Tuesday, 19 March 2019

निष्कलंक महादेव मंदिर: अद्भुत तीर्थ

   निष्कलंक महादेव मंदिर को विलक्षण एवं अद्भुत कहा जाना चाहिए। जी हां, भारत के गुजरात के भावनगर में स्थित निष्कलंक महादेव का मंदिर विलक्षण ही नहीं अद्भुत भी है। 

   भावनगर के कोलियाक तट पर स्थित महादेव का यह मंदिर समुद्र में करीब तीन किलोमीटर दूर आंतरिक क्षेत्र में है। यह आश्चर्यजनक है कि समुद्र की शानदार लहरों के मध्य स्थित निष्कलंक महादेव प्रतिष्ठापित हैं। 

   खास यह कि अरब सागर की शानदार एवं विशाल लहरें निष्कलंक महादेव का निरन्तर जलाभिषेक करती हैं। इस दिव्य-भव्य मंदिर में पांच स्वयंंभू शिवलिंग हैं। 
  खास यह कि हर शिवलिंग के सामने एक नंदी विद्यमान है। एक वर्गाकार दिव्य-भव्य चबूतरा के हर कोना पर एक शिवलिंग विद्यमान है। इसी चबूतरा पर एक छोटा सा तालाब है। 

   इसे पाण्डव तालाब के नाम से जाना पहचाना जाता है। श्रद्धालु शिवलिंग की पूजा-अर्चना करने से पहले इसी तालाब में हाथ-मुंह धोते हैं। इसके बाद निष्कलंक महादेव की पूजा अर्चना की जाती है। 
   मान्यता है कि निष्कलंक महादेव का यह मंदिर महाभारत काल से भी पूर्व का है। मान्यता है कि महाभारत युद्ध समाप्त होने के उपरांत पाण्डव बंधु अत्यधिक दुखी थे। पाण्डव बंधुओं को अपने सगे-संबंधियों का वध करने का अपराध बोध था। 

   पाण्डव बंधुओं ने गुजरात के कोलियाक तट पर आकर अपराध बोध से मुक्ति के लिए तप किया था। पाण्डव की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने प्रकट होकर साक्षात दर्शन दिये थे। 
  मान्यता है कि तभी से निष्कलंक महादेव प्राण प्रतिष्ठापित हैं। पाण्डव की संख्या के आधार पर ही निष्कलंक महादेव यहां पांच स्थानों पर विद्यमान हैं। 

   चूंकि निष्कलंक महादेव का यह स्थान कोलियाक तट से समुद्र के आंतरिक क्षेत्र में करीब तीन किलोमीटर दूर है।
   लिहाजा श्रद्धालुओं को निष्कलंक महादेव के दर्शन के लिए पैदल ही जाना पड़ता है। समुद्र के मध्य महादेव के इस स्थान के दर्शन कर श्रद्धालु रोमांचित हो उठते हैं। 

   भारी ज्वार आने की दशा में दूर से मंदिर की सिर्फ पताका ही दर्शन देती है।  ज्वार का दायरा कम होने के साथ ही निष्कलंक महादेव के दर्शन होने लगते हैं। मानों समुद्र महादेव की आराधना कर रहे हों। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को जलमार्ग से ही जाना होता है। 

   निष्कलंक महादेव खास तौर से गुजरात के सांस्कृतिक शहर भावनगर का एक विशिष्ठ धार्मिक स्थान है। भावनगर के इस धार्मिक स्थान कोे हिन्दुओं का तीर्थ भी कहा जा सकता है। हालांकि भावनगर स्वयं भी एक सांस्कृतिक शहर है। 

   श्रद्धालु भावनगर में निष्कलंक महादेव के दर्शन कर शहर के अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थानों का भी भ्रमण कर सकते हैं। पर्यटन की दृष्टि से भी भावनगर काफी कुछ विशेष है।
   पर्यटक शत्रुंजय हिल्स शानदार हिल स्टेशन का आनन्द ले सकते हैं। शत्रुंजय हिल्स पर जैन मंदिर पलिताना एवं वेलवदर अभयारण्य भी दर्शनीय है। 

  शाही निवास दरबारगढ़ की भी पर्यटक सैर कर सकते हैं। भावनगर के शासकों ने मोतीबाग एवं नीलमबाग महल को अपना निवास बनाया था।
   शाही निवास शहर के मध्य में स्थित है। गुजरात के इस सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक शहर में आकर्षक एवं पसंदीदा स्थानों की एक लम्बी श्रंखला है।

   भावनगर का ब्राह्मकुण्ड, नीलांबोंफ पैलेस, तख्तेश्वर मंदिर, पलिताना जैन मंदिर, गोपीनाथ महादेव मंदिर, खोदियार मंदिर, गंगा देवी मंदिर, अलंग ब्रोकिंग साइट, विक्टोरिया पार्क आदि इत्यादि बहुत कुछ है। विक्टोरिया पार्क पक्षी प्रेमियों एवं प्रकृति प्रेमियों का स्वर्ग है।
   निष्कलंक महादेव मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध है। निकटतम एयरपोर्ट भावनगर एयरपोर्ट है। निकटतम रेलवे स्टेशन भावनगर जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी निष्कलंक महादेव मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
23.014509,72.591759

Saturday, 16 March 2019

श्री कृष्ण जन्म भूमि मंदिर: श्रेष्ठतम तीर्थ

   श्री कृष्ण जन्म भूमि को हिन्दुओं का श्रेष्ठतम तीर्थ कहा जाना चाहिए। जी हां, भारत के उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर में स्थित श्री कृष्ण जन्म भूमि हिन्दुओं की आस्था एवं विश्वास का केन्द्र है।

   श्री कृष्ण जन्म भूमि मथुरा वस्तुत: धर्म, आध्यात्म एवं साधना की धरती है। भगवान श्री कृष्ण का जन्म मथुरा की इस धरती पर हुआ था।
  इसीलिए मथुरा का राष्ट्रीय महत्व है। भगवान श्री कृष्ण का भव्य-दिव्य मंदिर मथुरा का मुख्य आकर्षण है।

  मंदिर में मुख्य रूप से राधा-कृष्ण की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठित है। आराध्य भगवान श्री कृष्ण के दर्शन के लिए विश्व के श्रद्धालु एवं पर्यटक उमड़ते हैं।
  भगवान श्री कृष्ण के इस दिव्य-भव्य मंदिर को कटरा केशव देव मंदिर के नाम से भी जाना पहचाना जाता है। 

   भगवान श्री कृष्ण का यह वास्तविक जन्म स्थान है। सम्राट चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के शासनकाल में मंदिर को दिव्य-भव्य स्वरूप दिया गया था। भगवान श्री कृष्ण का यह मंदिर भारत के दिव्य-भव्य मंदिरों मेें से एक है। 

  एक बार फिर देश के शीर्षस्थ उद्योगपतियों के सहयोग से मंदिर के स्वरूप को विस्तार दिया गया। मंदिर का रखरखाव एवं देखरेख एक ट्रस्ट के अधीन है।
   किवदंती है कि राजा वासुदेव एवंं उनकी पत्नी देवकी को मथुरा के राजा कंस ने इस स्थान पर कैद कर रखा था।

  राजा वासुदेव को एक आकाशवाणी-भविष्यवाणी के तहत कैद किया गया था। भविष्यवाणी थी कि देवकी का पुत्र राजा कंस के वध का कारण होगा।
  लिहाजा राजा कंस ने राजा वासुदेव एवं देवकी को कैद में रखा था। इस कारागार के उपर ही भगवान श्री कृष्ण का यह मंदिर विद्यमान है। 

   खास यह कि मंदिर को तीन भागों में विभक्त किया गया है। गर्भगृह अर्थात भगवान श्री कृष्ण का वास्तविक जन्म स्थान है। खास यह कि मंदिर में प्रवेश करते ही एक सुखद शांति का एहसास श्रद्धालुओं को होता है। 
  श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में गर्भगृह, दर्शन मण्डपम, केशवदेव मंदिर, भागवत भवन, श्री कृष्ण कठपुतली लीला एवं वैष्णो देवी गुफा आदि बहुत कुछ दर्शनीय है। एक अन्य मंदिर अष्टभुजा मा योगमाया को समर्पित है।

   कारागार की कोठरी को धीरे-धीरे सुन्दर मंदिर में परिवर्तित कर दिया गया। गर्भगृह के उपर एक शानदार बरामदा बना है। जिस पर संगमरमर के शानदार पत्थर लगे हैं।
  इसे चमत्कार ही कहा जायेगा कि संगमरमर के इन पत्थरों पर भगवान श्री कृष्ण की छवियां स्वत: उभर आयी हैं। 

   भगवान श्री कृष्ण के जन्म स्थान पर केवल केशवदेव मंदिर ही प्राचीनकालीन है। केशवदेव मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के अति सुन्दर बाल विग्रह हैं। 
   भागवत भवन का निर्माण वर्ष 1982 में किया गया था। इस दिव्य-भव्य भवन में राधा-कृष्ण की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा है। इसमें अन्य कई मंदिर हैं। 

  इनमें खास तौर से जगन्नाथ जी, सुभद्रा एवं बलराम, सीता-राम-लक्ष्मण, महादेव शिव का मंदिर आदि हैं। इनके अलावा हनुमान जी का मंदिर, शेरावाली माता का मंदिर है।
   विशेषज्ञों की मानें तो इस स्थल के खनन से प्राचीन बर्तन, प्राचीन मूर्तियों, रॉक आधारित स्लैब सहित काफी कुछ कलाकृतियां मिली थीं।

   कलाकृतियों सहित अन्य सभी सामग्री मंदिर परिसर के संग्रहालय में प्रदर्शित हैं। खास यह कि मंदिर परिसर मेें कई अन्य देवी देवताओं को समर्पित मंदिर हैं। श्री कृष्ण जन्म भूमि अर्थात मथुरा को तीनों लोक मेें न्यारी नगरी कहा जाता है। 

  मान्यता है कि भगवान श्री कृष्ण अभी भी मथुरा में वास करते हैं। मंदिर में भगवान श्री कृष्ण की जन्माष्टमी बड़ी धूमधाम से मनायी जाती है। मथुरा का यह उत्सव भारत सहित दुनिया में खास ख्याति रखता है।

  भगवान श्री कृष्ण का जन्म मध्य रात्रि में हुआ था। लिहाजा जन्माष्टमी पर मध्य रात्रि यहां उत्सव दर्शनीय होता है।
   श्री कृष्ण जन्म भूमि मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट नई दिल्ली स्थित इन्दिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। निकटतम रेलवे स्टेशन मथुरा जंक्शन है। श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी श्री कृष्ण जन्म भूमि मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
27.573030,77.693240

Thursday, 14 March 2019

शारदा सिद्धपीठ: हिन्दुओं का तीर्थधाम

    शारदा मंदिर को सिद्धपीठ कहा जाना चाहिए। शारदा मंदिर हिन्दुओं का प्रसिद्ध तीर्थधाम भी है। भारत के मध्य प्रदेश के सतना जिला का यह प्रसिद्ध देवी स्थान बेहद लोकप्रिय है।

   खास यह कि श्रद्धालुओं की अगाध श्रद्धा का केन्द्र शारदा मंदिर को मैहर मंदिर के नाम से भी जाना पहचाना जाता है। मैहर वस्तुत: सतना जिला का एक छोटा शहर है। मंदिर मुख्यत: माता शारदा को समर्पित है।

  नैसर्गिक रूप से समृद्ध कैमूर तथा विंध्य पर्वत श्रंखला के मध्य स्थित माता शारदा देवी का यह मंदिर समुद्र तल से करीब 367 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। तमसा नदी के तट पर त्रिकूट पर्वत पर विद्यमान शारदा पीठ को सिद्धपीठ माना जाता है। 

   विशेषज्ञों की मानें तो यह ऐतिहासिक मंदिरों की श्रंखला में 108 सिद्धपीठ में से एक है। इसे भगवान नरसिंह पीठ के नाम से भी जाना पहचाना जाता है। बताते हैं कि आल्हा एवं ऊदल दोनों भाई मां शारदा के अनन्य उपासक थे। 

   पर्वत की तलहटी में आल्हा-ऊदल का तालाब एवं अखाड़ा आज भी विद्यमान है। खास यह कि मां शारदा के साथ ही नरसिंह देव की प्रतिमा भी प्राण प्रतिष्ठित है। यह प्रतिमा अति प्राचीन है। मां शारदा का यह स्थान सती के अवशेष से ताल्लुक रखता है। 

   विशेषज्ञों की मानें तो मैहर के इस त्रिकूट पर्वत पर सती के आभूषण अर्थात गले का हार गिरा था। माई का हार गिरने की कथा प्रचलित होने से इस स्थान को मैहर कहा जाने लगा। 

  बताते हैं, जिन स्थानों पर सती के शव अवशेष गिरे, वहां शक्तिपीठ की स्थापना की गयी। मैहर वस्तुत: मैहर रियासत की राजधानी रहा।
   शारदा देवी का यह मंदिर शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर त्रिकूट पर्वत पर स्थित है। मंदिर के निकट ही प्राचीन शिलालेख हैं। जिसमें मंदिर की प्राचीनता का उल्लेख है। 

   विशेषज्ञोें की मानें तो मंदिर का ताल्लुक शैव संत से समाज से है। बौद्ध धर्म एवं जैन धर्म का भी उल्लेख यहां मिलता है। 
  बिशेषज्ञों की मानें तो शारदा देवी के इस स्थान को प्राचीनकाल में जंगल की देवी भी कहा जाता था। कारण त्रिकूट पर्वत का यह इलाका प्राचीनकाल में अति घना जंगल ही था। 

   शारदीय एवं चैत्र नवरात्र में शारदा देवी शक्तिपीठ पर भारी मेला का आयोजन होता है। इस दिव्य-भव्य मेला में भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आना होता है। मान्यता है कि मां शारदा के दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं का कल्याण होता है।

  मनौती के लिए यहां धागा बांधने की परम्परा है। इच्छित मनोकामनाएं पूर्ण होने पर श्रद्धालु मां के दरबार में मत्था टेकने आते हैं।

   मां शारदा मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। मैहर का निकटतम एयरपोर्ट जबलपुर एवं रीवा हैं। जबलपुर एयरपोर्ट से शारदा पीठ की दूरी करीब 145 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेेशन मैहर जंक्शन है। पर्यटक या श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
24.256900,80.763800

Wednesday, 6 March 2019

दरगाह शरीफ: बेहतरीन इबादतगाह

   दरगाह शरीफ को एक सिद्ध स्थान कहा जाना चाहिए। जी हां, दरगाह शरीफ वस्तुत: सूफी-संत मोइनुद्दीन चिश्ती का पवित्र स्थान है।

  भारत के राजस्थान के शहर अजमेर में स्थित दरगाह शरीफ वस्तुत: मुस्लिम समाज का तीर्थ है। 
  हालांकि दरगाह शरीफ के प्रति सभी धर्म के श्रद्धालुओं में एक खास श्रद्धा एवं आस्था होती है। दरगाह शरीफ सूफी-संत मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह अर्थात समाधि है। 

  श्रद्धालु दरगाह पर चादर एवं फूल चढ़ाते हैं। मान्यता है कि दरगाह में मन्नत मांगने वालों की इच्छाओं की पूर्ति होती है। दरगाह शरीफ पर धागा बांधने की भी परम्परा है।

  मान्यता है कि धागा बांधने से इच्छित मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। इच्छा पूर्ण होने पर श्रद्धालु धागा खोलते हैं।
   खास यह कि दरगाह शरीफ सदैव सुगंध से महकता रहता है। इतना ही नहीं सूफियाना कव्वाली का दौर भी अनवरत जारी रहता है। 

   दरगाह शरीफ उत्तम मुगल वास्तुकला का शानदार एवं उत्तम आयाम है। श्रद्धालुओं को यहां एक सुखद शांति का एहसास होता है।
   खास यह कि दरगाह शरीफ भारत सहित दुनिया भर में अति लोकप्रिय एवं प्रसिद्ध है। वैश्विक हस्तियां भी दरगाह शरीफ में माथा नवाती हैं।
  दरगाह शरीफ को अजमेर शरीफ भी कहा जाता है। चूंकि दरगाह शरीफ अजमेर में स्थित है। 

   लिहाजा इसे दरगाह अजमेर शरीफ कहा जाता है। पर्यटक या श्रद्धालु दरगाह शरीफ की स्थापत्य कला से मुग्ध हुए बिना नहीं रह पाते हैं। सूफी संत मोइनुद्दीन चिश्ती का यह स्थान बेहद विलक्षण है।
  मान्यता है कि यहां कोई इबादत खाली नहीं जाती। दरगाह का मकबरा दर्शनीय है। दरगाह शरीफ में प्रवेश के लिए कई दरवाजे हैं। 

  मुख्य द्वार को निजाम द्वार कहा जाता है। निजाम द्वार का निर्माण हैदराबाद के निजाम ने 1911 में कराया था।
   लिहाजा इसे निजाम द्वार के नाम से जाना पहचाना जाता है। निजाम मीर उस्मान अली खां ने इस भव्य-दिव्य द्वार का निर्माण कराया था। इसे ही निजाम गेट कहा जाता है। 

  इसकी ऊंचाई करीब 70 फुट है। चौड़ाई भी करीब 24 फुट है। मुगल सम्राट शाहजहां ने शाहजहानी द्वार को अस्तित्व दिया। इस द्वार को शाहजहानी कहा जाता है।
   दरवाजा नक्कारखाना काफी पुराने तौर तरीके का है। खास यह कि इसके ऊपर शाही जमाने का नक्कारखाना है। इसी लिए इसे नक्कारखाना शाहजहानी गेट कहा जाता है।

  अंत में सुल्तान खिलजी ने बुलंद दरवाजा का निर्माण कराया था। यह दरवाजा फतेहपुर सिकरी के किला के बुलंद दरवाजा से भिन्न है।
  मान्यता है कि ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती वर्ष 1192 में अजमेर सुल्तान साबुद्दीन के साथ अजमेर आये थे। इसके बाद वह यहीं बस गये थे।

  बताते हैैं कि सूफी-संत के पास कई चमत्कारिक शक्तियां थीं। जिससे कुछ ही समय में ख्याति फैल गयी। दरगाह शरीफ अजमेर शहर में ऊंची-ऊंची पहाड़ियों के बीच स्थित है।
   दरगाह शरीफ शहर के मध्य में है। जिसका सबसे सुन्दर एवं बेहतरीन दरवाजा मुख्य बाजार की ओर है। चार यार की मजार जामा मस्जिद की दक्षिणी दीवार की ओर एक छोटा सा दरवाजा है। 

   इस दरवाजा के बाहर एक बड़ा कब्रिास्तान है। यहां सूफियों-फकीरों की मजारें हैं। मान्यता है कि यहां चार बुजुर्गों की मजारें भी हैं।
   यह गरीब बुजुर्ग ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के साथ आये थे। अकबरी मस्जिद अकबर के जमाने की याद कराती है। 

   बादशाह अकबर ने इस मस्जिद का निर्माण कराया था। बुलंद दरवाजा के सामने एक गुंबद की तरह सुन्दर छतरी है। इसमें एक पीतल का चिराग है। इसे सेहन का चिराग कहते हैं। 
  दरगाह शरीफ में एक बड़ी देग है। मान्यता है कि बादशाह अकबर ने प्रतिज्ञा की थी कि चित्तौड़गढ़ युद्ध जीतने के बाद अजमेर दरगाह में एक बड़ी देग दान करेंगे। यह वही देग है।

  दरगाह शरीफ की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट सांगानेर एयरपोर्ट जयपुर है।
   जयपुर एयरपोर्ट से दरगाह शरीफ की दूरी करीब 135 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन अजमेर जंक्शन है। श्रद्धालु या पर्यटक सड़क मार्ग से भी दरगाह शरीफ की यात्रा कर सकते हैं।
26.460010,74.627780

Monday, 4 March 2019

श्री बाला जी धाम: अद्भुत दर्शन

   श्री बाला जी धाम की महिमा को अद्भुत कहा जाना चाहिए। जी हां, श्री बाला जी धाम की महिमा निराली एवं अद्भुत है। 

   भारत के प्रांत राजस्थान के दौसा जिला में स्थित श्री बाला जी धाम अति दर्शनीय एवं विशेष है। हनुमान जी को समर्पित यह स्थान देश-दुनिया में बेहद प्रसिद्ध है। 
  मान्यता है कि श्री बाला जी धाम प्रेत बाधाओं से भी मुक्ति प्रदान करता है। वस्तुत: यह हनुमान जी का मंदिर है। 

  खास तौर से इस स्थान की ख्याति मेंहदीपुर बाला जी के नाम से है। मेंहदीपुर दो विहंगम पर्वत श्रंखलाओं के मध्य रचा-बसा है। 
  एक पर्वत में ही श्री बाला जी की प्रतिमा विद्यमान है। मेंहदीपुर की जलवायु एवं पवित्र वातावरण मन को शांति एवं आनन्द प्रदान करता है। 

   वस्तुत: श्री बाला जी धाम तीन देवताओं का स्थान है। इनमें मुख्य स्थान हनुमान जी अर्थात बाला जी का है।
  बाला जी के अलावा श्री प्रेतराज सरकार एवं श्री कोतवाल सरकार हैं। भैरव जी को कोतवाल सरकार कहा जाता है।

   मान्यता है कि श्री बाला जी, श्री प्रेतराज सरकार एवं श्री कोतवाल सरकार करीब 1000 वर्ष पूर्व इस स्थान पर स्वत: प्रकट हुए थे। श्री बाला जी के प्रकट होने से लेकर अब तक करीब 12 महंत पूजा पाठ कर चुके हैं। 

  बताते हैं कि मेंहदीपुर कभी घना जंगल था। घना जंगल होने के कारण भययुक्त स्थान था। शेर, बाघ, चीता आदि इत्यादि के साथ ही चोर लुटेरों का भय भी हमेशा बना रहता था।
  मान्यता है कि मेंहदीपुर के एक ब्राह्मण परिवार को श्री बाला जी ने स्वप्न में दर्शन दिये थे। 

  ब्राह्मण स्वप्न में ही उठ कर चल दिये तो विचित्र लीला देखी कि एक ओर से हजारों दीपक जलते हुए चले आ रहे थे। हाथी घोड़ों की फौज भी दर्शनीय थी। यह सब एक भव्य-दिव्य फौज का स्वरूप था। फौज ने श्री बाला जी के दर्शन किये।

  स्वप्न में उनको श्री बाला जी, प्रेतराज सरकार एवं भैरव जी अर्थात कोतवाल सरकार ने दर्शन दिये। कहा कि उठो मेरी सेवा करो।
  इसी के साथ ही इस स्थान का महत्व बढ़ने लगा। चमत्कार होने लगे। खास यह कि श्री बाला जी धाम की हनुमान प्रतिमा पर्वत में ही विद्यमान है। 

  इस अद्भुत प्रतिमा को पर्वत का ही अंग माना जाता है। समूचा पर्वत ही मानों उनका कनक भूधराकार शरीरा है।
  इस मूर्ति के चरणों में ही एक छोटी सी कुण्डी थी। इस दिव्य-भव्य कुण्डी का जल कभी समाप्त नहीं होता था।


   रहस्य यह है कि श्री बाला जी की प्रतिमा की छाती के नीचे एक बारीक जलधारा प्रवाहित होती रहती है। यह जलधारा श्री बाला जी को चोला चढ़ने के बाद भी बंद नहीं होती। इस प्रकार श्री बाला जी धाम में हनुमान जी, प्रेतराज सरकार एवं भैरव जी विद्यमान हैं। 

   खास यह कि श्री बाला जी धाम में भक्त-श्रद्धालु अर्जी एवं दरख्वास्त लगाते हैं। मनौती मांगते हैं। मान्यता है कि श्री बाला जी के दर्शन मात्र से प्रेत बाधाओं मुक्ति मिलती है।
  निकट ही समाधि वाले बाबा का स्थान है। यहां प्रेत बाधाओं की लीलाओं को सार्वजनिक तौर पर देखा जा सकता है।

  प्रेत बाधाओं से मुक्ति के लिए देश भर से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। मान्यता है कि श्री बाला जी धाम के दर्शन मात्र से ही श्रद्धालुओं का कल्याण होता है।


   श्री बाला जी धाम की यात्रा के सभी आवश्यक ंसंसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट सांगानेर एयरपोर्ट है। इसके अलावा पर्यटक आगरा एयरपोर्ट से भी मेंहदीपुर की यात्रा कर सकते हैं।
  निकटतम रेलवे स्टेशन बांदीकुई जंक्शन है। श्रद्धालु पर्यटक सड़क मार्ग से भी श्री बाला जी धाम की यात्रा कर सकते हैं।
26.900200,76.330400

तारापीठ मंदिर: धार्मिक पर्यटन    शक्ति उपासना स्थल तारापीठ को अद्भुत एवं विलक्षण धार्मिक स्थल कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। ज...