Friday, 5 October 2018

मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर: विलक्षण द्रविड़ वास्तुकला

   मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर को द्रविड़ वास्तुकला का अद्भुत आयाम कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का श्रेष्ठतम केन्द्र है। 

   दक्षिण भारत का यह मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर अति धनाढ्य भी है। सुन्दर एवं अति विशिष्ट मंदिरों से चौतरफा घिरा होने के बावजूद मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर की अपनी एक अलग ख्याति है। तमिलनाडु के मदुरै नगर का यह विशिष्ट मंदिर देश विदेश में विशेष ख्याति रखता है। 

   खास यह कि तमिलनाडु के इस शीर्ष मंदिर में सौन्दर्य शास्त्र एवं धर्म साथ-साथ दिखता है। विशेषज्ञों की मानें तो सुन्दरेश्वर स्वयं में ईश्वर का सुन्दर स्वरूप है। दक्षिण भारत के इस ऐतिहासिक मंदिर में मछली की आंख वाली देवी का स्वरूप विद्यमान है। 
  विशेषज्ञों की मानें तो पौराणिक कथानक के अनुसार भगवान शिव यहां सुन्दरेश्वर के रूप में राजा मलयध्वज की पुत्री राजकुमारी मीनाक्षी से विवाह रचाने आये थे।

    मीनाक्षी को देवी पार्वती का अवतार माना जाता है। शिव पार्वती के इस स्थान को अति पवित्र माना जाता है। लिहाजा यह स्थान मीनाक्षी एवं सुन्दरेश्वर को समर्पित है। इस लिहाज से इसे शिव-पार्वती का भी स्थान कहा जाता है। कहावत है कि भगवान सुन्दरेश्वर एवं राजकुमारी मीनाक्षी के इस विवाह समारोह में सभी देवी-देवता मदुरै में एकत्र हुये थे।

   भगवान विष्णु स्वयं बैकुण्ठ निवास से इस विवाह का संचालन करने आये थे। करीब 45 एकड़ भूमि क्षेत्रफल में फैला दक्षिण भारत का पुरातन एवं प्रसिद्ध मंदिर भव्यता-दिव्यता को रेखांकित करता है। इसमें प्रवेश के लिए 12 द्वार हैं। मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर खास तौर से अपनी स्थापत्य कला एवं वास्तुशिल्प के लिए विश्व प्रसिद्ध है। 

   मंदिर के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर नक्काशी युक्त करीब 50 फुट ऊंचाई वाला शिखर है। इसमें देवी-देवताओं का सुन्दर एवं विलक्षण अंकन है। नक्काशी से अंकित देवी-देवताओं की आकृतियां अति दर्शनीय हैं। इस मंदिर में 985 से अधिक सुन्दर एवं नक्काशी वाले स्तम्भ हैं।

   खास यह कि इस दिव्य-भव्य मंदिर की स्थापत्य कला एवं वास्तुकला आश्चर्यचकित कर देने वाली है। इस इमारत समूह में 12 गोपुरम हैं। कुशल चित्रकारी एवं रंग संयोजन आकर्षित करता है। कहावत है कि इन्द्र को भगवान शिव की मूर्ति शिवलिंग के रूप में मिली थी।
   लिहाजा इन्द्र ने ही मूल मंदिर का निर्माण कराया था। इस प्रथा को मंदिर में आज भी देखा जा सकता है। यहां खास त्योहार चितिरई तिरुविझा है। विशेषज्ञों की मानें तो मीनाक्षी सुन्देश्वर मंदिर का गर्भगृह 3500 वर्ष से भी अधिक पुराना है।

   इस दिव्य-भव्य मंदिर में शिव की नटराज मुद्रा भी स्थापित है। शिव की यह मुद्रा सामान्यत: नृत्य करते हुये है। कहावत है कि राजा राजशेखर पांड्य की प्रार्थना पर भगवान शिव ने यहां अपनी नटराज मुद्रा बदल ली थी। मीनाक्षी मंदिर में एक पवित्र सरोवर भी है। करीब 165 फुट लम्बा एवं 120 फुट चौड़ा सरोवर आस्था एवं विश्वास का स्थल है। 

    इसे स्वर्ण कमल वाला सरोवर कहा जाता है। इसमें होने वाले कमलों का वर्ण सुवर्ण है। मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर में सहस्त्र स्तंभ मण्डप भी है। इस मण्डप का शिल्प दर्शनीय है।
   यह मण्डप भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अनुरक्षण में है। इसमें 985 स्तंभ सुशोभित हैं। ऐसी अवधारणा है कि इस मण्डप का निर्माण आर्य नाथ मुदलियार ने कराया था। 

   मुदलियार की अश्वारोही मूर्ति मण्डप की सीढ़ियों के निकट ही स्थापित है। मण्डप को द्रविड़ शिल्पकारी का बेहतरीन नमूना कहेंगे। इस भव्य-दिव्य मण्डप में मंदिर कला संग्रहालय भी है। इसमें मूर्तियां, छायाचित्र, पेंटिंग्स आदि-इत्यादि का 1200 वर्ष पुराना इतिहास देख सकते हैं। 

   पश्चिम में संगीतमय स्तंभ भी है। मण्डप के स्तंभ से विभिन्न स्वरलहरियां प्रस्फुटित होती हैं।
    मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट मदुरै है। निकटतम रेलवे स्टेशन भी मदुरै है। श्रद्धालु या पर्यटक सड़क मार्ग से भी मीनाक्षी सुन्दरेश्वर मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
9.918460,78.118170

Thursday, 4 October 2018

सबरीमाला मंदिर: श्रेष्ठतम तीर्थाटन

   सबरीमाला मंदिर को श्रेष्ठतम तीर्थाटन की संज्ञा दें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जी हां, दक्षिण भारत का सबरीमाला मंदिर देश के अति धनाढ्य धार्मिक स्थलों में भी एक है।

   केरल के पेरियार टाइगर रिजर्व में स्थित सबरीमाला मंदिर हिन्दुओं का एक बड़ा तीर्थ माना जाता है। समुद्र तल से करीब 1000 मीटर की ऊंचाई पर यह मंदिर स्थित है। श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का यह केन्द्र केरल के पथनाथिटा जिला में स्थित है।

  विशेषज्ञों की मानें तो सबरीमाला मंदिर शैव एवं वैष्णव की एक अति समृद्ध कड़ी है। मलयालम में शबरीमाला का शाब्दिक अर्थ पर्वत से होता है। शबरीमाला मंदिर वस्तुत: प्रभु अयप्पा को समर्पित है।
   विशेषज्ञों की मानें तो अष्टम स्कंध एवं स्कंदपुराण के असुर काण्ड में शिशु शास्ता का उल्लेख है। प्रभु अयप्पा शिशु शास्ता के अवतार मानें जाते हैं। प्रभु अयप्पा को प्रभु अयप्पन भी कहा जाता है। कहावत है कि शिशु शास्ता का जन्म मोहिनी वेशधारी विष्णु एवं शिव के समागम से हुआ था। 

  अयप्पन का यह मंदिर सबरीमाला पूणकवन के नाम से भी विख्यात है। खास यह कि यह सबरीमाला मंदिर सहयाद्री पर्वत श्रंखला के शिखर पर विद्यमान है। हालांकि हिन्दुओं का यह तीर्थधाम 18 पहाड़ियों के मध्य स्थित है। इस तीर्थधाम को श्रीधर्मषष्ठ मंदिर भी कहा जाता है। 

   मान्यता है कि भगवान परशुराम ने अयप्पन पूजा के लिए सबरीमाला की यह मूर्ति स्थापित की थी। हालांकि इस स्थान को रामायण काल की सबरी से भी जोड़ कर देखते हैं।
   सबरीमाला मंदिर को समन्वय एवं सद्भाव का प्रतीक भी माना जाता है। सबरीमाला मंदिर में अयप्पन के अलावा मालिकापुरत अम्मा, गणेश, नागराजा सहित कई अन्य देवी-देवता विराजमान हैं।

   विशेषज्ञों की मानें तो सबरीमाला के दर्शन करने प्रति वर्ष 100 मिलियन से अधिक श्रद्धालु आते हैं। सुन्दर एवं सुरम्य पर्वत श्रंखला के मध्य स्थित सबरीमाला मंदिर धार्मिक स्थान होने के साथ ही बेहतरीन पर्यटन स्थल भी है। सबरीमाला मंदिर की स्थापत्य कला भी अति सुन्दर एवं लुभावनी है। 

   खास यह कि यहां एक अजीब सी शांति का एहसास होता है। उत्सव की अवधि में प्रभु अयप्पन का घी से अभिषेक किया जाता है। मंत्रोचारण से पर्वत श्रंखला अनुगूंजित हो उठती है। सुसज्जित हाथियों की एक लम्बी श्रंखला यहां शोभायमान दिखती है। इस अवसर पर अरावणा प्रसाद का वितरण किया जाता है। 

   खास यह कि मलयालम महीनों के प्रथम पांच दिन मंदिर के कपाट दर्शन हेतु खुलते हैं। प्रभु अयप्पन के दर्शन का विधि विधान है। इस विधि विधान के अनुसार ही कोई श्रद्धालु अयप्पन के दर्शन कर सकता है। दर्शन में धर्म जाति का कोई बंधन नहीं है। सबरीमाला मंदिर को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा तीर्थधाम माना जाता है। प्रभु अयप्पन ब्राह्मचारी थे। 

   मान्यता है कि कोई श्रद्धालु तुलसी या रुद्राक्ष की माला धारण कर व्रत रखे। साथ ही नैवेद्य की पोटली लेकर दर्शन करने आये तो उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
  सबरीमाला मंदिर की व्यवस्थाएं त्रावणकोर देवास्वम बोर्ड संचालित करता है। राजधानी तिरुअनन्तपुरम से करीब 175 किलोमीटर दूर पम्पा है। पम्पा से करीब पांच किलोमीटर दूर पश्चिम घाट से सहयाद्री पर्वत श्रंखला प्रारम्भ हो जाती है। 

   इस पर्वत श्रंखला पर ही सबरीमाला मंदिर स्थित है। सबरीमाला मंदिर क्षेत्र में देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के विश्राम की भी व्यवस्था है। श्रद्धालु यदि कुछ दिन सबरीमाला में कुछ दिन ठहरना चाहते हैं तो पम्पा एवं सन्निधानम में व्यवस्था है। इसके लिए बोर्ड से परामर्श करना चाहिए।

   सबरीमाला मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट तिरुअनन्तपुरम में है। तिरुअनन्तपुरम से सबरीमाला मंदिर की दूरी करीब 92 किलोमीटर है। तिरुअनन्तपुरम रेलवे जंक्शन भी है। हालांकि निकटतम रेलवे स्टेशन कोच्चि एवं कोट्टायम है। पर्यटक एवं श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी सबरीमाला मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
10.035710,76.272590

Monday, 1 October 2018

ज्वाला देवी : दिव्य ज्योति के दर्शन

   कालीधार पर्वत श्रंखला के मध्य विराजमान ज्वाला देवी की महिमा को अद्भुत कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी।
    ज्वाला देवी का यह स्थान देश के 51 शक्तिपीठ में से एक है। ज्वाला देवी के इस विलक्षण मंदिर में देवी भगवती की ज्वाला अनवरत जलती रहती है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित भगवती ज्वाला देवी का मंदिर देश दुनिया में विशेष ख्याति रखता है। विशेषज्ञों की मानें तो कांगड़ा के इस स्थान पर सती की जीभ गिरी थी। 

    मान्यता है कि देवी भगवती भगवान शिव के साथ सभी शक्तिपीठ में हमेशा निवास करती हैं। खास यह कि सदियों से मंदिर में बिना तेल-घी एवं बिना बाती के प्राकृतिक रूप से नौ ज्वालाएं प्रज्जवलित हैं। इसमें प्रमुख ज्वाला माता चांदी के दीपक में अवस्थित हैं। इसे महाकाली भी कहते हैं। 

   शेष अन्य आठ ज्वालाओं के रूप में मां अन्नपूर्णा, मां चण्डी, मां हिंगलाज, मां विंध्यवासिनी, मां महालक्ष्मी, मां सरस्वती, मां अम्बिका एवं मां अंजी देवी यहां निवास करती हैं। 

    मान्यता है कि प्राचीनकाल में गोरखनाथ मां भगवती के अनन्य भक्त थे। मां की दिल से सेवा करते थे। एक बार गोरखनाथ का भूख लगी तो माता से कहा कि आप आग जला कर पानी गर्म करें, मैं भिक्षा मांग कर लाता हूं। माता ने आग प्रज्जवलित कर पानी गर्म किया लेकिन गोरखनाथ नहीं लौटे। माता भगवती आज भी भक्त गोरखनाथ का इंतजार कर रही हैं।

    मान्यता है कि कलियुग खत्म होने के बाद फिर से सतयुग आयेगा। सतयुग में गोरखनाथ लौट कर माता भगवती के पास आयेंगे। बिना तेल बिना बाती के सदियों से आज भी ज्वाला प्रज्जवलित है। ज्वाला देवी के इस भव्य-दिव्य मंदिर में चमत्कार भी देखने को मिलते हैं।

    ज्वाला देवी मंदिर परिसर में एक स्थान पर गोरख डिब्बी है। इस कुण्ड का जल खौलता प्रतीत होता है लेकिन जल का स्पर्श करने पर शीतल प्रतीत होता है। किवदंती है कि माता भगवती ज्वाला देवी का प्रादुर्भाव देवताओं के अस्तित्व से हुआ था।
    कहावत है कि भगवान शिव के ससुर राजा दक्ष ने यज्ञ का आयोजन किया लेकिन दामाद शिव को आमंत्रित नहीं किया। इस पर कुपित होकर सती ने उसी यज्ञ में कूद कर प्राणों की आहुति दे दी थी। भगवान शिव को यह जानकारी हुयी तो शिव क्रोधित हो उठे। सती का शव लेकर शिव तांडव करने लगे। यह देख ब्राह्माण्ड में हाहाकार मच गया। 

    इस संकट से बचाने के लिए भगवान विष्णु ने सती के शव को 51 हिस्सों में विभक्त कर दिया। यह 51 अंग जिन स्थानों पर गिरे, वह शक्तिपीठ बन गये। मान्यता है कि इस स्थान पर सती की जीभ गिरी थी। उसी स्थान पर ज्योति जल रही है। ज्वाला देवी को नगर कोट भी कहा जाता है। 

    विशेषज्ञों की मानें तो ज्वाला देवी के इस स्थान को खोजने का श्रेय पाण्डवों को जाता है। इस मंदिर का दिव्य-भव्य प्राथमिक निर्माण राजा भूमि चन्द ने कराया था।
    हालांकि राजा संसार चन्द ने वर्ष 1835 में निर्माण कार्य पूर्ण कराया था। ज्वाला देवी मंदिर की दिव्यता-भव्यता देखते ही बनती है। मंदिर में प्रवेश करते ही बायें हाथ पर अकबर नहर है। इस नहर का निर्माण अकबर ने कराया था। 

    मंदिर के गर्भगृह में माता की ज्योति प्रज्जवलित है। मंदिर की आरती का नजारा अद्भुत दिखता है। मंदिर में आरती पांच पहर होती है। आरती का समय सुबह 5 बजे, पंजूउपहार आरती सुबह की आरती के बाद, दोपहर की आरती 12 बजे, संध्या आरती सांय 7 बजे एवं शयन आरती रात्रि 10 बजे होती है। शायन आरती में शयन शैया तैयार की जाती है। शयन शैया को फूलों एवं सुगंधित सामग्रियों से सजाया जाता है।

    ज्वाला देवी मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गगल है। गगल एयरपोर्ट से कांगड़ा की दूरी करीब 46 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन पठानकोट है। पठानकोट से ज्वाला देवी मंदिर की दूूरी करीब 125 किलोमीटर है। पर्यटक या श्रद्धालु सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते है।
31.982880,76.473350

Friday, 28 September 2018

चक्रतीर्थ नैमिषारण्य: सिद्ध तीर्थ स्थान

   चक्रतीर्थ नैमिषारण्य को ऋषियों-मुनियों की तप स्थली कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। विशेषज्ञों की मानें तो नैमिषारण्य 88000 ऋषियों-मुनियों की तप स्थली रहा।

लिहाजा इसे एक सिद्ध तीर्थ स्थल के तौर पर देखा जाता है। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में गोमती नदी के तट पर स्थित नैमिषारण्य की मान्यता एक सिद्ध हिन्दू तीर्थ के रूप में है।
  नैमिषारण्य का चक्रतीर्थ वस्तुत: एक प्राकृतिक एवं सुन्दर सरोवर है। इस सरोवर का मध्य भाग गोलाकार है। इस गोलाकार मध्य सरोवर से निरन्तर जल का प्रवाह होता रहता है। 

   इस मध्य घेरा के बाहर एक आैर वृहद घेरा है। इस घेरा में श्रद्धालु स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। यही नैमिषारण्य का मुख्य तीर्थ कहलाता है। इसे ही चक्रतीर्थ कहा जाता है। 
  विशेषज्ञों की मानें तो चक्रतीर्थ की महिमा अत्यंत निराली है। एक बार 88000 ऋषियों-मुनियों ने तप कर ब्राह्मा जी से अनुरोध किया कि जगत कल्याण के लिए तपस्या हेतु विश्व में सौम्य एवं शांत भूमि का निर्देश दें।

    भगवान ब्राह्मा जी ने एक चक्र उत्पन्न किया। ब्राह्मा जी ने कहा कि ऋषियों-मुनियों इस चक्र के पीछे चल कर जाओ। चक्र का अनुकरण करो। जिस स्थान पर चक्र स्वत: गिर जाये, उस स्थान को पृथ्वी का मध्य भाग समझ लेना। 

   धरती की सबसे दिव्य भूमि वही होगी। इस परम पवित्र भूमि के दर्शन बिना जीवन कभी सफल नहीं होगा। विशेषज्ञों की मानें तो जिस स्थान पर भगवान ब्राह्मा जी का चक्र घिरा, उसी स्थान को चक्रतीर्थ कहा जाता है। 
  चक्र गिरने के स्थान से अनवरत निर्मल एवं पवित्र जल का प्रवाह होता रहता है। महर्षि दधीचि ने अस्थि दान से पहले इसी सरोवर में स्नान किया था। बताते हैं कि सभी तीर्थों से पवित्र नदियों का जल लाकर इसी सरोवर में डाला गया था।

   लिहाजा इसी स्थान को मिश्रित या मिश्रिख के नाम से भी जाना जाता है। नैमिषारण्य की परिक्रमा 84 कोस की होती है। यह परिक्रमा प्रतिवर्ष फाल्गुन अमावस्या को प्रारम्भ होकर पूर्णिमा को पूर्ण होती है। 
   चक्रतीर्थ का व्यास करीब 120 फुट है। पवित्र जल नीचे सोतों से आता रहता है। बाहरी घेरा का जल एक नाला के माध्यम मे निकलता रहता है। इस नाला को गोदावरी नाला कहा जाता है। 
  चक्रतीर्थ के अलावा इस तीर्थ स्थान में व्यास गद्दी, ललिता देवी का मंदिर, भूतनाथ का मंदिर, कुशावर्त, ब्राह्मकुण्ड, जानकी कुण्ड एवं पंचप्रयाग हैं। चक्रतीर्थ को 51 पितृ स्थानों में से एक माना गया है। मान्यता है कि चक्रतीर्थ नैमिषारण्य में हिन्दू देवी-देवताओं के 33 मंदिर हैं। इसे हिन्दुओं के सभी तीर्थ स्थलों का केन्द्र माना जाता है। 
    पंचप्रयाग: पंचप्रयाग को पवित्र सरोवर की मान्यता है। इस पक्के सरोवर की अपनी एक अलग महत्ता है। पंचप्रयाग के किनारे अक्षय वट नामक वृक्ष है। श्रद्धा एवं आस्था के इस स्थान पर श्रद्धालु मनौती मानते हैं।
   ललिता देवी का मंदिर: ललिता देवी का मंदिर चक्रतीर्थ का मुख्य मंदिर है। इसके साथ गोवर्धन महादेव, क्षेमकाया देवी, जानकी कुण्ड, हनुमान जी, अन्नपूर्णा देवी, धर्मराज मंदिर, विश्वनाथ मंदिर आदि हैं। 
   व्यास गद्दी: व्यास गद्दी वस्तुत: शुक्रदेव का स्थान है। मंदिर में शुक्रदेव जी महाराज प्रतिष्ठापित हैं। बाहर व्यास जी की गद्दी है। निकट ही शतरूपा एवं मनु के चबूतरे हैं।
   दशाश्वमेध टीला: दशाश्वमेध टीला पर मंदिर है। इस मंदिर में भगवान श्री कृष्ण एवं पाण्डव परिवार की मूर्तियां स्थापित हैं।
    चक्रतीर्थ नैमिषारण्य की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट अमौसी लखनऊ है। अमौसी एयरपोर्ट से नैमिषारण्य की दूरी करीब 100 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन सीतापुर जंक्शन है। सीतापुर से नैमिषारण्य की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। नैमिषारण्य की यात्रा सड़क मार्ग से भी की जा सकती है।
27.352490,80.489860

Wednesday, 26 September 2018

गंगोत्री धाम : भगवती गंगा के दर्शन

   गंगोत्री धाम को श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का मुख्य स्थल कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जी हां, गंगोत्री धाम हिन्दुओं की आस्था का सर्वमान्य स्थल है।

   समुद्र तल से करीब 3140 मीटर ऊंचाई पर स्थित गंगोत्री धाम हिन्दुओं के चार धाम श्रंखला में से एक है। उत्तराखण्ड में गंगोत्री में स्थित गंगोत्री धाम को गंगोत्री मंदिर एवं गंगा मंदिर के नाम से भी जाना पहचाना जाता है।
   वस्तुत: गंगोत्री को गंगा नदी के उद्गम स्थल के तौर पर जाना पहचाना जाता है। गंगोत्री उत्तरकाशी से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित है। भगवती गंगा का यह मंदिर भव्यता एवं दिव्यता को रेखांकित करता है। मंदिर में मुख्य प्रतिमा भगवती गंगा की है। 
 
   विशेषज्ञों की मानें तो इस दिव्य-भव्य गंगोत्री मंदिर का निर्माण गोरखा कमाण्डर अमर सिंह थापा ने कराया था। यह निर्माण 18 वीं शताब्दी के प्रारम्भ में किया गया था। पौराणिक कथानक की मानें तो रघुकुल के राजा भगीरथ ने यहां प्रचण्ड शिलाखण्ड पर बैठ कर गंगा अवतरण के लिए भगवान शिव की आराधना की थी।
   मान्यता है कि देवी गंगा ने इसी स्थान पर धरती का स्पर्श किया है। मान्यता है कि पाण्डवों ने भी अपने पूर्वजों की आत्मिक शांति के लिए यज्ञ अनुष्ठान किया था। 

   गंगोत्री धाम या गंगोत्री मंदिर श्वेत संगमरमर से बना एक शानदार एवं आकर्षक मंदिर है। मंदिर की दिव्यता-भव्यता एवं शुचिता को देख कर कोई भी मुग्ध हो सकता है। विशेषज्ञों की मानें तो शिवलिंग के रूप में एक नैसर्गिक श्वेत चट्टान गंगोत्री में जलमग्न है।
    शीतकाल के आरम्भ में गंगा का जलस्तर नीचे आने पर इस शिव चट्टान के दर्शन होते हैं। गंगोत्री मंदिर का इतिहास अति प्राचीन है। हिन्दुओं के लिए यह आध्यात्मिक प्रेरणा का रुाोत है। प्राचीनकाल में चार धाम की यात्रा पैदल हुआ करती थी। वर्ष 1980 की अवधि में गंगोत्री की यात्रा के लिए सड़क का निर्माण किया गया था।
   विशेषज्ञों की मानें तो प्राचीनकाल में गंगोत्री में मंदिर नहीं था। इसे भगीरथी घाटी भी कहा जाता है। गंगोत्री क्षेत्र वस्तुत: भोज वृक्षों से घिरा एक सुन्दर स्थान है। भगीरथी घाटी के अंत में गंगोत्री मंदिर स्थित है। 

   वनस्पतियों की प्रचुरता देखते ही बनती है। वनस्पतियों की विशाल प्रजातियां गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य के लिए संजीवनी हैं। सर्दियों में गंगोत्री मंदिर के पट बंद कर दिये जाते हैं। गंगा जी को श्रद्धालु मंदिर से धूमधाम से मुखबा गांव ले आते हैं। 
  बसंत आने पर मुखबा गांव से वापस गंगा जी को मंदिर लाया जाता है। गंगोत्री मंदिर एवं उसके आसपास धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की एक लम्बी श्रंखला है। इनमें खास तौर से भैरों घाटी, हर्षिल, नंदनवन तपोवन, गंगोत्री चिरबासा, गंगोत्री भोजबासा, केदारताल आदि इत्यादि हैं।
   गोमुख: गोमुख वस्तुत: ग्लेशियर का मुहाना क्षेत्र है। गंगोत्री से गोमुख की दूरी करीब 19 किलोमीटर है। ग्लेशियर की ऊंचाई समुद्र तल से करीब 3892 मीटर है। धर्माचार्यों की मानें तो गोमुख में बर्फीले जल से स्नान करने से सभी पाप धुल जाते हैं।
   गोमुख वस्तुत: भगीरथी अर्थात गंगा का उद्गम स्थल है। गोमुख का क्षेत्र अति विहंगम माना जाता है। करीब 25 किलोमीटर लम्बा, करीब 4 किलोमीटर चौड़ा एवं करीब 40 मीटर ऊंचाई तक गोमुख का क्षेत्र माना जाता है। गोमुख वस्तुत: ग्लेशियर की एक गुफा से आकार लेता है।
   भैरों घाटी : भैरों घाटी गंगोत्री से करीब 9 किलोमीटर दूर है। भैरों घाटी जध, जाह्नवी, गंगा एवं भगीरथी का संगम स्थल है। तेज बहाव के कारण भगीरथी गहरी घाटियों में बहती हैं। बहाव गर्जना जैसा प्रतीत होता है। भैरों घाटी हिमालय का सुन्दर दर्शनीय स्थल है। यहां से हिमालय का अद्भुत दृश्य दिखता है। भैरों घाटी से पर्यटक या श्रद्धालु भृगु पर्वत श्रंखला एवं चीड़वासा पर्वत श्रंखला के भी दर्शन कर सकते हैं।
   हर्षिल: हर्षिल गंगोत्री से करीब 20 किलोमीटर दूर एक सुन्दर एवं दर्शनीय स्थल है। यह इलाका दर्शनीय एवं प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए प्रसिद्ध है। यहां का मीठा सेब देश दुनिया में अपनी एक अलग पहचान रखता है। हर्षिल में ऊंचे पर्वत, कोलाहल करती गंगा, सेब के बागान, झरनों की श्रंखला एवं सुन्दर चारागाह अति दर्शनीय होते हैं।
   नन्दन तपोवन: नन्दन तपोवन गंगोत्री से करीब 25 किलोमीटर दूर है। तपोवन से शिवलिंग चोटी का अद्भुत दर्शन होते हैं। यहां के सुन्दर चारागाह देखते ही बनते हैं।
   गंगोत्री चिरबासा: गंगोत्री चिरबासा गोमुख से करीब 3600 फुट ऊंचे स्थान पर स्थित है। यह स्थान गोमुख ग्लेशियर का आश्चर्यजनक दर्शन कराता है।
   गंगा उत्सव: गंगा उत्सव वस्तुत: गंगा जी का आगमन एवं विदाई का उत्सव होता है। सर्दियों के प्रारम्भ में भगवती गंगा अपने निवास स्थान गांव मुखबा चली जाती हैं। सर्दियां समाप्त होने पर भगवती गंगा पुन: वापस गंगोत्री धाम आकर विराजमान होती हैं। भगवती गंगा की यात्रा पारम्परिक रीति-रिवाज, गीत-संगीत, नृत्य एवं पूजा पाठ के साथ हर्ष एवं उल्लास से होती है। श्रद्धालु भगवती गंगा की मूर्ति को पालकी से लाते एवं ले जाते हैं। पालकी सजाया-संवारा जाता है।
    गंगोत्री धाम मंदिर के दर्शन एवं यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जॉली ग्रांट देहरादून है। देहरादून से गंगोत्री धाम की दूरी करीब 226 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश है। ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से गंगोत्री मंदिर की दूरी करीब 260 किलोमीटर है। यात्री सड़क मार्ग से भी गंगोत्री मंदिर की यात्रा कर सकते हैं।
30.997480,78.923400

Friday, 21 September 2018

कामाख्या मंदिर : आस्था का केन्द्र

    कामाख्या मंदिर को श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का शक्तिशाली केन्द्र कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। असम की राजधानी दिसपुर के निकट गुवाहाटी में स्थित कामाख्या मंदिर की मान्यता शक्तिपीठ की है।

   गुवाहाटी से करीब 8 किलोमीटर एवं कामाख्या से करीब 10 किलोमीटर दूर नीलांचल पर्वत पर कामाख्या शक्तिपीठ है। मान्यता है कि शक्ति की देवी सती को यह मंदिर समर्पित है। नीलांचल पर्वत के शिखर पर विद्यमान कामाख्या मंदिर का तांत्रिक महत्व विशेष माना जाता है।
    विशेषज्ञों की मानें तो प्राचीनकाल से ही सतयुगीन तीर्थ कामाख्या वर्तमान में तंत्र सिद्धि का सर्वोच्च स्थल माना जाता है। पूर्वोत्तर भारत का मुख्य द्वार की मान्यता रखने वाले असम का यह तीर्थ स्थल देश दुनिया में शिखर की ख्याति रखता है। 

   विशेषज्ञों की मानें तो देवी सती के 51 शक्ति स्थलों में कामाख्या शक्तिपीठ का सर्वोच्च स्थान है। कामाख्या शक्तिपीठ में ही देवी सती भगवती की महामुद्रा स्थित है। महामुद्रा को योनि कुण्ड भी कहा जाता है।
   कामाख्या शक्तिपीठ का अम्बुवाची पर्व खास महत्व रखता है। अम्बुवाची पर्व तांत्रिकों एवं सिद्ध पुरुषों के लिए योग पर्व की भांति होता है। योग पर्व एक प्रकार से वरदान माना जाता है। अम्बुवाची पर्व वस्तुत: देवी भगवती का रजस्वला पर्व माना जाता है।

   विशेषज्ञों की मानें तो अम्बुवाची पर्व के दौरान माता भगवती रजस्वला होती हैं। यह पर्व खास तौर से तीन दिन का होता है। इस अवधि में जल के स्थान पर रक्त प्रवाहित होता है। हालांकि कलिकाल में यह अद्भुत एवं आश्चर्य है।
   अम्बुवाची पर्व के दौरान मां भगवती के कपाट स्वत: बंद हो जाते हैं। दर्शन भी निषेध हो जाता है। इस क्षेत्र को कामरूप की भी मान्यता है। भगवान शिव सती का शव लेकर आकाश में भ्रमण कर रहे थे, तब सती की योनि इसी स्थान पर गिरी थी।

    कामाख्या शक्तिपीठ को सती स्वरुपिणी आद्यशक्ति महाभैरवी कामाख्या तीर्थ विश्व का सर्वोच्च कौमारी तीर्थ भी माना जाता है। शायद इसीलिए शक्तिपीठ में कौमारी पूजा एवं अनुष्ठान का विशेष महत्व है। 
   मान्यता है कि इस क्षेत्र में सभी वर्ण एवं जातियों की कौमारियां पूजनीय एवं वंदनीय हैं। विशेषज्ञों की मानें तो वर्ण-जाति का भेद करने पर साधकों की सिद्धियां नष्ट हो जाती हैं। साधक कामाख्या शक्तिपीठ में साधना का शिखर हासिल करते हैं। वाममार्ग साधना का यह कामाख्या शक्तिपीठ सर्वोच्च पीठ है।

    खास यह कि कामाख्या शक्तिपीठ मंदिर में देवी भगवती की योनि की पूजा होती है। योनि शिलाखण्ड के रूप में है। मां भगवती का यह अनूठा मंदिर है। मां भगवती का योनि स्वरूप यहां महामुद्रा कहलाता है। मान्यता है कि कामाख्या शक्तिपीठ स्थल ब्राह्माण्ड का केन्द्र बिन्दु है।
   खास यह कि माता महाविद्या के सभी दश स्वरूप यहां पूजित हैं। माता काली, तारा, षोडसी, भुवनेश्वरी, छिन्नमस्ता, भैरवी, धूमावती, बंगलामुखी, मातंगी एवं कमला पूजित हैं। 
 
  पूस के माह में कामाख्या शक्तिपीठ में भगवान कामेश्वर एवं देवी कामेश्वरी की प्रतीकात्मक शादी यहां होती है। यह एक विशेष पर्व होता है। मंदिर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा जमीन से करीब 20 फुट नीचे है। यह एक गुफा की भांति है।
   कामाख्या शक्तिपीठ मंदिर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गुवाहाटी है। गुवाहाटी एयरपोर्ट से कामाख्या मंदिर करीब 20 किलोमीटर दूर है। निकटतम रेलवे स्टेशन गुवाहाटी है। रेलवे स्टेशन से कामाख्या मंदिर करीब 6 किलोमीटर दूर है। श्रद्धालु या पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
26.163790,91.709060

तारापीठ मंदिर: धार्मिक पर्यटन    शक्ति उपासना स्थल तारापीठ को अद्भुत एवं विलक्षण धार्मिक स्थल कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। ज...