Wednesday, 28 March 2018

मल्लिकार्जुन महादेव:दक्षिण का कैलाश

      शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग में मल्लिकार्जुन महादेव का विशेष महत्व है। आंध्र प्रदेश में स्थित मल्लिकार्जुन महादेव की महिमा का उल्लेख-वर्णन धर्मग्रंथों में किया गया है। इसे दक्षिण भारत का कैलाश भी कहा जाता है।

   कृष्णा नदी के तट पर स्थित श्रीशैल पर्वत के शिखर पर विराजमान ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन श्रंखला का द्वितीय ज्योतिर्लिंग माना जाता है। मान्यता है कि श्रीशैल पर्वत पर विराजमान मल्लिकार्जुन का पूजन-अर्चन करने से अश्वमेध यज्ञ का पुण्य-प्रताप हासिल होता है। 
    धर्मग्रंथों की मान्यता है कि श्रीशैल शिखर के दर्शन मात्र से सभी प्रकार की विघ्न-बाधाओं एवं संकटों का निवारण होता है। अत: अनन्त सुखों की प्राप्ति होती है।
     शिवपुराण में ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव की महिमा का विस्तार से वर्णन किया गया है। इस स्थान का महत्व एवं मान्यता शिव परिवार पर आधारित एवं केन्द्रीत है। शिव पार्वती पुत्र कार्तिकेय एवं गणेश की आपसी तकरार का उल्लेख किया जाता है। कार्तिकेय ज्येष्ठ होने के नाते चाहते थे कि उनका विवाह पहले हो लेकिन गणेश चाहते थे कि उनका विवाह पहले होना चाहिए। शिव ने पुत्रों के प्रसंग को सुन कर पृथ्वी की परिक्रमा करने को कहा। 
       शिव का कहना था कि पहले आने वाले का ही पहले विवाह किया जायेगा। कार्तिकेय पृथ्वी की परिकृमा करने निकल पड़े। स्थूलकाय गणेश के सामने समस्या थी लेकिन गणेश बुद्धि एवं ज्ञान के सागर थे। लिहाजा देवाधिदेव महादेव शिव एवं माता पार्वती को एक आसन पर विराजमान होने को कहा। माता-पिता के आसन पर बैठने के पश्चात गणेश ने विधिवत पूजन-अर्चन कर परिक्रमा की।
     इस प्रकार गणेश पृथ्वी की परिक्रमा से प्राप्त होने वाले फल के अधिकारी हो गये। कार्तिकेय पृथ्वी की परिक्रमा कर लौटे तो देखा कि गणेश का विवाह विश्वरूप प्रजापति की पुत्रियों सिद्धि एवं बुद्धि के साथ हो चुका था। इतना ही नहीं गणेश को सिद्धि से क्षेम एवं बुद्धि से लाभ नाम के दो पुत्र रत्न प्राप्त हुये। देवर्षि नारद ने कार्तिकेय को सारा वृतांत सुनाया। स्वामी कार्तिकेय कुपित हुये। कुपित कार्तिकेय  माता-पिता का आशीर्वाद लेकर क्रांच पर्वत पर चले गये। 
      देवर्षि नारद ने कार्तिकेय को मनाने का भरपूर प्रयत्न किया लेकिन कार्तिकेय वापस कैलाश लौटने को सहमत नहीं हुये। पुुत्र वियोग से द्रवित पार्वती जी शिव को लेकर क्रांच पर्वत पर पहंुचे लेकिन माता-पिता के क्रांच पर्वत आने की सूचना मिलते ही स्वामी कार्तिकेय तीन योजन अर्थात करीब 36 किलोमीटर दूर चले गये। कार्तिकेय के चले जाने के बाद शिव स्वयं ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रकट होकर विराजमान हो गये। इसके बाद से ही इस स्थान को ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव की ख्याति मिली। मल्लिकार्जुन को ज्योतिर्लिंग का जगत भी कहा जाता है।
    मल्लिका देवी: मल्लिका देवी का मंदिर भी ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर के पीछे है। वस्तुत: यह पार्वती देवी का मंदिर है। पार्वती जी के इस स्वरूप को मल्लिका देवी कहते हैं। सभा मण्डपम में नन्दी की विशाल मूर्ति है।
    पातालगंगा: पाताल गंगा ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर से करीब दो मील पूर्व दिशा में हैं। हालांकि पातालगंगा जाने का मार्ग अति दुर्गम है। पातालगंगा के लिए करीब 852 सीढ़ियों की यात्रा करनी पड़ती है। पर्वत के नीचे कृण्णा नदी है। श्रद्धालु या पर्यटक स्नान करने के बाद ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव के जलाभिषेक के लिए जल यहां से लेते हैं।
     भ्रमराम्बा देवी : भ्रमराम्बा देवी का मंदिर ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव से पश्चिम दिशा में दो मील की दूरी पर है। यह स्थान 51 शक्तिपीठों में से एक है। किवदंती है कि सती की गर्दन अथवा अवशेष यहां भी गिरे थे।
       शिखरेश्वर: शिखरेश्वर एवं हाटकेश्वर मंदिर ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर से करीब छह मील दूर है। इसी क्षेत्र में एकम्मा देवी मंदिर है। यह क्षेत्र घनघोर वन क्षेत्र है।
     ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर की यात्रा के लिए आवागमन के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। कृण्णा जिला स्थित ज्योतिर्लिंग मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर की यात्रा के निकटतम हवाई अड्डा हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। निकटतम रेलवे स्टेशन मर्कापुर रोड है। सड़क मार्ग से भी यह यात्रा की जा सकती है।
16.074021,78.868089

Monday, 26 March 2018

घृष्णेश्वर महादेव: अद्भुत महिमा

        शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग में घृष्णेश्वर महादेव की महिमा अद्भुत है। महाराष्ट्र में आैरंगाबाद के दौलताबाद से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित घृष्णेश्वर महादेव का मंदिर खास एवं विशिष्टताओं के कारण विशिष्ट माना जाता है। 

   शहर से दूर महादेव का यह मंदिर सादगी एवं शांति के लिए विशेष तौर से जाना जाता है। बेरुलगांव में स्थित महादेव का यह मंदिर असंख्य दंत कथाओं के लिए भी प्रचलित है।
    इस ज्योतिर्लिंग को घृष्णेश्वर, घुसृणेश्वर एवं घुश्मेश्वर भी कहा जाता है। इस दिव्य-भव्य ज्योतिर्लिंग का निर्माण देवी अहिल्याबाई होल्कर ने कराया था। 
  पुराणों में ज्योतिर्लिंग का उल्लेख है। देवगिरिपर्वत के निकट सुधर्मा तपोनिष्ठ ब्रााह्मण प्रवास करता था। ब्राह्मण सुधर्मा एवं उसकी पत्नी सुदेहा शिव आराधक थे। अफसोस, सुधर्मा दम्पत्ति निसंतान थे। ज्योतिष गणना के आधार पर संतान का कोई संयोग नहीं था। सुदेहा ने सुधर्मा को दूसरे विवाह के लिए अनुनय-विनय कर राजी कर लिया। 
    इसके पश्चात सुदेहा ने अपनी बहन घुश्मा से सुधर्मा का विवाह करा दिया। सुधर्मा एवं दोनों पत्नियां भगवान शिव की अन्य भक्त थीं। घुश्मा नित्य एक सौ एक पार्थिव शिवलिंग बना कर पूजन-अर्चन करती थी। कुछ समय बाद घुश्मा ने एक सुन्दर बालक को जन्म दिया। सुदेहा एवं घुश्मा दोनों ही अति प्रसन्न थीं।
    द्वैषवश सुदेहा ने एक रात युवा पुत्र की हत्या कर दी। सुबह घर में कोहराम मच गया। घुश्मा पार्थिव शिवलिंग का पूजन-अर्चन कर निकट के तालाब में विसर्जित किया करती थी। पुत्र की हत्या से क्षुब्ध घुश्मा पार्थिव शिवलिंग का पूजन-अर्चन के बाद तालाब में विर्सजन कर वापस लौटी तो उसका पुत्र जीवित अवस्था में मिला।
      शिव भक्ति से प्रसन्न शिव ने साक्षात प्रकट होकर घुश्मा से वरदान मांगने को कहा तो घुश्मा ने वरदान मांगा कि लोक कल्याण के लिए इसी स्थान पर सर्वथा के लिए निवास करें। शिव ने इस स्थान को निवास के रूप में स्वीकार कर लिया। इस स्थान को शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग की मान्यता मिली। शिव ज्योतिर्लिंग के स्वरूप में प्रकट होकर निवास करने लगे।
    शिव भक्त घुश्मा के आराध्य होेने के कारण इस ज्योतिर्लिंग को घृष्णेश्वर महादेव की ख्याति मिली। इनका दर्शन लोक-परलोक के लिए अमोघ फलदाई है। ज्योतिर्लिंग घृष्णेश्वर महादेव मंदिर का समय-समय पर कई बार जीर्णोद्धार किया गया। पत्थर के 24 खम्भों पर नक्काशी तराश कर सभा मण्डप बनाया गया। खम्भों एवं दर-ओ-दीवार पर देवी-देवताओं की मूर्तियां अंकित हैं। 
   मंदिर का गर्भ गृह भी वृहद आकार प्रकार का है। जिसमें बड़े आकार का शिवलिंग स्थापित है। भव्य नंदी सभा मण्डप में स्थापित हैं। सभा मण्डप की तुलना में गर्भ गृह काफी नीचे है। ज्योतिर्लिंग घृष्णेश्वर महादेव मंदिर की खास विशेषता है कि 21 गणेश पीठों में से एक लक्षविनायक यहां प्राण प्रतिष्ठित है।
    मंदिर का शिल्प विन्यास, पुरातत्व एवं वास्तुकला अद्भुत है। मंदिर में अभिषेक एवं महाभिषेक की परम्परा अनवरत चलती रहती है। ज्योतिर्लिंग का पूजन-अर्चन अधोवस्त्र में ही किया जाता है। अधोवस्त्र की बाध्यता पुरुषों पर लागू है। श्रद्धालुओं के प्रवास के लिए घृष्णेश्वर मंदिर ट्रस्ट का यात्री निवास है। ज्योतिर्लिंग घृष्णेश्वर महादेव मंदिर की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं।
    ज्योतिर्लिंग घृष्णेश्वर महादेव मंदिर की दूरी आैरंगाबाद से 35 किलोमीटर, मुम्बई से 422 किलोमीटर एवं पुणे से 250 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन आैरंगाबाद है। एयरपोर्ट मुम्बई एवं पुणे में हैं। सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं। यह क्षेत्र सहयाद्री पर्वत श्रंखला के दायरे में आता है।
19.910365,75.361376   

Sunday, 25 March 2018

त्र्यम्बकेश्वर मंदिर: ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश के दर्शन

   शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग में त्र्यम्बकेश्वर मंदिर की खास विशिष्टता है क्योंकि यहां मंदिर में ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश तीनों देव विद्यमान हैं।

   महाराष्ट्र के नासिक में स्थित त्र्यम्बकेश्वर मंदिर हिन्दुओं की श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का श्रेष्ठतम स्थान है। त्र्यम्बकेश्वर मंदिर ब्रह्मगिरी पर्वत श्रंखला क्षेत्र में विद्यमान है।
    त्र्यम्बकेश्वर मंदिर ब्रह्मगिरी पर्वत की तलहटी पर स्थित है। यह स्थान गोदावरी नदी का उद्गम स्थल माना जाता है। त्र्यम्बकेश्वर प्रभु की बड़ी महिमा है। खास यह कि त्र्यम्बकेश्वर मंदिर के अर्घा में ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश प्रतिष्ठापित हैं। इस ज्योतिर्लिंग की यह सबसे बड़ी विशेषता है। कारण शिव के अन्य सभी ज्योतिर्लिंग में सिर्फ भगवान शिव विराजित हैं। 
    गोदावरी नदी के निकट स्थित शिव का यह ज्योतिर्लिंग त्र्यम्बकेश्वर मंदिर काले पत्थरों से सुसज्जित है। स्थापत्य-वास्तुशिल्प अद्भुत है। त्र्यम्बकेश्वर मंदिर का भव्य-दिव्य परिसर सिंधु-आर्य शैली का उत्कृष्ट उत्करण है।
    मंदिर के गर्भ गृह में प्रवेश करने पर शिवलिंग का केवल अर्घा ही दिखता है। इस अर्घा में जल होता है। इस अर्घा के अंदर एक-एक इंच के तीन लिंग हैं। इनको ब्राह्मा, विष्णु एवं महेश का स्वरुप माना जाता है। ब्रह्म मुहूर्त में पूजा-अर्चना के समय अर्घा पर चांदी का मुकुट सुशोभित किया जाता है। इस मंदिर क्षेत्र के पंचकोस में विशेषताओं एवं विलक्षणताओं का अद्भुत संयोग भी माना जाता है।
    मान्यता है कि त्र्यम्बकेश्वर मंदिर में कालसर्प योग शांति, त्रिपिंड विधान, नारायण नागबलि की पूजा-अर्चना विधि विधान से की जाती है। श्रद्धालु-भक्त इच्छाओं की पूर्ति होने पर पूजन-अर्चन कराते हैं। प्राचीनकाल में त्र्यम्बकेश्वर मंदिर क्षेत्र त्र्यंम्बक गौतम ऋषि की तपोभूमि थी।
     गौतम ऋषि ने गोहत्या के पाप से मुक्ति के लिए यहंा कठोर तप किया था। गौतम ऋषि ने शिव से गंगा को यहां अवतरित करने का वरदान मांगा था। फलस्वरूप दक्षिण की गंगा अर्थात गोदावरी नदी का उद्गम इस क्षेत्र में हुआ। गौतम ऋषि के अनुनय-विनय पर भगवान शिव ने यहां विराजमान होना स्वीकार कर लिया था। त्रिनेत्रों वाले शिव के यहां विराजमान होने के कारण इस क्षेत्र को त्र्यंबक कहा गया।
    त्र्यम्बकेश्वर को इस क्षेत्र का राजा-महाराजा कहा एवं माना जाता है। प्रत्येक सोमवार को त्र्यम्बकेश्वर नगर भ्रमण करते हैं। जिससे प्रजा का हाल जान सकें। त्र्यम्बकेश्वर महाराज के पंचमुखी स्वर्ण मुखौटा को पालकी में रख शोभायात्रा निकलती है। फिर कुशावर्त तीर्थ स्थित घाट पर स्नान कर वापस त्र्यम्बकेश्वर मंदिर आते हैं।
     यह पूर्ण आयोजन त्र्यम्बकेश्वर महाराज का राज्याभिषेक माना जाता है। यह यात्रा देखना काफी सुखद एवं बेहद अलौकिक अनुभव होता है। किवदंती है कि गोदावरी निरन्तर विलुप्त होती रहती थीं। लिहाजा गौतम ऋषि ने कुशा से गोदावरी को बंधक किया था। जिससे कुशातीर्थ के कुण्ड में हमेशा पानी लबालब रहता है। इस कुण्ड को कुशातीर्थ के नाम से जाना जाता है। 
    कुंभ स्नान के समय शैव अखाड़ा इसी कुण्ड में शाही स्नान करता है। ब्राह्मगिरी पर्वत पर जाने के लिए सात सौ सीढ़ियों से शीर्ष पर जाना होता है। शिखर पर रामकुण्ड एवं लक्ष्मण कुण्ड के दर्शन होते हैं। शिखर पर ही भगवती गोदावरी नदी के गोमुख से निकलते हुये दर्शन होते हैं। त्र्यम्बकेश्वर मंदिर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के श्रद्धालुओं की भीड़ अनवरत बनी रहती है।
      त्र्यम्बकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आवागमन के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम रेलवे स्टेशन नासिक है। नासिक एयरपोर्ट से त्र्यम्बकेश्वर ज्योतिर्लिंग की दूरी करीब तीस किलोमीटर है। नासिक में एयरपोर्ट भी है। लिहाजा हवाई यात्रा भी कर सकते हैं। सड़क मार्ग से भी त्र्यम्बकेश्वर मंदिर की यात्रा की जा सकती है।
19.932247,73.530674

Friday, 23 March 2018

ज्योतिर्लिंग भीमाशंकर मंदिर: श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का केन्द्र

    शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग श्रंखला में भीमाशंकर मंदिर एक सिद्ध तीर्थस्थल है। श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का ज्योतिर्लिंग भीमाशंकर मंदिर महाराष्ट्र में पुणे से करीब एक सौ बीस किलोमीटर दूर सहयाद्री पर्वत श्रंखला पर स्थित है।

    समुद्र तल से करीब 3250 फुट के शीर्ष शिखर पर विद्यमान यह सिद्धस्थान धार्मिक महत्व रखता है। भीमाशंकर महादेव मंदिर का शिवलिंग काफी वृहद आकार-प्रकार का है लिहाजा मोटेश्वर महादेव भी कहा जाता है।
   भीमाशंकर मंदिर के निकट ही भीमा नदी प्रवाहित होती है। भीमा नदी का समागम कृष्णा नदी में होता है। पुराणों में मान्यता है कि सूर्योदय के समय भीमाशंकर महादेव से प्रार्थना करने से मनवांछित इच्छाओं की पूर्ति होती है।
   भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग का वर्णन शिवपुराण में भी मिलता है। शिवपुराण में कहा गया है कि कुंभकर्ण का पुत्र भीम राक्षस था। उसका जन्म पिता की मृत्यु के बाद हुआ था। राक्षस भीम को मां से जानकारी मिली कि उसके पिता का वध श्रीराम के हाथों हुआ। 
   राक्षस भीम ने श्रीराम का वध करने का संकल्प लिया। भीम ने संकल्प पूरा करने के लिए कठोर तप किया। ब्रह्मा को प्रसन्न कर भीम ने विजयी भव का आशीर्वाद प्राप्त किया। वरदान पाने के बाद राक्षस निरंकुश हो गया। युद्ध में भीम ने देवगणों को परास्त कर दिया। देवगण ने शिव की आराधना की। शिव ने राक्षस भीम का वध किया। 
     देवगणों ने शिव से आग्रह किया कि शिवलिंग के रूप में इसी स्थान पर विद्यमान हों। शिव ने देवगणों का आग्रह स्वीकार कर लिया। यह शिव स्थान ही शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रतिष्ठापित है। भीमाशंकर मंदिर का वास्तुशिल्प नागरशैली में है। खास यह कि वास्तुशिल्प में प्राचीनता के साथ साथ नई संरचनाओं का भी समिश्रण अवलोकित होता है।
   वास्तुशिल्प की संरचना प्राचीन विश्वकर्मा वास्तुशिल्पियों की कौशल श्रेष्ठता को भी बेहद सुन्दर ढ़ंग से रेखांकित करता है। विशेषज्ञों की मानें तो भीमाशंकर मंदिर का शिखर 18 वीं सदी में नाना फडनवीस ने बनवाया था। इतना ही नहीं मराठा शासक शिवाजी ने इस मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए कई सुविधायें उपलब्ध करायी थीं। 
    भीमाशंकर मंदिर परिसर का एक बड़ा घंटा खास एवं विशेष है। परिसर में दीपमालिका, कुण्ड एवं कई अन्य श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास के केन्द्र हैं। ज्योतिर्लिंग भीमाशंकर मंदिर व उसके आसपास विशेष आकर्षण एवं दर्शनीय स्थल हैं।
     इनमें खास तौर से हनुमान झील, गुप्त भीमशंकर, भीमा नदी की उत्पत्ति स्थल, नागफनी, बाम्बे प्वाइंट, साक्षी विनायक आदि इत्यादि आकर्षण हैं। भीमाशंकर मंदिर एक ज्योर्तिलिंग के साथ ही ऊर्जावान क्षेत्र भी है। भीमशंकर लाल वन क्षेत्र है।
    भीमाशंकर वन अभ्यारण भी है। यह एक संरक्षित क्षेत्र भी है। भीमाशंकर मंदिर के निकट ही कमलजा मंदिर है। कमलजा को पार्वती जी का अवतार माना जाता है। महाराष्ट्र के काशीपुर में स्थित भीमाशंकर मंदिर के निकट शिनोली एवं घोड़गांव  हैं। ज्योतिर्लिंग भीमाशंकर मंदिर की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं।
     निकटतम एयरपोर्ट पुणे इण्टरनेशनल एयरपोर्ट है। पुणे एयरपोर्ट भीमाशंकर मंदिर से करीब 104 किलोमीटर दूर है। निकटतम रेलवे स्टेशन नेरल है। नेरल की दूरी करीब 25 किलोमीटर है। यहां से लोनावाला रेलवे स्टेशन की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। भीमाशंकर मंदिर की यात्रा सड़क मार्ग से भी की जा सकती है।
18.590612,73.896338

Tuesday, 27 February 2018

शनिदेव की विलक्षण छवि

     भारत भूमि को सामान्यत: देवलोक व देवभूमि के रुप में दुनिया में जाना पहचाना जाता है। देश के हर स्थान का अपना अलग व विशेष महत्व होता है। विशेषता एवं महत्वतता के कारण ही कुछ अलग दिखता है। 

   देश में देवी-देवताओं के करोड़ों मंदिर व आस्था के केन्द्र हैं लेकिन आस्था, विश्वास व श्रद्धा के कुछ देव स्थल अलग ही दिखते व जाने जाते हैं। देश में राजस्थान अपनी कुछ खास छवि के लिए तो वैसे ही जाना पहचाना जाता है। सूर्य पुत्र शनिदेव का विलक्षण मंदिर भी देश के इसी प्रांत में है। 
   राजस्थान का उदयपुर शहर खास तौर से झीलों के लिए जाना पहचाना जाता है लेकिन उदयपुर के हाथीपोल स्थित शनिदेव मंदिर अपने अनूठेपन व विलक्षणता के लिए विश्व में जाना जाता है। शनिदेव को खास तौर ने न्याय के देवता के रुप में जाना जाता है। कहते हैं कि शनिदेव की न्याय प्रक्रिया से उनके पिता सूर्यदेव भी नहीं बच सके थे। 
   उदयपुर के हाथीपोल स्थित शनिदेव  का यह विलक्षण मंदिर करीब नब्बे वर्ष या इससे भी अधिक पुराना है। अपनी विलक्षणता के कारण ही शनिदेव का यह मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था व श्रद्धा का केन्द्र बना है। शनिदेव की प्रतिमा सामान्य तौर पर काले रंग की होती है लेकिन इस मंदिर में शनिदेव सफेद रंग में दिखते हैं।
     शनिदेव की प्रतिमा सूर्यदेव को निगलने वाली छवि में भक्तों को दर्शन देती है। खास बात यह है कि शनिदेव की सीधी दृष्टि भक्तों पर न पड़े। इसलिए शनिदेव की प्रतिमा में आंख साइड में हैं जिससे शनिदेव के दर्शन करने पर भक्तों पर सीधी दृष्टि नहीं पड़ती है। हाथी पर विराजमान शनिदेव की छवि इस मंदिर में नरसिंह भगवान के रूप में दिखती है।
   भगवान शनिदेव का इस मंदिर में चांदी से श्रंगार किया जाता है। इस लिए शनिदेव की प्रतिमा काले रंग की न होकर सफेद रंग लिये हुये है। सामान्यत: शनिदेव पर सरसों का तेल चढ़ाया जाता है लेकिन यहां शनिदेव की मुख्य प्रतिमा पर तेल चढ़ाने की परम्परा नहीं है बल्कि सरसों का तेल चढ़ाने के लिए मंदिर परिसर में ही अष्टधातु की एक अन्य प्रतिमा स्थापित है।
     पौराणिक मान्यता है कि शनिदेव के दर्शन करने व कष्टों के निवारण की प्रार्थना करने से भक्तों-श्रद्धालुओं के कष्टों का निवारण हो जाता है। भक्तों-श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनायें पूर्ण होती हैं आैर भक्त शनिदेव का गुणगान करते हुये जाते हैं।
24.564400,73.773800

Monday, 26 February 2018

जंगमबाड़ी मठ: शिवलिंग स्थापना की परम्परा

   विधि-विधान एवं परम्पराओं का कहीं कोई अंत नहीं। देश-विदेश में सनातन धर्म की व्यवस्थाओं से लबरेज मठ-मंदिरों की एक लम्बी श्रंखला है। मठ-मंदिरों की अपनी मान्यतायें एवं परम्परायें हैं।

   देश-दुनिया की धार्मिक राजधानी में शुमार काशी भी अपने आगोश में मान्यताओं एवं परम्पराओं से ओत-प्रोत मठ-मंदिरों की लम्बी कड़ी समेटे है। काशी में दक्षिण भारतीय परम्पराओं का एक मठ-मंदिर अपनी विशिष्टताओं एवं खासियत के कारण देश में अलग ही जाना-पहचाना जाता है। इसे जंगमबाड़ी मठ के रूप में जाना जाता है।

   जंगमबाड़ी मठ काशी के प्राचीन मठों में से एक है। जंगम का अर्थ शिव को जानने वाला आैर बाडी का अर्थ रहने के स्थान से होता है। करीब पचास हजार वर्ग फुट में फैले जंगमबाड़ी मठ में विचित्र एवं अलग परम्परा है। मान्यताओं व परम्पराओं के अनुसार धर्मावलम्बी-श्रद्धालु जंगमबाड़ी मठ में शिवलिंगों की स्थापना करते हैं।

     धर्मावलम्बी एवं श्रद्धालु अपने पूर्वजों व निकट संबंधी की मृत्यु पश्चात उनकी आत्मा शांति के लिए जंगमबाड़ी मठ में शिवलिंग की स्थापना करते हैं। आत्मा की शांति के लिए यहां पिण्डदान नहीं बल्कि शिवलिंग का दान होता है। दान स्वरुप शिवलिंग की यहां स्थापना की जाती है। यह जानकर विश्वास नहीं होगा कि इस मठ-मंदिर में हजार-पांच सौ नहीं बल्कि कई लाख शिवलिंग एक साथ विराजमान-स्थापित हैं।

      बताते हैं कि मृत व्यक्तियों की आत्मशांति एवं अकाल मृत्यु की आत्मशांति के लिए इस मठ-मंदिर में शिवलिंग स्थापित किये जाते हैं। सैकड़ो वर्षों से अनवरत प्रचलित इस परम्परा में अब तक दस से पन्द्रह लाख शिवलिंग एक ही स्थल पर स्थापित हो चुके हैं। शिवलिंग की स्थापना में हिन्दू रीति-रिवाज एवं परम्पराओं का पालन पूरी तरह से किया जाता है।

    शिवलिंग की स्थापना में पिण्डदान के सभी विधि-विधान अपनाये जाते हैं। शिवलिंग की स्थापना पर वैदिक मंत्रोचारण से मठ-मंदिर क्षेत्र अनुगूंजित हो उठता है। प्रति वर्ष हजारों की तादाद में शिवलिंग की स्थापना होती है। वर्षों पहले स्थापित शिवलिंग क्षतिग्रस्त व जीर्ण-शीर्ण भी होते हैं। इन क्षतिग्रस्त एवं जीर्ण-शीर्ण शिवलिंग को मठ-मंदिर में ही अन्य स्थान पर सम्मानजनक तौर-तरीके से सुरक्षित रख दिया जाता है।

     जंगमबाड़ी मठ खास तौर से दक्षिण भारतीय परम्पराओं-मान्यताओं से ओत-प्रोत दिखता है। धर्म-परम्पराओं-मान्यताओं के जानकार बताते हैं कि जिस प्रकार पूर्वजों की आत्मशांति एवं मुक्ति के लिए पिण्डदान किया जाता है, उसी प्रकार वीरशैव सम्प्रदाय में पूर्वजों की आत्मशांति एवं मुक्ति के लिए शिवलिंग दान की परम्परा है। इसी परम्परा के अनुसार काशी के जंगमबाड़ी मठ में शिवलिंग की स्थापना की परम्परा है।
25.306709,83.005560

Sunday, 25 February 2018

कैंची धाम: करोड़ों दिलों की आस्था व विश्वास

     देव भूमि भारत अपने आध्यात्मिक एवं धार्मिक परम्पराओं-मान्यताओं से हमेशा विश्व के शिखर पर रहा। शायद यही कारण है कि दुनिया के असंख्य ख्याति प्राप्त एवं लब्ध प्रतिष्ठ व्यक्तित्व भारत भूमि को श्रद्धा से नमन करते हैं... नतमस्तक होते हैं।

   बात चाहे अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की हो या बॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया राबर्टस या फिर फेसबुक संस्थापक मार्क जुकरबर्ग की हो... देव भूमि भारत के कण-तृण पर नतमस्तक हुए।
    हिमालय की गोद में रचा-बसा उत्तराखण्ड अपनी आब-ओ-हवा के साथ-साथ सौन्दर्य से देश-विदेश के लाखों-करोड़ों सैलानियों-पर्यटकों को अभिभूत करता है तो उत्तराखण्ड का देवत्व देश विदेश के लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं-धर्मभीरुओं को नतमस्तक करता है।
     उत्तराखण्ड का नैनीताल एक बार फिर राष्ट्रीय-अन्र्तराष्ट्रीय क्षितिज पर अपनी विशिष्ट खूबियों के साथ अवलोकित हो रहा है। नैनीताल स्थित शक्ति देव हनुमान जी के मंदिर 'कैंची धाम" ने देश-विदेश के हजारों-लाखों श्रद्धालुओं को 'आम से खास" बना दिया। 'नीम करौली बाबा" व 'नीब करौरी बाबा" के नाम से जाना-पहचाने जाने वाला 'कैंची धाम" देश विदेश के आम व खास की श्रद्धा, आस्था व विश्वास का केन्द्र है।
    उत्तराखण्ड के नैनीताल-अलमोड़ा मुख्य मार्ग पर करीब चौदह सौ मीटर की ऊंचाई पर स्थित 'कैंची धाम" अपनी विशिष्टता के कारण विश्व क्षितिज पर खास तौर से पहचान रखता है। देव व संतों की भूमि उत्तराखण्ड में नैनीताल-अल्मोड़ा रोड़ पर इस भव्य-दिव्य 'कैंची धाम" का निर्माण-स्थापना लक्ष्मी नारायण शर्मा ने वर्ष 1962-1964 के आसपास कराया था। 
   शिप्रा नदी के किनारे स्थित 'कैंची धाम" की दिव्यता-भव्यता पर विश्व के श्रद्धाालु-पर्यटक नतमस्तक हुये। कैंची धाम नैनीताल-अल्मोड़ा रोड के दो बड़े घुमावदार मोड़ पर स्थित है। इस मोड़ की बनावट कैंची के आकार की है। शायद इसी कारण इस दिव्य-भव्य स्थान का नाम 'कैंची धाम" पड़ा। नीब करौरी बाबा का यह 'कैंची धाम" सिलीकॉन वैली से लेकर दुनिया की सुर्खियों में है।
    मनहि मन कीन्ह प्रणाम.... अमेरिका के राष्ट्रपति बराक  ओबामा भले ही उत्तराखण्ड न आये हों लेकिन उनकी मनोभावना शायद यही रहती हैं क्योंकि बताते हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी जेब में हमेशा हनुमान जी की एक छोटी प्रतिमा रखते हैं। नीब करौली बाबा के इस 'कैंची धाम" में नतमस्तक होने वालों में देश-दुनिया की हस्तियों की एक लम्बी व बड़ी श्रंखला है।
     बात चाहे दुनिया को बेहतरीन आई फोन देने वाली एप्पल कम्पनी के सर्वेसर्वा एवं संस्थापक स्टीव जॅाब्स हों या फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग हों या फिर हॉलीबुड अभिनेत्री जूलिया राबर्टस हों.... सभी 'कैंची धाम" में श्रद्धानवत हुये। नैनीताल से करीब अड़तीस किलोमीटर फासले पर स्थित 'कैंची धाम" के नीब करोरी बाबा के आशीर्वाद ने लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की तकदीर बदल दी।
    हालांकि देव भूमि उत्तराखण्ड दिव्य-भव्य मंदिरों व आश्रम की श्रंखला से लबरेज है। इसे विशिष्टता ही कहा जायेगा कि 'कैंची धाम" देश-दुनिया में अलग ही जाना जाने लगा। अगाध श्रद्धा, पूर्ण विश्वास व आस्था से लबरेज श्रद्धालुओं के आने जाने का सिलसिला अनवरत बना रहता है। फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग संकट के दौर से गुजर रहे थे तो उनको एप्पल कम्पनी के सीईओ स्टीव जॉब्स ने कैंची धाम दर्शन का सुझाव दिया था।
  फेसबुक संस्थापक मार्क जुकरबर्ग भारत यात्रा पर आये आैर किसी तरह तलाशते हुये उत्तराखण्ड के 'कैंची धाम" दर्शन के लिए आये। इसके बाद तो फेसबुक व संस्थापक मार्क जुकरबर्ग की दुनिया व किस्मत ही बदल गयी। अमेरिका से करीब साढ़े आठ हजार किलोमीटर का सफर तय कर फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग 'कैंची धाम" आये तो फेसबुक बेहद आर्थिक संकट में था।
    मार्क जुकरबर्ग 'कैंची धाम" आये तो एक दिन के लिए थे लेकिन वह यहां दो दिन रुके। बताते हैं कि उत्तर प्रदेश के अकबरपुर गांव के निवासी लक्ष्मी नारायण शर्मा वर्ष 1942 के आसपास नैनीताल आये थे। बताते हैं कि बाबा यहां आने पर नीब  करौरी गांव में ठहरे थे। शायद इसी कारण बाबा नीब करौरी बाबा के नाम से विख्यात हुये। बाबा नीब करौरी को शक्तिदेव हनुमान जी का अवतार माना जाता है।
    बताते हैं कि 17 वर्ष की अल्प आयु में ही बाबा को ज्ञान की प्राप्त हो गया था।  संत ह्मदय-संत पुरुष लक्ष्मी नारायण शर्मा बाद में नीम करौली बाबा या नीब करौरी बाबा के रुप में ख्याति प्राप्त हुये। शंकर दयाल शर्मा भी बाबा के आशीर्वाद से देश के राष्ट्रपति हुए। बताते हैं कि बाबा नीब करौरी को दिव्य शक्तियां हासिल थीं। बाबा ने आशीर्वाद में जिसे जो कुछ दिया या कहा वह ब्राह्म वाक्य हो जाता था।
     बाबा का यह आशीर्वाद भक्त को निश्चित रुप से फलीभूत हुआ। हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया राबर्टस तो इतना अधिक प्रभावित हुयीं कि उन्होंने हिन्दू धर्म को अंगीकार कर लिया। बताते हैं कि हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया राबर्टस न तो 'कैंची धाम" आश्रम आयीं आैेर न बाबा से मुलाकात हुयी लेकिन बाबा की छवि दर्शन से ही राबर्टस उनकी अनन्य भक्त हो गयीं। 
    फेसबुक के संस्थापक को सुझाव देने वाले एप्पल के सीईओ स्टीव जॉब्स वर्ष 1974 में कैंची धाम आये थे लेकिन नीब करौरी बाबा के दर्शन नहीं हो सके। कारण सितम्बर 1973 में बाबा नीब करोरी ने शरीर त्याग दिया था लेकिन बाबा के आशीर्वाद व 'कैंची धाम" के दर्शन ने स्टीव जॉब्स की दशा-दिशा बदल दी। स्टीव जाब्स एलाइनमेंट की खोज में भारत आये थे लेकिन उनको एलाइनमेंट तो नहीं मिला लेकिन एप्पल का खाका अवश्य मिल गया।
      यहीं से लौट कर स्टीव जॉब्स ने एप्पल को मूर्तरुप दिया। अमेरिका के जैफ्री कैगेल ड्रग्स का शिकार हो चुके थे। अवसाद-डिप्रेशन के दौर से गुजर रहे दुनिया के मशहूर रॉक बैंड मास्टर जैफ्री कैगेल आखिरकार वर्ष 1970 न्यूयार्क से भारत आ गये।यहां उनकी मुलाकात नीब करौली बाबा से हुयी। इसके बाद तो उनकी दुनिया ही बदल गयी।
    जैफ्री कैगेल रॉक बैंड छोड़ कर भजन-कीर्तन गाने लगे। बाद में जैफ्री ग्रैमी एवार्ड्स के लिए भी नामित हुए। उत्तर भारत में नीब करौरी बाबा चमत्कारी बाबा के रुप में भी जाने जाते रहे। बताते हैं कि बाबा नीब करौरी ने भले ही वर्ष 1973 में शरीर त्याग दिया हो लेकिन बाबा अभी भी अपने भक्तों-दीन-दुखियों को दर्शन देते रहते हैं। इसे चमत्कार ही कहा जायेगा कि बाबा एक साथ दो स्थानों पर अवतरित हो जाते हैं। बाबा के चमत्कारों का कहीं कोई अंत नहीं रहा।
     बताते हैं कि एक बार बाबा ने पानी के पहाड़ पर घी के दीपक जलवा दिये। एक बार भण्डारा में घी कमी महसूस की गयी तो श्रद्धालुओं ने बाबा को अवगत कराया तो उन्होंने नदी का जल कनस्तर (पीपा) में लाने को कहा। नदी का यह जल कड़ाही में जाते ही घी में तब्दील हो गया।  नैनीताल में 'कैंची धाम आश्रम" के अलावा बाबा ने देश में एक सौ आठ से अधिक मंदिर बनवाये या उनकी प्रेरणा से मंदिरों-आश्रमों का निर्माण हुआ। नैनीताल, ऋषिकेष, गुजरात, वृन्दावन, लखनऊ, शिमला व दिल्ली सहित देश के विभिन्न प्रांतों व शहरों में बाबा नीब करौरी के मंदिर व आश्रम स्थित हैं।
    यहां तक कि विदेशों में अमेरिका व जर्मनी सहित दुनिया के तमाम देशों में बाबा के मंदिर व आश्रम की एक लम्बी श्रंखला है। नैनीताल स्थित बाबा नीब करौरी के कैंची धाम आश्रम में अमेरिका, फ्रांस, लंदन सहित दुनिया के तमाम देशों के भक्तों के आने-जाने का सिलसिला अनवरत बना रहता है। 'कैंची धाम" में हनुमाान जी अलावा कई अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमायें प्राण प्रतिष्ठित हैं।
     'कैंची धाम" में बाबा नीब करौरी की प्रतिमा स्थापित है। प्रत्येक वर्ष 15 जून को 'कैंची धाम" स्थापना दिवस पर विशेष आयोजन होता है। जिसमें देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं का आना जाना होता है। बाबा अधिसंख्य छवियों-चित्रों में कम्बल में दिखते हैं। शायद इसी से श्रद्धालु-भक्त 'कैंची धाम" में बाबा को कम्बल चढ़ाते हैं। विध्ंयपर्वत श्रंखला में विंध्यांचल के अष्टभुजा पहाड़ी पर भी इस आध्यात्मिक गुरु का आश्रम है।
29.427016,79.510045

तारापीठ मंदिर: धार्मिक पर्यटन    शक्ति उपासना स्थल तारापीठ को अद्भुत एवं विलक्षण धार्मिक स्थल कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। ज...