लाया जाता है। बसंत आने तक यहां गंगा की पूजा होती है। 
   भैंरो घाटी : भैंरो घाटी गंगोत्री धाम से करीब 9 किलोमीटर दूर है। भैंरो घाटी वस्तुत: जध, जाह्नवी गंगा एवं भागीरथी का संगम है। तेज बहाव से गंगा गहरी घाटियों में बहती हैं। भैंरो घाटी से हिमालय का मनोरम दृश्य रोमांचित करता है। भैंरो घाटी से भृगु पर्वत श्रंखला, सुदर्शन, मातृ एवं चीड़वासा चोटियों का शानदार दर्शन होता है। 
   नन्दन तपोवन: नन्दन तपोवन गंगोत्री धाम से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित है। तपोवन से शिवालिक चोटियों के भव्य-दिव्य दर्शन होते हैं। गंगोत्री नदी के मुहाने के पार तपोवन है। यह इलाका सुन्दर चारागाह के लिए प्रसिद्ध है।
   गंगोत्री चिरबासा: गंगोत्री चिरबासा एक सुरम्य शानदार स्थल है। चिरबासा से विशाल गौमुख ग्लेशियर का अवलोकन किया जा सकता है। चिरबासा का शाब्दिक अर्थ चिर का पेड़ होता है।
   गंगोत्री भोजबासा: गंगोत्री भोजबासा वस्तुत: भोज वृक्ष की प्रचुरता वाला क्षेत्र है। गंगोत्री से भोजबासा करीब 14 किलोमीटर दूर है। यहां लाल बाबा द्वारा संचालित आश्रम में भोजन की निशुल्क व्यवस्था रहती है। कहावत है कि यहां ब्राह्म कमल के दर्शन होते हैं। ब्राह्म कमल ब्राह्मा जी का आसन है।
    केदारताल: केदारताल गंगोत्री धाम से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित है। पर्वतारोहण का बेहतरीन इलाका है। समुद्र तल से करीब 15000 फुट की ऊंचाई वाला यह इलाका शांत वातावरण के लिए खास तौर से जाना पहचाना जाता है। केदार ग्लेशियर के पिघलते बर्फ से बनी यह झील भागीरथी की सहायक नदी केदार गंगा का उद्गम स्थल है।
   गोमुख की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जॉली ग्रांट देहरादून है। जॉली ग्रांट एयरपोर्ट देहरादून से गोमुख की दूरी करीब 240 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश है। ऋषिकेश से गोमुख की दूरी करीब 270 किलोमीटर है। श्रद्धालु या पर्यटक सड़क मार्ग से भी गोमुख की यात्रा कर सकते हैं।
30.997480,78.923400

तारापीठ मंदिर: धार्मिक पर्यटन    शक्ति उपासना स्थल तारापीठ को अद्भुत एवं विलक्षण धार्मिक स्थल कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। ज...